Fri Sep 11, 2026 | 07:30 PM IST

Medically Reviewed by Dr Himani Mavi , Consultant – Dermatology - Metro Hospital & Heart Institute, Noida

हार्मोनल या बैक्टीरिया एक्ने: कैसे पहचानें अपनी स्किन के दाने का असली कारण?

हार्मोनल और बैक्टीरियल एक्ने के बीच के अंतर समझना बहुत जरूरी है। एक्ने अक्सर चेहरे पर तेल, डेड स्किन सेल्स और हार्मोनल बदलावों के कारण होते हैं। एक्ने के प्रकार को समझने के लिए उसके स्थान, समय, पैटर्न और लक्षणों पर ध्यान देना जरूरी है।

चेहरे पर होने वाले एक्ने को देखकर अक्सर लगता है कि हर एक्ने का कारण बैक्टीरिया ही है। हालांकि, एक्ने वास्तव में कई कारणों से होने वाली स्किन की समस्या है। चेहरे पर ज्यादा ऑयल, डेड स्किन सेल्स से पोर्स का बंद होना, सूजन, स्किन पर मौजूद बैक्टीरिया और हार्मोनल बदलाव ये सभी एक्ने का कारण बन सकते हैं। इसलिए, हार्मोनल एक्ने और बैक्टीरियल एक्ने को पूरी तरह अलग बीमारियां समझना सही नहीं है। आम एक्ने में बैक्टीरिया भी भूमिका निभाते हैं, जबकि हार्मोनल बदलाव तेल बनने और पोर्स बंद होने की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकते हैं। ऐसे में आइए Dr. Himani Mavi, Consultant- Dermatology, Metro Hospital & Heart Institute, Noida से जानते हैं हार्मोनल और बैक्टीरियल एक्ने में अंतर के बारे में।

हार्मोनल एक्ने क्या है?

Dr. Himani Mavi कहती हैं कि हार्मोनल एक्ने वह मुंहासे है, जिसमें हार्मोनल उतार-चढ़ाव होते हैं। एंड्रोजन जैसे हार्मोन स्किन के ऑयल ग्लैंड्स को ज्यादा एक्टिव कर सकते हैं। इससे सीबम यानी स्किन का नेचुरल ऑयल बढ़ता है और पोर्स बंद होने की संभावना बढ़ जाती है। टीनएज में हार्मोनल बदलाव एक्ने का नॉर्मल कारण हैं, लेकिन बड़ों में भी हार्मोनल एक्ने हो सकता है।

Cleveland Clinic के अनुसार, "हार्मोनल एक्ने, जिसे एडल्ट एक्ने भी कहा जाता है, 20 से 50 साल की उम्र के युवाओं को प्रभावित करता है।" महिलाओं में पीरियड साइकिल के आसपास बार-बार एक्ने निकलना हार्मोनल एक्ने का संकेत हो सकता है। खासकर, अगर यह मुंहासे ठोड़ी, जबड़े और चेहरे के निचले हिस्से में लगातार या बार-बार होते हैं, तो यह हार्मोनल एक्ने होता है।

हार्मोनल एक्ने की पहचान कैसे करें?

Dr. Himani Mavi के अनुसार, एक्ने शरीर में हार्मोन के लेवल में उतार-चढ़ाव या असंतुलन के कारण होते हैं। इसे सामान्य एक्ने से अलग पहचानना काफी आसान होता है, अगर आप इसके लक्षणों पर ध्यान दें-

  1. चेहरे के निचले हिस्से में होना: हार्मोनल एक्ने मुख्य रूप से चेहरे के निचले हिस्से यानी ठोड़ी, जबड़े की लाइन, गर्दन और गालों के नीचे हो सकते हैं।
  2. पीरियड साइकिल: महिलाओं में ये एक्ने अक्सर पीरियड्स शुरू होने से कुछ दिन पहले या उसी दौरान निकलते हैं। साइकिल पूरा होने के बाद ये अपने आप कम होने लगते हैं और हर महीने लगभग उसी समय दोबारा निकल आते हैं।
  3. गहरे और दर्दनाक सिस्ट: नॉर्मल पिंपल्स की तरह ये छोटे नहीं होते हैं। हार्मोनल एक्ने अक्सर स्किन के नीचे सख्त, बड़े, मवाद वाले और काफी दर्दनाक गांठों के रूप में उभरते हैं, जिनका सिरा आसानी से नहीं फूटता है।
  4. स्किनकेयर का असर न होना: महंगी क्रीम, फेस वॉश या नॉर्मल एंटी-एक्ने प्रोडक्ट्स से अगर ये ठीक नहीं हो रहे हैं और बार-बार उसी जगह पर दोबारा हो रहे हैं तो यह हार्मोनल गड़बड़ी का संकेत हो सकता है।
  5. तनाव या पीसीओएस के साथ होना: ज्यादा मानसिक तनाव, खान-पान से जुड़ी गड़बड़ी या पीसीओएस और पीसीओडी जैसी समस्याओं के दौरान हार्मोनल एक्ने बहुत ज्यादा एक्टिव हो जाते हैं।

