दिन में अक्ल दाढ़ का दर्द किसी तरह सहन हो जाता है, लेकिन जैसे ही रात में बिस्तर पर लेटते हैं, दर्द अचानक ज्यादा तेज क्यों महसूस होने लगता है? अगर आपके साथ भी ऐसा होता है कि अक्ल दाढ़ का दर्द रात में बढ़ जाता है और नींद तक टूट जाती है, तो आप अकेले नहीं हैं। देहरादून के कैलाश हॉस्पिटल के सीनियर कंसल्टेंट, डेंटल सर्जन डॉ. लोकेश बहादुर सिंह बताते हैं कि अक्ल दाढ़ के आसपास भोजन फंसने और बैक्टीरिया जमा होने से मसूड़ों में इंफेक्शन हो सकता है। अगर पहले से सूजन मौजूद है, तो रात में लेटने के बाद दर्द ज्यादा महसूस हो सकता है। वहीं दिनभर काम में बिजी रहने के कारण ध्यान दूसरी चीजों पर रहता है, लेकिन रात में शांत माहौल में दर्द ज्यादामहसूस हो सकता है।
रात में अक्ल दाढ़ का दर्द क्यों बढ़ जाता है?
डेंटल सर्जन डॉ. लोकेश बहादुर सिंह बताते हैं कि अगर अक्ल दाढ़ के आसपास पहले से सूजन या इंफेक्शन है, तो लेटने के बाद दर्द ज्यादा महसूस हो सकता है। इसके अलावा, रात में आसपास का वातावरण शांत होता है और हमारा ध्यान दर्द पर ज्यादा जाता है। दिनभर काम और दूसरी एक्टिविटीज में बिजी रहने के कारण जो अक्ल दाढ़ का दर्द कम महसूस होता है, वही रात में ज्यादा परेशान कर सकता है।
| कारण | प्रभाव |
| 1. फंसी हुई अक्ल दाढ़ | जब जबड़े में पर्याप्त जगह नहीं होती, तो अक्ल दाढ़ पूरी तरह बाहर नहीं निकल पाती। यह आसपास के मसूड़ों और दांतों पर दबाव डालती है। लेटने की स्थिति में इस दबाव के प्रति सेंसिटिविटी बढ़ जाती है, जिससे रात में हल्का या तेज दर्द महसूस होता है। |
| 2. मसूड़ों का इंफेक्शन | आधी निकली हुई दाढ़ के आसपास भोजन के कण और बैक्टीरिया फंस जाते हैं, जिससे मसूड़ों में इंफेक्शन और सूजन हो जाती है। इसे पेरिकोरोनिटिस कहते हैं। रात में लार का फ्लो कम होने और बैक्टीरियल एक्टिविटी बढ़ने से मसूड़ों की लालिमा, सूजन और बदबू जैसी समस्याएं और दर्द तेजा होता है। |
| 3. ब्लड फ्लो में बदलाव | जब हम रात में बिस्तर पर लेटते हैं, तो शरीर के ऊपरी हिस्से और सिर की तरफ ब्लड फ्लो बढ़ जाता है। इस बढ़े हुए दबाव के कारण मसूड़ों और दांत के प्रभावित हिस्से में नसों पर खिंचाव महसूस होता है, जिससे दर्द और बेचैनी अचानक बढ़ जाती है। |
| 4. रात में दांत पीसना | कुछ लोग नींद में अनजाने में दांतों को आपस में भींचते या पीसते हैं, जिसे ब्रुक्सिज्म कहते हैं। पहले से दर्द कर रही अक्ल दाढ़ पर जबड़े की मांसपेशियों का यह अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इससे सुबह उठने पर जबड़े में जकड़न, सिरदर्द और असहनीय दर्द की समस्या बढ़ जाती है। |
| 5. कम ध्यान भटकना | दिनभर इंसान अपने काम, ऑफिस और रोजमर्रा की एक्टिविटीज में बिजी रहता है, जिससे दिमाग का ध्यान दर्द से भटक जाता है। रात के शांत माहौल में किसी तरह की व्यस्तता न होने के कारण ध्यान पूरी तरह से शारीरिक तकलीफ पर फोकस हो जाता है, जिससे दर्द ज्यादा महसूस होता है। |
दाढ़ में बहुत तेज दर्द हो तो क्या करें?
