When Wisdom Tooth Removal Is Necessary: अकल दाढ़ (Wisdom Tooth) जबड़े में सबसे पीछे निकलने वाली दाढ़ होती है। जबड़े में पर्याप्त जगह न होने पर यह टेढ़ी निकल सकती है या मसूड़े और हड्डी में फंस सकती है। ऐसी स्थिति में दर्द, सूजन और इंफेक्शन की संभावना रहती है और अकल दाढ़ निकलवाने की जरूरत पड़ सकती है। हालांकि, हर अकल दाढ़ को निकलवाना जरूरी नहीं होता। अगर उसमें कोई समस्या नहीं है और आस-पास के दांतों और मसूड़ों को नुकसान नहीं पहुंच रहा है, तो डॉक्टर से निकालने की सलाह नहीं देते हैं। अगर बार-बार दर्द और सूजन हो, अकल दाढ़ फंस जाए, दांत में गहरी सड़न हो जाए, तो डॉक्टर उसे निकलवाने की सलाह दे सकते हैं। आइए जानते हैं इसे न निकलवाने पर क्या नुकसान हो सकते हैं और इसे निकलवाने पर किन बातों का ध्यान रखना चाहिए? बेहतर जानकारी के लिए हमने Dr. Suman Yadav, Dentist, Oral And Maxillofacial Surgeon At Numed Super Speciality Hospital, Greater Noida से बात की।
American Dental Association के मुताबिक, अकल दाढ़ आमतौर पर 17 से 21 साल की उम्र के बीच निकलती है। अगर अकल दाढ़ सही जगह पर नहीं निकलती है, तो उसके आस-पास खाना फंस सकता है। इससे दांतों में सड़न पैदा करने वाले बैक्टीरिया, कैविटी की वजह बन सकते हैं। अगर अकल दाढ़ मसूड़ों या जबड़े की हड्डी में फंसी रहती है, तो उसके ऊपर या आस-पास सिस्ट बन सकती है। इससे आस-पास के दांतों की जड़ों या दांतों को सहारा देने वाली हड्डी को नुकसान पहुंच सकता है।
विजडम टूथ न निकलवाने के नुकसान क्या हैं?
- विजडम टूथ या अकल दाढ़ में कैविटी हो सकती है।
- मसूड़ों में इंफेक्शन फैल सकता है जिससे तेज दर्द और सूजन हो सकती है।
- मसूड़ों और जबड़े की हड्डी को नुकसान पहुंच सकता है।
- सिस्ट बनने का खतरा भी रहता है।
- मुंह खोलने और चबाने में परेशानी हो सकती है।
दाढ़ निकलवाने की प्रक्रिया
when-it-is-necessary-to-remove-wisdom-tooth
- सबसे पहले दांत की स्थिति जानने के लिए एक्स-रे किया जाता है।
- दांत निकालने से पहले उस हिस्से को सुन्न किया जाता है।
- अगर दाढ़ पूरी तरह बाहर निकली हुई है, तो विशेष उपकरणों की मदद से उसे धीरे-धीरे ढीला करके निकाल दिया जाता है।
- अगर अकल दाढ़ मसूड़े या हड्डी में फंसी हुई है, तो मसूड़े में छोटा चीरा लगाना पड़ सकता है। जरूरत के अनुसार, थोड़ी हड्डी हटाई जाती है या दांत को छोटे टुकड़ों में बांटकर निकाला जाता है। इसके बाद टांके लगाए जा सकते हैं।
- दांत निकालने के बाद उस जगह पर ब्लड क्लॉट बनता है। यह घाव को भरने में मदद करता है, इसलिए इसे सुरक्षित रखना जरूरी है।
यह भी पढ़ें- अक्ल दाढ़ निकलवाने के बाद क्या खाएं और किससे बचे? डॉक्टर से जानें जल्दी रिकवरी के लिए सही फूड्स
दाढ़ निकलवाने के बाद रिकवरी में कितना समय लगता है?
दाढ़ निकलवाने के बाद, रिकवरी में 2 हफ्ते का समय लग सकता है। हालांकि जबड़े की हड्डी को पूरी तरह ठीक होने में 6 महीने तक का समय लग सकता है।
दाढ़ निकलवाने के बाद किन बातों का ध्यान रखें?
