नाखून भी बताते हैं शरीर में आयरन की कमी का संकेत, डॉक्टर से जानें कैसे पहचानें

आज के समय में कई लोग शरीर में आयरन की कमी से परेशान रहते हैं। इसके कारण अक्सर लोगों को थकान, कमजोरी, त्वचा के पीला पड़ने और बालों के झड़ने की समस्या होती है, लेकिन इसका असर कई बार नाखूनों पर भी नजर आ सकता है। ऐसे में आइए शरीर में आयरन की कमी का नाखूनों पर क्या असर होता है? इस बारे में Dr. Pooja Pillai, Consultant - Internal Medicine, Aster CMI Hospital, Bengaluru से जानें।
आयरन की कमी का नाखूनों पर क्या असर पड़ता है?
डॉ. पूजा के अनुसार, आयरन की कमी शरीर के कई हिस्सों को प्रभावित कर सकती है, जिनमें नाखून भी शामिल हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि हीमोग्लोबिन बनाने में आयरन एक अहम भूमिका निभाता है, जो शरीर के अलग-अलग टिश्यूज (tissues) तक ऑक्सीजन पहुंचाने का काम करता है। जब शरीर में आयरन की पर्याप्त मात्रा नहीं होती, तो ऑक्सीजन की आपूर्ति कम हो जाती है और टिश्यूज की सेहत में बदलाव आने लगते हैं, जो धीरे-धीरे नाखूनों पर भी दिखाई देने लगते हैं।
आयरन की कमी के नाखून से जुड़े लक्षण
डॉ. पूजा के अनुसार, आयरन की कमी से जुड़े नाखूनों के बदलावों में सबसे आम है कोइलोनिचिया (koilonychia), जिसे चम्मच के साइज के नाखून (spoon-shaped nails) भी कहा जाता है। इस स्थिति में-
- नाखून पतले और कमजोर हो जाते हैं।
- इनका साइज अंदर की तरफ धंस जाता है और किनारे ऊपर की ओर मुड़ जाते हैं, जिससे ये बिल्कुल चम्मच जैसे दिखने लगते हैं।
- कुछ मामलों में, नाखूनों पर धारियां (ridges) बन सकती हैं।
- वे असामान्य रूप से पीले पड़ सकते हैं या आसानी से टूट सकते हैं।
ये बदलाव आमतौर पर धीरे-धीरे आते हैं और तब ज्यादा साफ तौर पर दिखाई देते हैं, जब शरीर में लंबे समय से आयरन की कमी बनी हुई हो। इसके अलावा, आयरन की कमी नाखूनों की ग्रोथ और मजबूती को भी प्रभावित कर सकती है। कई बार लोगों के नाखून बढ़ने में ज्यादा समय ले रहे हैं, बार-बार टूट रहे हैं या अपनी नेचुरल चिकनाई खो चुके हैं।
इसे भी पढ़ें: महिलाओं में आयरन की कमी के ये 7 संकेत अक्सर हो जाते हैं नजरअंदाज
Image Credit: Magnific
आयरन की कमी के कारण
डॉ. पूजा बताती हैं, आयरन की कमी होने पर हर किसी के नाखूनों में ऐसे बदलाव दिखाई दें, यह जरूरी नहीं है। नाखूनों में ये असामान्यताएं अन्य पोषक तत्वों की कमी, बार-बार पानी और कैमिकल्स के संपर्क में आने, बढ़ती उम्र या कुछ खास मेडिकल स्थितियों के कारण भी हो सकती हैं।
आयरन की कमी के अन्य लक्षण
डॉ. पूजा बताती हैं, यह समझना जरूरी है कि सिर्फ नाखूनों में होने वाले बदलावों के आधार पर आयरन की कमी की पुष्टि नहीं की जा सकती। इसके कुछ अन्य लक्षण भी हो सकते हैं।
- लगातार थकान
- कमजोरी
- चक्कर आना
- सिरदर्द
- त्वचा का पीला पड़ना
- सांस फूलना
- बालों का झड़ना
साल 2025 में JAMA में प्रकाशित स्टडी रिव्यू के अनुसार, आयरन की कमी के कारण लोगों को कई परेशानियां होती हैं।
- थकान
- फिजिकल एक्टिविटी न कर पाना
