सर्दियों में कच्ची हल्दी कांजी पीने के मिलते हैं ये 6 फायदे, जानें रेसिपी

सर्दियों के मौसम में शरीर को हेल्दी रखने के लिए खान-पान में ऐसी चीजें शामिल करना जरूरी होता है, जो स्वादिष्ट होने के साथ पोषण से भी भरपूर हों। भारतीय रसोई में कच्ची हल्दी का इस्तेमाल लंबे समय से कई तरह के घरेलू नुस्खों किया जाता है। हालांकि, कच्ची हल्दी की कांजी का सेवन सर्दियों में सेहत के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। कांजी बनाने के दौरान फर्मेंटेशन की प्रक्रिया के कारण न सिर्फ इसका स्वाद बढ़ता है, बल्कि करक्यूमिन और नेचुरल कंपाउंड्स भी इसे खास बनाते हैं। आइए इस लेख में मेवाड़ विश्वविद्यालय में प्रोफेसर एवं प्राकृतिक चिकित्सालय बापू नगर, जयपुर की वरिष्ठ चिकित्सक योग, प्राकृतिक चिकित्सा पोषण और आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. किरण गुप्ता से जानते हैं कि कच्ची हल्दी कांजी पीने के क्या फायदे हैं?
कच्ची हल्दी की कांजी पीने के फायदे
साल 2023 में ACS Pharmacology & Translational Science में प्रकाशित एक स्टडी के अनुसार, करक्यूमिन में सूजन-रोधी, एंटीऑक्सीडेंट, रोगाणुरोधी, एंटी-डिप्रेशन, और घाव भरने वाले गुण मौजूद होते हैं। इसके सेवन से जोड़ों के दर्द से राहत, पाचन और आंतों के स्वास्थ्य में सुधार करने में मदद मिलती है।
डॉ. किरण गुप्ता के अनुसार, सर्दियों में कच्ची हल्दी की कांजी पीना सेहत के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है।
1. इम्यूनिटी को सपोर्ट करने में मददगार
कच्ची हल्दी में करक्यूमिन नामक नेचुरल कंपाउंड्स होते हैं, जिसमें एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। वहीं, फर्मेंटेड कांजी में बनने वाले कुछ हेल्दी बैक्टीरिया आंतों के स्वास्थ्य को बढ़ावा दे सकते हैं। इन दोनों का मिश्रण संतुलित खान-पान का हिस्सा बन सकता है और इम्यून सिस्टम भी मजबूत बनता है।
इसे भी पढ़ें: खाली पेट कच्ची हल्दी के साथ पिएं आंवला जूस, एक्सपर्ट से जानें फायदे
2. पाचन तंत्र के लिए फायदेमंद
कच्ची हल्दी की कांजी को पाचन क्रिया के लिए भी फायदेमंद माना जाता है। इसमें इस्तेमाल होने वाली सरसों और हल्दी का स्वाद पाचन क्रिया को बढ़ावा देता है। इसके अलावा, सही तरीके से फर्मेंट की गई कांजी में मौजूद गुड बैक्टीरिया आंतों के माइक्रोबायोम को सपोर्ट कर सकते हैं।
3. एंटीऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर
कच्ची हल्दी में मौजूद करक्यूमिन शरीर को ऑक्सीडेटिव तनाव से बचाने में अहम भूमिका निभाता है। ऑक्सीडेटिव तनाव शरीर के सेल्स को नुकसान पहुंचा सकता है। कांजी में इस्तेमाल होने वाली हल्दी और सरसों में भी कई नेचुरल एंटीऑक्सीडेंट होते हैं। इसलिए, कच्ची हल्दी की कांजी को संतुलित डाइट में शामिल करना अच्छा विकल्प हो सकता है।
4. आंतों की सेहत को रख सकती है बेहतर
कच्ची हल्दी की कांजी बनाने में फर्मेंटेशन की प्रक्रिया जरूरी होती है। इस दौरान नेचुरल बैक्टीरिया एक्टिव होते हैं और ड्रिंक में खट्टेपन को बढ़ाते हैं। सही तरीके से तैयार की गई फर्मेंटेड कांजी में लैक्टिक एसिड बैक्टीरिया हो सकते हैं। ये आंतों के माइक्रोबायोम को सपोर्ट करते हैं।
5. शरीर में सूजन कम करने में फायदेमंद
हल्दी में मौजूद करक्यूमिन सूजनरोधी गुणों से भरपूर होते हैं। यह शरीर में सूजन से जुड़ी कुछ प्रक्रियाओं को प्रभावित कर सकते हैं। कच्ची हल्दी की कांजी पीने से सूजन को कम करने में मदद मिल सकती है।
Raw Turmeric Kanji Benefit
6. सर्दियों में शरीर को ताजगी मिलती है
सर्दियों में कच्ची हल्दी की कांजी एक हल्का, चटपटा और स्वादिष्ट ड्रिंक का ऑप्शन हो सकता है। इसमें हल्दी और सरसों का तीखापन और फर्मेंटेशन से आया खट्टापन आपके टेस्ट को बेहतर रखने में मदद करता है। इसे आप खाने के साथ या दिन के समय थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पी सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: कच्ची हल्दी बनाम हल्दी पाउडर? स्किन के लिए क्या है बेहतर
घर पर कैसे बनाएं कच्ची हल्दी की कांजी?