- पहले 24 घंटे कुल्ला करने से बचें। इससे दोबारा खून बहने या ड्राई सॉकेट होने का खतरा बढ़ता है।
- पहले कुछ दिनों में दही, नरम खिचड़ी, मैश किए हुए आलू जैसे खाद्य पदार्थ खा सकते हैं। बहुत गर्म, कठोर, कुरकुरे और तीखे भोजन से बचें। खाने को दूसरी तरफ से चबाकर खाएं।
- दाढ़ निकलवाने के कम से कम पहले 48 से 72 घंटे धूम्रपान और स्ट्रॉ से पेय पीने से बचें।
- दर्द में खुद से एंटीबायोटिक शुरू न करें और न ही निर्धारित दवा की खुराक बदलें।
- सर्जरी के बाद पहले 24 घंटे में ठंडी सिकाई से सूजन कम करने में मदद मिल सकती है।
- अगर ब्लड निकल रहा है, तो डॉक्टर की सलाह के मुताबिक, साफ गॉज को घाव पर रखकर लगातार लगभग 30 मिनट दबाव दें। बार-बार गॉज हटाकर देखने से बचें।
यह भी पढ़ें- क्या अक्ल दाढ़ आस-पास के दांतों को नुकसान पहुंचा सकती है? डेंटिस्ट से जानिए कब बढ़ता है खतरा
अकल दाढ़ में दर्द और सूजन के कारण
1. अकल दाढ़ में कैविटी
मुंह के सबसे पीछे होने के कारण अकल दाढ़ की सफाई करना मुश्किल हो सकता है। इससे उस पर प्लाक जमा होने और दांत में सड़न होने का खतरा बढ़ जाता है। कैविटी गहरी होने पर दर्द, ठंडा-गर्म लगना और कभी-कभी इंफेक्शन हो सकता है जिसके कारण दर्द और सूजन की समस्या हो सकती है।
2. मसूड़ों में सूजन
जब अकल दाढ़ आंशिक रूप से निकलती है, तो उसके ऊपर मसूड़े का कुछ हिस्सा ढका रह सकता है। इसके नीचे भोजन के कण और बैक्टीरिया फंसने से इंफेक्शन हो सकता है। इससे मसूड़ों में दर्द, रेडनेस, सूजन और मुंह खोलने में परेशानी हो सकती है।
3. दांत के लिए पर्याप्त जगह न होना
जब जबड़े में पर्याप्त जगह नहीं होती, तो अकल दाढ़ आस-पास के दांतों या मसूड़ों पर दबाव डाल सकती है। इससे दर्द, असहजता और मसूड़ों में सूजन हो सकती है।
इम्पैक्टेड विजडम टूथ
कभी-कभी अकल दाढ़ मसूड़े या जबड़े की हड्डी में फंस जाती है या टेढ़ी दिशा में निकलती है इसे इम्पैक्टेड विजडम टूथ (Impacted Wisdom Tooth) कहते हैं। ऐसी स्थिति में आस-पास के टिशूज में दर्द और सूजन हो सकती है। हालांकि, हर फंसी हुई अकल दाढ़ में लक्षण नहीं होते।
इम्पैक्टेड विजडम टूथ में सर्जरी कब होती है?
हर बार इम्पैक्टेड विजडम टूथ में सर्जरी की जरूरत नहीं होती है। कुछ खास स्थितियों में सर्जरी हो सकती है जैसे-
- सिस्ट या अन्य असामान्यता होने पर
- मवाद या फोड़ा बनने पर
- दांत में गहरी सड़न होने पर
- बार-बार मसूड़ों में सूजन और इंफेक्शन होने पर
डॉक्टर को तुरंत कब दिखाएं?
- अगर चेहरे या गर्दन में तेजी से सूजन बढ़ रही है
- बुखार है
- मुंह खोलने में बहुत परेशानी हो रही है या
- निगलने और सांस लेने में दिक्कत है, तो तुरंत डॉक्टर की मदद लें।
निष्कर्ष:
अगर बार-बार दर्द और सूजन हो, अकल दाढ़ फंस जाए, दांत में गहरी सड़न हो जाए, तो डॉक्टर उसे निकलवाने की सलाह दे सकते हैं। अकल दाढ़ को न निकलवाने से दाढ़ में कैविटी, मसूड़ों में इंफेक्शन,जबड़े की हड्डी को नुकसान, सिस्ट का खतरा, मुंह खोलने या चबाने में परेशानी हो सकती है, दर्द और सूजन बढ़ सकती है। दाढ़ निकलवाने की प्रक्रिया बेहद आसान है। इसे सुन्न करके निकाल दिया जाता है। दाढ़ हड्डी में फंसी होने पर सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है। दाढ़ निकलवाने के बाद रिकवरी में 2 हफ्ते का समय लग सकता है। अकल दाढ़ में दर्द और सूजन है, तो इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं जैसे अकल दाढ़ में कैविटी, मसूड़ों में सूजन, दांत के लिए पर्याप्त जगह न होना, इम्पैक्टेड विजडम टूथ वगैरह। इम्पैक्टेड विजडम टूथ में हमेशा सर्जरी की जरूरत नहीं होती है। सर्जरी की जरूरत सिस्ट या अन्य असामान्यता में, मवाद या फोड़ा बनने पर, दांत में गहरी सड़न होने पर और बार-बार मसूड़ों में सूजन और इंफेक्शन होने पर की जा सकती है। अगर चेहरे या गर्दन में सूजन हो, दांत में तेज दर्द हो, मुंह खोलने में परेशानी हो या सांस लेने में दिक्कत हो, तो डॉक्टर से संपर्क करें।
image credit: magnific
FAQ
अकल दाढ़ निकलने के लक्षण क्या हैं?
अकल दाढ़ निकलने पर कुछ लोगों को कोई परेशानी नहीं होती, जबकि कुछ लोगों को मसूड़ों में दर्द या सूजन हो सकती है, मुंह खोलने में परेशानी हो सकती है, भोजन चबाते समय दर्द हो सकता है।अकल दाढ़ निकलवाने में कितना समय लगता है?
सामान्य तरीके से अकल दाढ़ निकालने में लगभग 20 से 40 मिनट लग सकते हैं। वहीं, इम्पैक्टेड अकल दाढ़ की सर्जरी में 30 से 60 मिनट या उससे अधिक समय लग सकता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Oct 15, 2026 18:16 IST
Published By : Yashaswi Mathur
Reviewed By : Dr Suman Yadav
