Sun Nov 8, 2026 | 10:10 PM IST

Medically Reviewed by Dr Shireen Furtado , Sr. Consultant – Medical & Cosmetic Dermatology

पतले बालों को घना दिखाने के लिए कौन सी हेयर केयर गलतियां न करें? डॉक्टर से जानें

पतले बालों को घना दिखाने के चक्कर में लोग अक्सर ऐसी गलतियां करते हैं, जो बालों को और कमजोर कर देती हैं। ऐसे में हैवी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल, अत्यधिक हीट स्टाइलिंग और टाइट हेयर स्टाइल जैसी आम गलतियों से बचने की सलाह दी है, ताकि बालों को घना और स्वस्थ रखा जा सके।
पतले बालों को घना दिखाने के लिए कौन सी हेयर केयर गलतियां न करें? डॉक्टर से जानेंपतले बालों को घना दिखाने के लिए कौन सी हेयर केयर गलतियां न करें? डॉक्टर से जानें

कई लोगों के बाल बहुत पतले होते हैं, जिनसे वे अक्सर परेशान रहते हैं। ऐसे में इन बालों को घना दिखाने के लिए अक्सर लोग कई तरह के हेयर केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं और कई गलत तरीकों को अपनाते हैं, जिनके कारण लोगों को बालों के झड़ने, टूटने और कई अन्य तरह की परेशानियां हो सकती हैं। आइए इस बारे में Dr. Shireen Furtado, Sr. Consultant - Medical & Cosmetic Dermatology, Aster CMI Hospital, Bengaluru से जानें।

पतले बालों को घना दिखाने वाली हेयर केयर से जुड़ी गलतियां

डॉ. शिरीन के अनुसार, पतले या महीन बालों वाले लोग अक्सर बालों में वॉल्यूम लाने के लिए अलग-अलग तरह के हेयर केयर प्रोडक्ट्स और स्टाइलिंग तकनीकों को आजमाते हैं। हालांकि, कुछ रोज के रूटीन की हेयर केयर से जुड़ी गलतियां बालों को सपाट, कमजोर और कम घना बना सकती हैं। महीन बालों और बालों के पतले होने के बीच का अंतर समझना भी जरूरी है।

बता दें, महीन (Fine hair) बालों का मतलब है कि बाल का एक-एक रेशा या स्ट्रैंड मोटाई में बहुत पतला है, जबकि बालों का पतला होना (Thinning hair) इस बात को दर्शाता है कि सिर पर बालों की कुल संख्या या घनत्व (density) कम हो गया है और स्कैल्प साफ दिखने लगा है। यानी, महीन बाल बालों की बनावट (texture) से जुड़े हैं और पतला होना बालों की मात्रा (volume) में कमी को बताता है।

1. हैवी प्रोडक्ट्स और स्टाइलिंग प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल

डॉ. शिरीन का कहना है, एक आम गलती है स्कैल्प पर सीधे हैवी कंडीशनर, तेल और स्टाइलिंग प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करना। ये प्रोडक्ट महीन बालों को भारी कर देते हैं, जिससे वे सपाट और चिपचिपे दिखाई देते हैं।

इसके बजाय, कंडीशनर मुख्य रूप से बालों के मध्य भाग और सिरों पर लगाना चाहिए, जबकि हल्के, वॉल्यूम बढ़ाने वाले प्रोडक्ट बालों को घना दिखाने में मदद कर सकते हैं।

इसे भी पढ़ें: बालों का अचानक झड़ना न करें नजरअंदाज, डॉक्टर से जानें 7 कारण

2. बालों को ज्यादा धोना

ज्यादा धोने या हार्ड शैंपू का इस्तेमाल करने से स्कैल्प और बालों से नेचुरल ऑयल निकल जाते हैं, जिससे रूखेपन और बालों के टूटने की समस्या हो सकती है। हालांकि, बालों को बिल्कुल न धोना भी सही नहीं है, क्योंकि एक्स्ट्रा ऑयल और हेयर प्रोडक्ट के जमाव से स्कैल्प का स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है।

बालों को कितनी बार धोना है, यह व्यक्ति की स्कैल्प के टाइप और बालों की बनावट पर निर्भर करता है।

hair care mistakes to avoid if you want to make thin hair look thicker 1hair care mistakes to avoid if you want to make thin hair look thicker 1

3. हीट स्टाइलिंग टूल्स का ज्यादा इस्तेमाल

अत्यधिक हीट स्टाइलिंग टूल्स का इस्तेमाल करना भी एक गलती है। स्ट्रेटनर, कर्लिंग आयरन और ब्लो ड्रायर का बार-बार अधिक तापमान पर इस्तेमाल करने से बालों की जड़ों को नुकसान पहुंच सकता है, जिससे बाल टूटने की संभावना बढ़ जाती है।

हीट प्रोटेक्टेंट का इस्तेमाल करने और मध्यम तापमान का चुनाव करने से नुकसान को कम करने में मदद मिल सकती है।

4. टाइट हेयर स्टाइल

टाइट हेयर स्टाइल, जैसे कि हाई पोनीटेल और कसकर बांधे गए बन, बालों की जड़ों पर लगातार तनाव डालते हैं। समय के साथ, यह ट्रैक्शन एलोपेसिया का कारण बन सकता है, जो बार-बार खींचने से होने वाली एक प्रकार की बाल झड़ने की बीमारी है।

इसे भी पढ़ें: 25 की उम्र में ही पुरुषों के बाल झड़ने क्यों लगते हैं? डॉक्टर से जानें गंजेपन के 5 कारण

5. जोर से बालों को ब्रश करना

जोर से ब्रश करना, खासकर जब बाल गीले हों, तो बालों का टूटना बढ़ सकता है। चौड़े दांतों वाली कंघी का इस्तेमाल करने और बालों को सिरों से ऊपर की ओर धीरे-धीरे सुलझाने से नुकसान को रोकने में मदद मिल सकती है।

क्या कहती है स्टडी?

