हल्दी वाला दूध पीना भारत में लंबे समय से पी जाने वाली एक हेल्दी ड्रिंक है। इसे आमतौर पर सर्दी-जुकाम, थकान या शरीर तो आराम देने के लिए पिया जाता है। कुछ लोग हल्दी वाले दूध में थोड़ी सी मात्रा में घी भी मिलाते हैं। ऐसा माना जाता है कि दूध, हल्दी और घी का यह मिश्रण स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद होता है। मेवाड़ विश्वविद्यालय में प्रोफेसर एवं प्राकृतिक चिकित्सालय बापू नगर, जयपुर की वरिष्ठ चिकित्सक योग, प्राकृतिक चिकित्सा पोषण और आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. किरण गुप्ता कहती हैं कि हल्दी वाले दूध में देसी घी मिलाकर पीना एक पुराना आयुर्वेदिक नुस्खा है, जो स्वास्थ्य के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। आइए इस लेख में इसके बारे में विस्तार से जानते हैं
हल्दी और घी वाले दूध में क्या खास है?
डॉ. किरण गुप्ता का कहना है कि हल्दी में करक्यूमिन नामक एक कंपाउंड पाया जाता है, जिसमें एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। वहीं घी से हेल्दी फैट दूध से प्रोटीन, कैल्शियम और अन्य पोषक तत्व मिल सकते हैं। हल्दी में मौजूद करक्यूमिन शरीर में कम मात्रा में अवशोषित होता है। इसलिए, हल्दी वाले दूध में थोड़ा फैट शामिल करने से करक्यूमिन के अवशोषण में मदद मिल सकती है, जो सेहत के लिए कई तरह से फायदेमंद होता है।
दूध में हल्दी और घी मिलाकर पीने के फायदे
डॉ. किरण गुप्ता के अनुसार, हल्दी और घी वाला दूध पीना सेहत के लिए फायदेमंद होता है। गर्म दूध में थोड़ी-सी हल्दी और घी मिलाकर पीने से स्वाद के साथ सेहत के लिए भी लाभकारी होता है। इसलिए, इसे पीने से आपको ये फायदे मिल सकते हैं:
1. एंटीऑक्सीडेंट गुण
हल्दी में मौजूद करक्यूमिन एंटीऑक्सीडेंट गतिविधि से जुड़ा होता है। एंटीऑक्सीडेंट शरीर के सेल्स को ऑक्सीडेटिव तनाव से बचाने में मदद करते हैं। साल 2024 में Food and Humanity में प्रकाशित एक स्टडी के अनुसार, जब घी में करक्यूमिन मिलाया जाता है तो इसकी एंटीऑक्सीडेंट गतिविधि काफी ज्यादा बढ़ जाती है। एंटीऑक्सीडेंट शरीर के सेल्स को सुरक्षित रखने में मदद करते हैं।
2. शरीर की सूजन में लाभकारी
हल्दी में करक्यूमिन नाम का एक्टिव कंपाउंड पाया जाता है, जिसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं। नियमित और संतुलित डाइट के रूप में हल्दी का सेवन शरीर में ऑक्सीडेटिव तनाव और सूजन से जुड़े कुछ प्रक्रियाओं को प्रभावित कर सकता है।
इसे भी पढ़ें: क्या सच में गर्म दूध पीने से नींद जल्दी आती है? डॉक्टर से जानें
3. सर्दी-जुकाम में आराम
गर्म दूध गले को आराम देने में फायदेमंद हो सकता है। हल्दी का इस्तेमाल सर्दी-जुकाम के दौरान सेवन करने से गले में होने वाली असुविधा और खराश से राहत मिल सकती है।
4. पाचन में फायदेमंद
हल्दी में मौजूद करक्यूमिन घी के फैट के साथ लेने से शरीर में बेहतर तरीके से अवशोषित हो सकता है। इसलिए, दूध में थोड़ी मात्रा में घी मिलाना हल्दी के सेवन का एक बेहतर तरीका है।
5. हड्डियों और मांसपेशियों के लिए
दूध कैल्शियम और प्रोटीन से भरपूर होता है, जो हड्डियों और मांसपेशियों के स्वास्थ्य के लिए बहुत जरूरी पोषक तत्व हैं। अगर किसी व्यक्ति की डाइट में कैल्शियम की कमी है तो रात में हल्दी और घी वाला दूध का सेवन करना उसके लिए फायदेमंद हो सकता है।
turmeric-milk-with-ghee-inside
हल्दी वाला दूध घी के साथ कैसे बनाएं?
