Fri Nov 27, 2026 | 04:21 PM IST

Medically Reviewed by Dr Sunil Kumar Prabhu , Consultant – Dermatology, Venereology & Aesthetic Medicine

सर्दियों में पैर-हाथ सूजकर नीले न पड़ जाएं, पहले ही जान लें चिलब्लेन्स (Chilblains) से कैसे बचें?

चिलब्लेन्स, जिसे आम भाषा में बिवाई या पैर-हाथ में पाला मारने कहते हैं, यह समस्या सर्दियों में बहुत से लोगों को परेशान करती है और मौसम के अंत तक बनी रहती है। आज हम डर्मेटोलॉजिस्ट से जानेंगे कि इस स्थिति से कैसे बच सकते हैं ताकि पूरी सर्दियां यह हमें परेशान न करे।  
सर्दियों में पैर-हाथ सूजकर नीले न पड़ जाएं, पहले ही जान लें चिलब्लेन्स (Chilblains) से कैसे बचें?
How to Prevent Chilblains

सर्दियां आने के साथ स्किन से जुड़ी समस्याएं बढ़ जाती हैं और इन्हीं में से एक समस्या है चिलब्लेन्स। दरअसल, इस दिक्कत को लोग लोकल भाषा में अलग-अलग नाम से बताते हैं जैस कि कुछ लोग इस पाला मारना कहते हैं, कुछ लोग इसे बेबाई कहते हैं। दरअसल, यह असर में स्किन में सूजन की वजह से होने वाली समस्या है जो कि तापमान में गिरावट के साथ हाथ-पैरों में ठंड लगने की वजह से होती है। दरअसल, यह देखा जाता है कि सर्दियों में आपके पैर और हाथ खुले रहते हैं और ठंड की वजह से चिलब्लेन्स के शिकार हो जाते हैं। ऐसे में Dr. Sunil Kumar Prabhu, Consultant – Dermatology, Aster RV Hospital, Bengalore ने बताया है कि आप इस समस्या से कैसे बच सकते हैं।

चिलब्लेन्स (Chilblains) से कैसे बचें?

डॉ. सुनील कहते हैं कि चिलब्लेन, जिन्हें 'पर्नियो' भी कहा जाता है, त्वचा की एक ऐसी सूजन संबंधी प्रतिक्रिया है, जो तब होती है जब त्वचा ठंडे और नमी वाले वातावरण के संपर्क में आती है। ये आमतौर पर हाथों की उंगलियों, पैरों की उंगलियों, कानों और नाक को प्रभावित करते हैं। तापमान में अचानक बदलाव के कारण त्वचा के नीचे मौजूद छोटी रक्त वाहिकाएं सिकुड़ सकती हैं और फिर तेजी से फैल सकती हैं, जिससे सूजन आ जाती है। इसके परिणामस्वरूप त्वचा पर रेडनेस. सूजन, खुजली, जलन और कभी-कभी दर्दनाक छाले भी हो सकते हैं। चिलब्लेन से बचने का सबसे अच्छा तरीका है कि शरीर का तापमान एक समान बनाए रखा जाए और त्वचा को अत्यधिक ठंड के संपर्क में आने से बचाया जाए। जिन लोगों को ठंड से ज्यादा परेशानी होती है या जिन्हें पहले भी चिलब्लेन हो चुका है, उन्हें सर्दियों के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए जैसे-

  1. हाथों और पैरों को गर्म और सूखा रखना इससे बचने के सबसे प्रभावी उपायों में से एक है।
  2. ठंड के मौसम में बाहर जाते समय इंसुलेटेड दस्ताने, गर्म मोजे और सही फिटिंग वाले जूते पहनें।
  3. बहुत तंग जूते या मोजे पहनने से बचें, क्योंकि ये ब्लड सर्कुलेशन को बाधित कर सकते हैं।
  4. तापमान में अचानक बदलाव से बचना भी उतना ही महत्वपूर्ण है क्योंकि सर्दी-गर्मी से भी चिलब्लेन्स की समस्या हो सकती है।
  5. अगर आपके हाथ या पैर ठंडे हो जाएं, तो उन्हें धीरे-धीरे गर्म करें, उन्हें सीधे हीटर के सामने न रखें, गर्म पानी का इस्तेमाल न करें और न ही उन्हें जोर-जोर से रगड़ें।
  6. घर के अंदर का वातावरण आरामदायक और गर्म रखें और पर्याप्त हवा आने-जाने (वेंटिलेशन) की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

नियमित शारीरिक गतिविधि भी ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाने में मदद कर सकती है। इसके अलावा, धूम्रपान से बचें, क्योंकि निकोटीन के कारण रक्त वाहिकाएं सिकुड़ जाती हैं, जिससे शरीर के बाहरी हिस्सों जैसे हाथ-पैर तक का ब्लड सर्कुलेशन कम हो सकता है।