साल 2025 में International Journal of Women's Dermatology में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, पतले और कमजोर बालों को टूटने से बचाने के लिए हमें अपनी रोज के रूटीन की कुछ आम आदतों में बदलाव करने की जरूरत होती है।

  • बालों पर बहुत तेज तापमान वाले स्ट्रेटनर या ब्लो-ड्रायर का इस्तेमाल करने से उनका प्रोटीन खत्म हो जाता है, इसलिए ड्रायर हमेशा 15 सेमी की दूरी पर रखें।
  • बालों को बहुत कसकर बांधने से ट्रैक्शन एलोपेसिया का खतरा बढ़ता है।
  • गीले बालों को तौलिए से जोर से रगड़ने से स्प्लिट एंड्स होते हैं।
  • बहुत तेजी से ब्रश करने से बाल ज्यादा झड़ते हैं।
  • बालों को बहुत कम धोने से स्कैल्प पर गंदगी व सीबम जम जाता है, जिससे इंफेक्शन हो सकता है।

डॉक्टर से सलाह कब लें?

डॉ. शिरीन का कहना है, जिन लोगों को बालों का पतला होना, अत्यधिक झड़ना या मांग का चौड़ा होना जैसी समस्या हो रही है, उनके लिए सिर्फ वॉल्यूमाइजिंग शैंपू पर निर्भर रहना समस्या का मूल कारण नहीं बन सकता है। इसके कई कारण हो सकते हैं।

  • पोषण की कमी
  • हार्मोनल में बदलाव आने
  • थायरॉइड की बीमारी और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं

ये समस्याएं बालों के झड़ने का कारण बन सकती हैं। ऐसे में डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लेने से असल कारण का पता लगाने और सही इलाज में मदद मिल सकती है।

निष्कर्ष

पतले बालों को घना दिखाने के चक्कर में लोग अक्सर ऐसी गलतियां कर देते हैं, जो बालों को और कमजोर कर देती हैं। स्कैल्प पर सीधे हैवी कंडीशनर या तेल लगाने, बालों को बहुत ज्यादा धोने, अत्यधिक तापमान पर हीट स्टाइलिंग टूल्स का इस्तेमाल करने, टाइट पोनीटेल बांधने और गीले बालों को जोर से ब्रश करने जैसी आदतें बालों को टूटने और सपाट दिखने का कारण बनती हैं।

इसके अलावा, पोषण की कमी, हार्मोनल बदलाव या थायरॉइड जैसी समस्याओं के कारण भी बाल पतले हो सकते हैं। अगर बाल बहुत ज्यादा झड़ रहे हों, तो सिर्फ वॉल्यूमाइजिंग प्रोडक्ट्स पर निर्भर रहने के बजाय किसी डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लेनी चाहिए।

All Images Credit- Freepik

FAQ

  • पतले बालों की समस्या क्यों होती हैं?

    जेनेटिक्स, हार्मोनल बदलाव, पोषक तत्वों की कमी, स्ट्रेस, स्कैल्प से जुड़ी समस्याएं होने, खराब लाइफस्टाइल, केमिकल प्रोडक्ट्स का अधिक इस्तेमाल करने, दवाइयों और बीमारियों जैसे कई कारणों से लोगों को पतले बालों की समस्या हो सकती है।
  • पतले बालों को हेल्दी रखने के लिए क्या करें?

    पतले बालों को स्वस्थ और हेल्दी बनाए रखने के लिए हल्के शैंपू का इस्तेमाल करें, सही तरीके से कंडीशनर लगाएं, गीले बालों की देखभाल करें, रेगुलर स्कैल्प मसाज करें, प्रोटीन, आयरन, बायोटिन और ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर फूड्स खाएं, हीट स्टाइलिंग कम करें, बालों को टाइट बांधने से बचें और केमिकल युक्त चीजों से बचें।

Read Next

→ क्या सच में अरंडी का तेल बालों को लंबा करता है? जानें एक्सपर्ट की राय

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Priyanka Sharma

Health & Lifestyle Journalist

प्रियंका शर्मा पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से 2 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सब एडिटर हैं। वह महिला स्वास्थ्य, पोषण, प्रेगनेंसी, स्किनकेयर, हेयरकेयर, आयुर्वेद, योग और हार्ट हेल्थ जैसे विषयों पर शोध आधारित लेख लिखती हैं और जटिल स्वास्थ्य जानकारी को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। लेख तैयार करते समय वह विशेषज्ञों की राय और भरोसेमंद मेडिकल स्रोतों का ध्यान रखती हैं। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह Grehlakshmi (महिला केंद्रित हिंदी पत्रिका) और Noida Khabar के साथ काम कर चुकी हैं। Editorial Policy: प्रियंका द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 08, 2026 21:25 IST

    Published By : Priyanka Sharma
    Reviewed By : Dr Shireen Furtado