डॉ. किरण गुप्ता बताती हैं कि हल्दी और घी वाला दूध बनाना बहुत आसान है। इसके लिए:
सामग्री:
- दूध- 1 कप
- हल्दी पाउडर- ¼ से ½ चम्मच
- घी- ¼ चम्मच
- काली मिर्च- एक चुटकी (ऑप्शनल)
- मिठास के लिए थोड़ी मात्रा में शहद या गुड़
बनाने का तरीका:
सबसे पहले दूध को एक छोटे पैन में हल्का गर्म करें। इसमें हल्दी और घी डालकर अच्छी तरह मिला लें। अगर आप चाहें तो एक चुटकी काली मिर्च भी डाल सकते हैं। दूध के इस मिश्रण को धीमी आंच पर कुछ मिनट गर्म करें, लेकिन दूध को जरूरत से ज्यादा उबालने की जरूरत नहीं है। गैस बंद करने के बाद इसे कप में डालें और थोड़ा ठंडा होने दें। अगर आप इसकी मिठास बढ़ाना चाहते हैं तो शहद या गुड़ भी मिला सकते हैं।
हल्दी और घी वाला दूध कब और कैसे पीना चाहिए?
डॉ. किरण गुप्ता के अनुसार, हल्दी और घी वाला दूध रात में सोने से पहले या दिन के किसी ऐसे समय लिया जा सकता है, जब यह आपके लिए आरामदायक हो। इसे बहुत ज्यादा मात्रा में पीने की जरूरत नहीं है। अगर पहली बार इस दूध को पी रहे हैं तो कम मात्रा में इसकी शुरुआत करें और देखें कि आपका शरीर इसे कैसे सहन करता है। इसे खाली पेट लेना जरूरी नहीं है। अगर दूध पीने के बाद आपको गैस, ब्लोटिंग या अन्य परेशानी होती है तो इसे लेने से बचना चाहिए और डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
इसे भी पढ़ें: दूध पीने से पेट में होती है गड़बड़ी? शरीर में नजर आने वाले ये 6 लक्षण लैक्टोज इनटोलरेंस का हो सकते हैं संकेत
किन लोगों को सावधानी रखनी चाहिए?
घी वाला हल्दी दूध हर व्यक्ति के लिए फायदेमंद नहीं होता है। जिन लोगों को दूध से एलर्जी या लैक्टोज इनटॉलरेंस है, उन्हें सावधानी बरतनी चाहिए। इसी तरह, जिन लोगों को पित्ताशय से जुड़ी समस्या है, वे हल्दी या करक्यूमिन की ज्यादा मात्रा लेने से पहले डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। अगर आप नियमित रूप से कोई दवा लेते हैं या किसी बीमारी का इलाज चल रहा है तो हल्दी या करक्यूमिन के सप्लीमेंट लेने से पहले डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
निष्कर्ष
हल्दी वाले दूध में थोड़ी मात्रा में घी मिलाकर पीना स्वादिष्ट होने के साथ पौष्टिक भी होता है। हल्दी से करक्यूमिन जैसे पौधों के यौगिक, दूध से प्रोटीन और कैल्शियम तथा घी से वसा मिलती है। इसे संतुलित डाइट का हिस्सा बनाकर लिया जा सकता है, लेकिन इसके स्वास्थ्य फायदों के लिए इसे किसी बीमारी के इलाज के रूप में नहीं देखना चाहिए।
Image Credit: Freepik
FAQ
हल्दी वाला दूध कितने दिन तक पी सकते हैं?
सीमित मात्रा में हल्दी वाला दूध रोजाना रात को सोने से पहले लंबे समय तक पीना सुरक्षित और फायदेमंद माना जाता है।हल्दी वाला दूध गर्म होता है या ठंडा?
आयुर्वेद के अनुसार, हल्दी और गर्म दूध की प्रकृति गर्म होती है, जो शरीर को अंदर से गर्मी और राहत देती है। सर्दी-जुकाम, कफ और जोड़ों के दर्द में यह बहुत ज्यादा फायदेमंद होता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 03, 2026 11:47 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Kiran Gupta