Chilblains prevention tips

इसे भी पढ़ें: क्रीम लगाने पर भी बार-बार फटती हैं एड़ियां? इन वजहों पर ध्यान दें

क्या है डॉक्टर का सुझाव

डॉ. सुनील कहते हैं कि एक डर्मेटोलॉजिस्ट के नजरिए से, बचाव का मतलब है त्वचा को स्वस्थ रखना और शुरुआती चेतावनी के संकेतों को पहचानना। त्वचा को नियमित रूप से मॉइस्चराइज करने से रूखापन और दरारें आने से रोका जा सकता है, खासकर सर्दियों के मौसम में। ठंडे और नमी वाले वातावरण में ज्यादा देर तक रहने से बचें और गीले कपड़े या जूते तुरंत बदल लें।

साल 2022 में Oxford Rheumatology Journal में प्रकाशित यह स्टडी बताती है कि शुरुआती चिल्ब्लेन्स (primary chilblains) पर किए गए अध्ययनों से पता चलता है कि टॉपिकल कॉर्टिकोस्टेरॉइड्स (topical corticosteroids) और निफेडिपिन (nifedipine) की तुलना में पेंटॉक्सीफिलिन (pentoxifylline) और टैडालाफिल (tadalafil)ज्यादा अच्छी दवाई है।

इसे भी पढ़ें: फटी एड़ियों को रात-भर में ठीक कर देगा ग्लिसरीन का ये आसान नुस्खा, बस मिलाकर लगाएं ये 3 चीजें

निष्कर्ष:

अगर आपको लगातार चेहरे में रेडनेस, सूजन, खुजली या दर्दनाक घाव दिखाई दें, तो प्रभावित हिस्से को न खरोंचें और डॉक्टर से सलाह लें। अगर 'चिलब्लेन' बार-बार होती है, बहुत गंभीर है या लंबे समय तक बनी रहती है, तो यह किसी अंदरूनी बीमारी का संकेत हो सकता है, जैसे कि ऑटोइम्यून डिसऑर्डर या ब्लड सर्कुलेशन से जुड़ी समस्याएं। ऐसी स्थिति में आगे की जांच की जरूरत पड़ सकती है। समय रहते सही पहचान और उचित इलाज से त्वचा के खराब होने, संक्रमण और अल्सर जैसी जटिलताओं को रोका जा सकता है। चिलब्लेन से बचने का तरीका बहुत सरल है अपने शरीर के बाहरी अंगों जैसे हाथ-पैर को गर्म, सूखा और सुरक्षित रखें, और तापमान में अचानक होने वाले बदलावों से बचें।

FAQ

  • चिलब्लेन्स का इलाज क्या है?

    चिलब्लेन्स में आपको अपने पैरों पर गर्म सरसों का तेल लगाना चाहिए और अपने पैरों को गर्म करके रखना चाहिए। साथ ही त्वचा को हमेशा सूखा रखें।
  • बिवाई का घरेलू इलाज क्या है?

    बिवाई का घरेलू इलाज बेहद आसान है, जिसमें कि आपको अपने पैरों पर हल्दी को शहद में मिलाकर लगाना चाहिए। इसके अलावा आप गुनगुने पानी में नमक मिलाकर पैरों की सिकाई कर सकते हैं।

Read Next

क्या दांत टूटने से दिमाग की सेहत पर पड़ता है असर? जानें क्या है वैज्ञानिक तथ्य?

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Pallavi Kumari

चीफ सब-एडिटर

पल्लवी,  हेल्थ और लाइफस्टाइल पत्रकारिता में करीब 8 साल का अनुभव रखती हैं। शुरुआती कई सालों तक All India Radio में सक्रिय रहीं, फिर विभिन्न वेब पोर्ट्ल्स जैसे TheHealthsite, Indiatv और Jansatta के लिए हेल्थ, लाइफस्टाइल, धर्म, स्त्री विमर्श और साहित्य से जुड़े विषयों पर खूब लिखा और संपादन किया। फिलहाल ओनलीमायहेल्थ में चीफ सब एडिटर के पद पर रहते हुए ये हेल्थ और लाइफस्टाइल से जुड़े गंभीर विषयों को आमजन की सरल-सहज भाषा में परोसने का काम कर रही हैं। इन लेखों को विश्वसनीय और तथ्यपरक बनाने के लिए ये न सिर्फ विषयों पर गहन शोध करती हैं बल्कि, एक्सपर्ट्स और डॉक्टर्स से बात भी करती हैं। Editorial Policy: पल्लवी द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 27, 2026 15:49 IST

    Published By : Pallavi Kumari
    Reviewed By : Dr Sunil Kumar Prabhu