साल 2016 में British Journal of General Practice में प्रकाशित जानकारी के अनुसार, अक्ल दाढ़ यानी विजडम टूथ के पास मसूड़ों में इंफेक्शन होना एक आम समस्या है। इसके शुरुआती और सामान्य मामलों में मरीज को साफ-सफाई रखने की सलाह दी जाती है, माउथवॉश, पेनकिलर और डेंटिस्ट के पास जाने को कहा जाता है।
हालांकि, यदि चेहरे पर सूजन, मुंह ठीक से न खुलना, तेज बुखार, निगलने या सांस लेने में परेशानी जैसे गंभीर लक्षण नजर आएं, तो यह इंफेक्शन फैलने का खतरा होता है। ऐसे में तुरंत डॉक्टर के पास जाना चाहिए ताकि समय पर दांत निकाला जा सके, पस को बाहर निकाला जा सके और एंटीबायोटिक दवाइयां दी जा सकें।

इसे भी पढ़ें: अक्ल दाढ़ की वजह से सिरदर्द हो सकता है? डेंटिस्ट से जानिए
सावधानी
डेंटल सर्जन डॉ. लोकेश बहादुर सिंह सलाह देते हैं कि दांतों और मसूड़ों की सफाई बनाए रखना जरूरी है, खासकर अक्ल दाढ़ के आसपास सफाई का खास ध्यान रखना चाहिए और इसके लिए रात में सोते समय जरूर ब्रश करें।
- बहुत कठोर या चिपचिपे भोजन से कुछ समय बचना भी मददगार हो सकता है।
- दर्द होने पर बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक शुरू नहीं करनी चाहिए।
- दर्द की दवा भी व्यक्ति की स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार डॉक्टर या डेंटिस्ट की सलाह से लेना बेहतर है।
कब तुरंत डेंटिस्ट को दिखाएं?
डॉ. लोकेश बहादुर सिंह कहते हैं कि अगर दर्द लगातार बढ़ रहा है, चेहरे या जबड़े में सूजन हो रही है, मसूड़ों से पस निकल रही है या मुंह खोलने में परेशानी हो रही है, तो डेंटिस्ट से जल्द जांच कराएं। बुखार, चेहरे की तेजी से बढ़ती सूजन, निगलने या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण गंभीर इंफेक्शन के संकेत हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत डेंटिस्ट से लेना जरूरी है।
इसे भी पढ़ें: अक्ल दाढ़ निकलवाने के बाद क्या खाएं और किससे बचे? डॉक्टर से जानें जल्दी रिकवरी के लिए सही फूड्स
निष्कर्ष
रात में अक्ल दाढ़ का दर्द बढ़ने के पीछे सूजन, इंफेक्शन, फंसी हुई अक्ल दाढ़, लेटने पर दबाव में बदलाव या दांत पीसने जैसी वजहें हो सकती हैं। कभी-कभी रात में शांत वातावरण के कारण दर्द ज्यादा महसूस होता है, लेकिन लगातार बढ़ता दर्द सामान्य मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। अगर दर्द बार-बार रात में नींद खराब कर रहा है या इसके साथ सूजन और बुखार जैसे लक्षण हैं, तो सही कारण जानने के लिए डेंटिस्ट से जांच कराना बेहतर है।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या ठंडा पानी पीने से अक्ल दाढ़ का दर्द बढ़ सकता है?
कुछ लोगों में ठंडे या बहुत गर्म फूड्स से दांत की सेंसिटिविटी बढ़ सकती है। अगर हर बार ऐसा होता है, तो डेंटिस्ट से कारण की जांच कराना बेहतर है।क्या अक्ल दाढ़ में कैविटी हो सकती है?
अक्ल दाढ़ में भी कैविटी हो सकती है। अगर दांत में सड़न या अंदरूनी हिस्से में समस्या है, तो दर्द खाने-पीने के समय ज्यादा महसूस हो सकता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 14, 2026 16:40 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Lokesh Bahadur Singh