- काम पर फोकस करने में परेशानी
- चिड़चिड़ापन
- डिप्रेशन
- पैरों में बेचैनी
- सांस फूलना या सांस लेने में परेशानी
- सिर चकराना या हल्का महसूस होना
- हार्ट फेलियर की स्थिति और गंभीर होना
इन लक्षणों की मौजूदगी और गंभीरता व्यक्ति की उम्र, अन्य बीमारियों (जैसे क्रोनिक किडनी डिजीज या हार्ट फेलियर), आयरन की कमी की गंभीरता और इसके बढ़ने की स्पीड पर निर्भर करती है।
इसके लिए ब्लड टेस्ट, खासतौर पर कंप्लीट ब्लड काउंट (CBC) और सीरम फेरिटिन टेस्ट, आयरन की कमी का पता लगाने और शरीर में आयरन के भंडार (iron stores) का आकलन करने में मदद कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: बिना सप्लीमेंट्स के शाकाहारी लोग कैसे पूरी करें आयरन की कमी? जानें एक्सपर्ट से
शरीर में आयरन की कमी को दूर करने के लिए क्या करें?
डॉ. पूजा के अनुसार, बैलेंस डाइट के जरिए शरीर में आयरन का पर्याप्त स्तर बनाए रखने से ओवरऑल हेल्थ को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है। इसके लिए आप हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें, बीन्स, खजूर, नट्स और आयरन से भरपूर नॉन वेज फूड्स को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं।
इसके अलावा, विटामिन सी से भरपूर चीजें, जैसे संतरा, आंवला और नींबू, पौधों से मिलने वाले आयरन को शरीर द्वारा बेहतर तरीके से सोखने (absorption) में मदद कर सकती हैं। अगर नाखूनों में लगातार बदलाव दिख रहे हैं, खासकर अगर वे चम्मच के साइज के हो गए हैं, तो इसे सिर्फ एक कॉस्मेटिक समस्या न मानें, बल्कि अन्य लक्षणों के साथ इसकी भी जांच करवानी चाहिए।
निष्कर्ष
आयरन की कमी से हीमोग्लोबिन के कम होने पर टिश्यूज तक ऑक्सीजन कम पहुंचती है, जिससे नाखून पतले, कमजोर, रूखे, धारियों वाले या पीले पड़ सकते हैं और लंबे समय में कोइलोनिचिया (चम्मच के आकार के नाखून) बन सकते हैं, हालांकि ये बदलाव अन्य पोषक तत्वों की कमी, कैमिकल्स या बीमारियों से भी संभव हैं। थकान, कमजोरी, चक्कर, पीली त्वचा, सांस फूलने या बालों के झड़ने जैसे लक्षणों के साथ दिखने पर CBC व सीरम फेरिटिन जांच कराएं। डाइट में हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें, बीन्स, खजूर, नट्स व आंवला-नींबू जैसे विटामिन सी सोर्स शामिल करें। ध्यान रहे, नाखूनों में लगातार बदलाव दिखने पर डॉक्टर से सलाह लें।
FAQ
आयरन की कमी से क्या होता है?
शरीर में आयरन की कमी होने पर व्यक्ति को थकान, कमजोरी, पीलापन, दिल की धड़कन तेज होने, चक्कर आने और हाथों-पैरों के ठंडे होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।नाखूनों से जुड़ी समस्या किन बीमारियों का संकेत हो सकती हैं?
फंगल इंफेक्शन, एनीमिया, डायबिटीज, लिवर से जुड़ी समस्या, किडनी की समस्या, ब्लड सर्कुलेशन की कमी और नाखूनों से जुड़ी समस्या होने पर व्यक्ति को नाखूनों से जुड़ी समस्या हो सकती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 27, 2026 16:06 IST
Published By : Priyanka Sharma
Reviewed By : Dr. Pooja Pillai