Dr. Himani Mavi का कहना है कि अगर बड़े होने के बाद अचानक एक्ने निकलना शुरू हुआ है या पहले कंट्रोल हो चुका एक्ने बार-बार लौट रहा है तो हार्मोनल असंतुलन के कारण हो सकता है। अगर एक्ने के साथ अनियमित पीरियड्स, चेहरे पर असामान्य बालों की बढ़ोतरी या सिर के बाल पतले होने जैसे अन्य लक्षण भी हों तो डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी होता है, क्योंकि कभी-कभी ये हार्मोन से जुड़ी समस्याओं से जुड़ी हो सकती है।

इसे भी पढ़ें: 25 से 40 की उम्र में भी हो रहे हैं पिंपल्स? जानें एडल्ट एक्ने की असली वजह

बैक्टीरियल एक्ने क्या है?

Dr. Himani Mavi ने बताया कि नॉर्मल एक्ने को सिर्फ बैक्टीरियल इंफेक्शन कहना सही नहीं है। स्किन पर सामान्य रूप से रहने वाले क्यूटिबैक्टीरियम एक्ने जैसे बैक्टीरिया बंद पोर्स और ज्यादा तेल के वातावरण में सूजन के बढ़ने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। एक्ने में रोमछिद्र तेल और डेड स्किन सेल्स से बंद होते हैं और इसके बाद सूजन और बैक्टीरिया के कारण पिंपल, पस्ट्यूल, नोड्यूल या सिस्ट बढ़ सकते हैं।

साल 2022 में Asian Journal of Research in Dermatological Science में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, बैक्टीरियल एक्ने, जिसे एक्ने वल्गेरिस भी कहते हैं, त्वचा के पीलोसेबेशियस फॉलिकल से जुड़ी एक पुरानी सूजन की समस्या है। इस स्थिति में चेहरे पर मवाद वाले दाने और गांठदार सूजन वाले घाव हो जाते हैं।

hormonal-vs-bacterial-acne-inside

बैक्टीरिया के कारण होने वाले एक्ने के संकेत

Dr. Himani Mavi का कहना है कि जब बंद पोर्स में सूजन बढ़ती है, तो लाल और सूजे हुए पिंपल या पस वाले पस्ट्यूल दिखाई दे सकते हैं। इसके साथ में ब्लैकहेड्स और व्हाइटहेड्स भी हो सकते हैं। इसलिए, आप इन संकेतों से बैक्टीरियल एक्ने के बारे में पता लगा सकते हैं।

  1. रेडनेस और सूजन: दाने के आसपास की स्किन का ज्यादा लाल होना और सूज जाना है।
  2. तेज दर्द: दानों या फुंसियों को छूने पर तेज दर्द होने की समस्या हो सकती है, जो नॉर्मल एक्ने की तुलना में ज्यादा सेंसिटिव होते हैं।
  3. मवाद का भरना: पस्ट्यूल्स या सिस्ट का बनना भी बैक्टीरियल एक्ने का संकेत हो सकता है, जिसमें पीला या सफेद मवाद नजर आता है।
  4. त्वचा में गर्माहट महसूस होना: एक्ने से प्रभावित हिस्से की स्किन के आसपास की त्वचा ज्यादा गर्म महसूस हो सकती है।
  5. बड़ी और गहरी गांठें: स्किन के नीचे सख्त, बड़ी और दर्दनाक गांठें बन सकती है, जो लंबे समय तक बनी रहती हैं और ठीक होने के बाद गहरे निशान छोड़ सकती हैं।

हार्मोनल और बैक्टीरियल एक्ने में अंतर क्या है?

Dr. Himani Mavi के मुताबिक, हार्मोनल एक्ने में समय और स्थान का पैटर्न अहम संकेत दे सकता है। पीरियड्स के आसपास निचले चेहरे, ठोड़ी या जबड़े पर बार-बार होने वाले गहरे और दर्दनाक एक्ने हार्मोनल असंतुलन की ओर संकेत कर सकते हैं। वहीं दूसरी ओर, सामान्य सूजन वाले एक्ने में ब्लैकहेड्स, व्हाइटहेड्स, लाल पिंपल और पस्ट्यूल अलग-अलग स्थानों पर दिखाई दे सकते हैं।

दोनों एक्ने एक साथ भी हो सकते हैं। हार्मोनल बदलाव ज्यादा तेल का प्रोडक्शन बढ़ाकर पोर्स को बंद करने का कारण बन सकते हैं। इसके बाद बैक्टीरिया और सूजन एक्ने को और बढ़ा सकते हैं।

