अक्ल दाढ़ यानी विजडम टूथ मुंह में सबसे आखिर में निकलने वाला दांत है। कई लोगों में यह बिना किसी परेशानी के निकल जाती है, लेकिन जबड़े में जगह कम होने पर अक्ल दाढ़ टेढ़ी या आधी निकल सकती है। ऐसे में अक्सर सवाल उठता है कि क्या अक्ल दाढ़ अपने पास वाले दांत को भी नुकसान पहुंचा सकती है? देहरादून के कैलाश हॉस्पिटल के सीनियर कंसल्टेंट, डेंटल सर्जन डॉ. लोकेश बहादुर सिंह बताते हैं कि अक्ल दाढ़ की समस्या सिर्फ उसी दांत तक सीमित नहीं रहती। अगर दाढ़ गलत दिशा में बढ़ रही है या मसूड़े के अंदर फंसी हुई है, तो वह उसके आगे मौजूद दांत के काफी करीब आ सकती है।
क्या अक्ल दाढ़ आस-पास के दांतों को नुकसान पहुंचा सकती है?
डेंटल सर्जन डॉ. लोकेश बहादुर सिंह के अनुसार, जब अक्ल दाढ़ के लिए पर्याप्त जगह नहीं होती, तो वह सही दिशा में निकलने के बजाय आगे की ओर झुक सकती है। ऐसी अक्ल दाढ़ पास के दूसरे दांत पर दबाव डाल सकती है। कभी-कभी अक्ल दाढ़ और उसके आगे वाले दांत के बीच ऐसी जगह बन जाती है, जहां भोजन के कण आसानी से फंसने लगते हैं। इस हिस्से को साफ करना भी मुश्किल हो सकता है। लंबे समय तक ऐसा होने पर बैक्टीरिया जमा होने अक्ल दाढ़ में दर्द और दांतों में सड़न का जोखिम बढ़ सकता है।
- कुछ मामलों में टेढ़ी या फंसी हुई अक्ल दाढ़ पास के दांत की जड़ के बहुत करीब हो सकती है।
- लगातार दबाव या आस-पास की संरचनाओं में बदलाव के कारण पड़ोसी दांत प्रभावित हो सकता है।
- हालांकि, ऐसा हर व्यक्ति में नहीं होता। अक्ल दाढ़ की स्थिति और उसके आस-पास के दांतों पर प्रभाव का पता लगाने के लिए डेंटिस्ट जरूरत के अनुसार डेंटल एक्स-रे की सलाह दे सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: अक्ल दाढ़ का दर्द या मसूड़ों में इंफेक्शन? डेंटिस्ट से जानिए दोनों में कैसे पहचानें अंतर
क्या अक्ल दाढ़ से दूसरे दांत में कैविटी हो सकती है?
डेंटल सर्जन डॉ. लोकेश बहादुर सिंह का कहना है कि अक्ल दाढ़ के कारण दूसरे दांत में कैविटी हो सकती है।
- खासकर तब जब दोनों दांतों के बीच सफाई ठीक से न हो पाए।
- अक्ल दाढ़ के गलत दिशा पर निकलने से उसके और सामने वाले दांत के बीच भोजन फंस सकता है।
- अगर इस जगह पर लंबे समय तक प्लाक और बैक्टीरिया जमा रहते हैं, तो दोनों में से किसी एक दांत में केविटी यानी दांतों की सड़न का खतरा बढ़ सकता है।
- इसलिए अक्ल दाढ़ के आस-पास की सफाई को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
साल 2010 में BMJ Clinical Evidence में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, अक्ल दाढ़ के ठीक से न उग पाने के मुख्य कारण मुंह में जगह की कमी, कोई रुकावट या गलत स्थिति होना है। इससे जबड़े में तेज दर्द, सूजन और इंफेक्शन की समस्या हो सकती है, साथ ही यह आस-पास के हेल्दी दांतों और हड्डियों को भी नुकसान पहुंचा सकता है। आंकड़ों के अनुसार, यह समस्या बहुत आम है। उदाहरण के लिए, 20 से 30 वर्ष की आयु के लगभग 72% स्वीडिश लोगों में कम से कम एक अक्ल दाढ़ जबड़े के अंदर फंसी या रुकी हुई पाई जाती है।

इसे भी पढ़ें: अक्ल दाढ़ की वजह से सिरदर्द हो सकता है? डेंटिस्ट से जानिए
किन लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए?
- अगर अक्ल दाढ़ के आस-पास बार-बार दर्द या सूजन होती है, चबाने में परेशानी होती है या भोजन लगातार फंसता है, तो डेंटिस्ट से जांच करानी चाहिए। डेंटिस्ट स्थिति के अनुसार, अक्ल दाढ़ निकलवाने की सलाह दे सकते हैं।
- आस-पास के दांत में दर्द, मसूड़ों से पस, लगातार बदबू, चेहरे या जबड़े में सूजन और मुंह खोलने में परेशानी होने पर भी डेंटिस्ट से सलाह लेना जरूरी है।
- अगर चेहरे पर तेजी से बढ़ती सूजन, बुखार, निगलने या सांस लेने में परेशानी हो, तो यह गंभीर इंफेक्शन का संकेत हो सकता है और तुरंत डेंटिस्ट की सलाह की जरूरत होती है।
निष्कर्ष
कुछ स्थितियों में अक्ल दाढ़ आस-पास के दांतों को नुकसान पहुंचा सकती है, खासकर जब वह टेढ़ी, फंसी हुई या आधी निकली हो। इससे पड़ोसी दांत के पास भोजन फंसने, कैविटी, मसूड़ों के इंफेक्शन और कभी-कभी दांत की जड़ प्रभावित होने का जोखिम बढ़ सकता है। हालांकि, हर अक्ल दाढ़ समस्या पैदा नहीं करती। इसलिए दर्द या सूजन का इंतजार करने के बजाय नियमित डेंटल जांच कराना और अक्ल दाढ़ की स्थिति पर नजर रखना बेहतर है।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या अक्ल दाढ़ के पास बार-बार खाना फंसना सामान्य है?
आधी या टेढ़ी निकली अक्ल दाढ़ के आस-पास खाना फंसना हो सकता है लेकिन अगर यह लगातार हो रहा है, तो ज्यादा सफाई रखनी चाहिए ताकि कैविटी का खतरा न रहे।कैसे पता चलेगा कि अक्ल दाढ़ दूसरे दांत को नुकसान पहुंचा रही है?
डेंटल एक्स-रे से अक्ल दाढ़ की दिशा, उसकी स्थिति और आस-पास के दांतों के साथ उसके कनेक्शन को समझने में मदद मिल सकती है। कौन सा एक्स-रे जरूरी है, यह डेंटिस्ट तय करते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 17, 2026 11:52 IST
Modified By : Akanksha Tiwari Aug 17, 2026 11:52 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Lokesh Bahadur Singh