डॉ. किरण गुप्ता बताती हैं कि कच्ची हल्दी की कांजी बनाना बहुत आसान है। इसे बनाने के लिए आपको सिर्फ कुछ चीजों की जरूरत है, जिनमें शामिल हैं-
सामग्री
- ताजी कच्ची हल्दी- 100 ग्राम
- पानी- 1 लीटर
- पीली या काली सरसों का पाउडर- 1 बड़ा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर- आधा छोटा चम्मच
- नमक- स्वादानुसार
- कांच का जार- 1
बनाने का तरीका
- कच्ची हल्दी की कांजी बनाने के लिए हल्दी को अच्छी तरह धोकर उसे छील लें।
- अब हल्दी को पतले-पतले टुकड़ों में काट लें या कद्दूकस कर लें
- एक साफ कांच के जार में उबला और पूरी तरह ठंडा किया हुआ पानी डालें।
- इसके बाद इसमें हल्दी, सरसों पाउडर, नमक और लाल मिर्च डालकर अच्छी तरह मिला दें।
- जार को साफ ढक्कन से ढक दें। फर्मेंटेशन के लिए इसे साफ और नॉर्मल तापमान वाली जगह पर रखें।
- आमतौर पर मौसम और तापमान के अनुसार 2 से 4 दिन में इसमें खट्टापन आ सकता है।
- रोजाना इसे साफ और सूखे चम्मच से चलाएं।
- जब कांजी में हल्का खट्टा स्वाद आ जाए तो इसे फ्रिज में रख दें और ठंडा करके पिएं।
निष्कर्ष
कच्ची हल्दी की कांजी सर्दियों में पी जाने वाली एक स्वादिष्ट फर्मेंटेड ड्रिंक है। इसमें मौजूद हल्दी के नेचुरल एंटीऑक्सीडेंट गुण और फर्मेंटेशन से विकसित होने वाले बैक्टीरिया इसे आपकी सेहत के लिए एक बेहतर विकल्प बनाते हैं। अगर आप सर्दियों में कुछ नया और पौष्टिक ट्राई करना चाहते हैं तो घर पर कच्ची हल्दी की कांजी जरूर बनाकर पिएं।
Image Credit: Freepik
FAQ
1 दिन में कांजी कितनी पीनी चाहिए?
एक दिन में 1 छोटा गिलास कांजी पीना सेहत के लिए फायदेमंद और सुरक्षित होता है। यह फर्मेंटेड होती है, इसलिए इसे बहुत ज्यादा मात्रा में पीने से पेट में गैस या पेट खराब होने की समस्या हो सकती है।कांजी पीने का सबसे अच्छा समय क्या है?
कांजी पीने का सबसे अच्छा समय दोपहर के खाने के साथ या खाना खाने के आधा घंटा बाद का माना जाता है। सुबह खाली पेट बहुत ठंडी या खट्टी कांजी पीने से बचना चाहिए, ताकि एसिडिटी या पेट में जलन की समस्या न हो।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 29, 2026 15:46 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Kiran Gupta