इसे भी पढ़ें: ज्यादा मीठा खाने से एक्ने क्यों निकलते हैं? डॉक्टर से जानें बचाव के उपाय

हार्मोनल और बैक्टीरियल एक्ने का इलाज

Dr. Himani Mavi कहती हैं कि एक्ने का इलाज उसके प्रकार और गंभीरता पर निर्भर करता है। ब्लैकहेड्स और व्हाइटहेड्स के लिए रेटिनॉइड जैसे ट्रीटमेंट पोर्स को खोलने में मदद कर सकते हैं, जबकि बेंजॉयल पेरॉक्साइड स्किन पर एक्ने से जुड़े बैक्टीरिया की मात्रा कम करने और सूजन कम करने में मदद करता है। एजेलिक एसिड और सैलिसिलिक एसिड भी कुछ लोगों में फायदेमंद साबित हो सकते हैं।

हार्मोनल एक्ने में, कुछ महिलाओं के लिए डॉक्टर गर्भनिरोधक गोलियां या स्पाइरोनोलैक्टोन जैसी हार्मोनल मेडिकल ट्रीटमेंट लेने के बारे में सोच सकते हैं। ये दवाएं हर व्यक्ति के लिए सही नहीं होती हैं और उन्हें डॉक्टर की सलाह के बिना शुरू नहीं करना चाहिए।

डर्मेटोलॉजिस्ट से कब मिलना चाहिए?

अगर एक्ने गहरे, बहुत दर्दनाक या बार-बार होने वाले हैं, निशान पड़ रहे हैं, कई महीनों से ट्रीटमेंट के बाद भी सुधार नहीं हो रहा या अचानक बड़ों में गंभीर एक्ने शुरू हुआ है तो डर्मेटोलॉजिस्ट से कंसल्ट करना जरूरी है। कुछ स्किन डिजीज भी एक्ने जैसे नजर आ सकते हैं, इसलिए सही तरह से एक्ने की पहचान करना जरूरी है।

निष्कर्ष
हार्मोनल और बैक्टीरियल एक्ने के बीच अंतर समझने का सबसे अच्छा तरीका सिर्फ पिंपल का रूप देखना नहीं है, बल्कि एक्ने का स्थान, समय, बार-बार होने का पैटर्न और इसके लक्षण देखना है। सबसे जरूरी बात यह है कि नॉर्मल एक्ने में हार्मोन, चेहरे पर ज्यादा ऑयल, बंद पोर्स, सूजन और बैक्टीरिया एक-दूसरे से जुड़े होते हैं। इसलिए, सही कारण और सही इलाज जानने के लिए डॉक्टर से कंसल्ट करना जरूरी है।
Image Credit: Freepik 

FAQ

  • हार्मोनल मुंहासे क्यों होते हैं?

    हार्मोनल एक्ने मुख्य रूप से शरीर में एंड्रोजन जैसे हार्मोन्स के असंतुलन या उतार-चढ़ाव के कारण होते हैं। यह असंतुलन स्किन की ग्रंथियों को ज्यादा सीबम बनाने के लिए बढ़ावा देता है, जिससे पोर्स बंद हो जाते हैं और बैक्टीरिया पनपने से एक्ने उभर आते हैं।
  • एक्ने खत्म करने के लिए क्या करें?

    एक्ने से राहत पाने के लिए चेहरे को दिन में दो बार माइल्ड क्लींजर से चेहरा धोएं और सैलिसिलिक एसिड या बेंजॉयल पेरॉक्साइड वाले प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करें। इसके अलावा, खूब पानी पिएं, संतुलित आहार लें और दानों को बार-बार छूने या फोड़ने से बचें।

Read Next

बारिश के मौसम में दाद, खाज, खुजली क्यों करती है परेशान? डॉक्टर से जानें 5 कारण

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

कात्यायनी तिवारी पिछले 6 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज चैनल से की और बाद में डिजिटल मीडिया में हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर काम करना शुरू किया। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं।वह महिला स्वास्थ्य, पोषण, आयुर्वेद, योग, स्किन हेल्थ और प्रेग्नेंसी जैसे विषयों पर लिखती हैं। उनका प्रयास रहता है कि ताजा रिसर्च, विशेषज्ञ डॉक्टरों की राय और प्रमाणित स्रोतों के आधार पर सही स्वास्थ्य जानकारी सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचे। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है।OnlyMyHealth से पहले वह Jantantra TV और Boldsky के साथ काम कर चुकी हैं।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Sep 03, 2026 13:29 IST

    Published By : Katyayani Tiwari
    Reviewed By : Dr Himani Mavi

Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content
Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content
Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content