क्या आपकी अक्ल दाढ़ (Wisdom Tooth) निकल चुकी है और अब समझ नहीं आ रहा कि क्या खाएं और किस चीज से कुछ दिनों तक दूरी बनाकर रखें? दांत निकलवाने के बाद मुंह में दर्द, सूजन और चबाने में परेशानी के कारण रोज का खाना भी मुश्किल लग सकता है। ऐसे समय में डाइट सिर्फ भूख मिटाने के लिए नहीं, बल्कि शरीर को रिकवरी के लिए जरूरी पोषण देने में भी अहम भूमिका निभाती है। देहरादून के कैलाश हॉस्पिटल के सीनियर कंसल्टेंट, डेंटल सर्जन डॉ. लोकेश बहादुर सिंह का कहना है कि अक्ल दाढ़ निकलवाने के बाद ऐसा भोजन चुनना जरूरी है जिसे ज्यादा चबाने की जरूरत न हो और जिससे घाव वाली जगह पर अनावश्यक दबाव न पड़े।
अक्ल दाढ़ निकलवाने के बाद क्या खाएं?
डेंटल सर्जन डॉ. लोकेश बहादुर सिंह सलाह देते हैं कि अक्ल दाढ़ निकलवाने के बाद शुरुआती दिनों में ऐसे फूड्स बेहतर रहते हैं जो नरम, आसानी से निगले जा सकें और ज्यादा चबाने की जरूरत न पड़े। डाइट में पर्याप्त प्रोटीन और कैलोरी लेना भी जरूरी है, ताकि शरीर को रिकवरी के लिए पोषण मिल सके।
पहले 24 घंटे क्या खाना बेहतर है?
अक्ल दाढ़ निकलवाने के तुरंत बाद मुंह में घाव होता है, इसलिए शुरुआत में नरम और ठंडे या सामान्य तापमान वाले फूड्स का सेवन करना बेहतर हो सकता है। बहुत गर्म भोजन और ड्रिंक से बचना चाहिए। इस दौरान दही, ठंडी या सामान्य तापमान की स्मूदी, प्यूरी किए हुए फल, नरम लगी हुई खिचड़ी या अच्छी तरह मैश किए हुए फूड्स अच्छे विकल्प हो सकते हैं। भोजन ऐसा रखें जिसे चबाने की जरूरत न पड़े।
दांत निकलवाने के बाद शरीर को टिश्यू की रिकवरी के लिए पर्याप्त पोषण की जरूरत होती है। इसलिए केवल जूस या लिक्विड चीजों पर कई दिनों तक निर्भर रहना सही नहीं है। दही, उबले अंडे, दाल और अन्य आसानी से खाए जा सकने वाले प्रोटीन सोर्स डाइट में शामिल किए जा सकते हैं। अगर किसी व्यक्ति को दूध या डेयरी से परेशानी होती है, तो उसके लिए दूसरे विकल्प चुने जा सकते हैं। रिकवरी के दौरान इन फूड्स का सेवन किया जा सकता है-
इसे भी पढ़ें: दांत के सड़ने पर रूट कैनाल की जरूरत कब पड़ती है? बता रहे हैं देहरादून के डॉ. लोकेश
- दही
- खिचड़ी
- दलिया
- अच्छी तरह पका हुआ ओट्स
- मैश किए हुए आलू
- अंडे
- दाल का पानी
- पकी और मैश की हुई सब्जियां
- केला या अन्य नरम फल
- सूप, लेकिन बहुत गर्म नहीं
साल 2021 में Oral and Maxillofacial Surgery में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, जर्मन भाषी क्षेत्रों में दांत की सर्जरी के बाद खाने-पीने की सलाह को लेकर काफी मतभेद हैं। आधे से ज्यादा डॉक्टरों का यह मानना कि सर्जरी के बाद दूध और डेयरी प्रोडक्ट्स का सेवन नहीं करना चाहिए, वैज्ञानिक रूप से सही नहीं है और इसका कोई ठोस आधार भी नहीं है। यह सलाह शायद पुराने समय के अनुभवों और मान्यताओं पर आधारित थी, जो आज के समय में दूध के पाश्चराइजेशन के बाद पूरी तरह से प्रासंगिक नहीं है।
इसे भी पढ़ें: 8 फूड्स जो बढ़ाते हैं दांतों की सेंसिटिविटी, डेंटिस्ट से जानें इनकी जगह क्या खाएं
हाइड्रेशन का रखें ध्यान
डेंटल सर्जन डॉ. लोकेश बहादुर सिंह सलाह देते हैं कि रिकवरी के दौरान पर्याप्त पानी पीना जरूरी है। पानी शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है। इसके अलावा फलों और सब्जियों का जूस भी पिया जा सकता है।
किन फूड्स से बचना चाहिए?
अक्ल दाढ़ निकलवाने के बाद कुछ चीजें घाव को परेशान कर सकती हैं। टाइट फल, कुरकुरे, मसालेदार या बहुत गर्म फूड्स से शुरुआती दिनों में बचना बेहतर है। चिप्स, नमकीन, टोस्ट, बिस्किट, नट्स और ऐसे फूड्स जिनके छोटे टुकड़े घाव में फंस सकते हैं, उनसे परहेज करना चाहिए। बहुत तीखा या खट्टा भोजन भी कुछ लोगों में जलन बढ़ा सकता है।

कब डॉक्टर से संपर्क करें?
डेंटल सर्जन डॉ. लोकेश बहादुर सिंह का कहवा है कि दांत निकलवाने के बाद कुछ दर्द और सूजन सामान्य हो सकती है, लेकिन अगर दर्द लगातार बढ़ रहा हो, तेज ब्लीडिंग हो, बुखार आए, चेहरे की सूजन ज्यादा बढ़े या मुंह से दुर्गंध के साथ तेज दर्द हो, तो डेंटिस्ट से संपर्क करना चाहिए।
निष्कर्ष
अक्ल दाढ़ निकलवाने के बाद शुरुआती दिनों में नरम, आसानी से निगले जाने वाले और पौष्टिक फूड्स खाना बेहतर रहता है। दही, खिचड़ी, दलिया, मैश किए हुए आलू, अंडे और दाल जैसे विकल्प डाइट में शामिल किए जा सकते हैं। बहुत गर्म, कठोर, कुरकुरे और मसालेदार फूड्स से बचना चाहिए। अगर दर्द, सूजन या ब्लीडिंग सामान्य से ज्यादा हो, तो डेंटिस्ट से सलाह लेना जरूरी है।
All Image Credit- magnific
FAQ
अक्ल दाढ़ निकलवाने के कितने घंटे बाद खाना खा सकते हैं?
यह प्रोसेस और डेंटिस्ट के निर्देश पर निर्भर करता है। आमतौर पर सुन्नपन कम होने के बाद सॉफ्ट लिक्विड डाइट शुरू की जा सकती है।क्या अक्ल दाढ़ निकलने के बाद चावल खा सकते हैं?
अच्छी तरह पके हुए सॉफ्ट गले हुए चावल आसानी से खाए जा सकते हैं। ध्यान रखें कि चावल के छोटे दाने घाव वाली जगह में न फंसें।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 11, 2026 17:24 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Lokesh Bahadur Singh