मोरिंगा, जिसे सहजन के नाम से भी जाना जाता है एक सुपरफूड के रूप में भोजन में शामिल किया जाता है। मोरिंगा की पत्तियों में प्रोटीन, फाइबर, विटामिन और कई तरह के पॉलीफेनॉल जैसे पौधों से मिलने वाले एक्टिव कंपाउंड पाए जाते हैं। यही कारण है कि मोरिंगा पाउडर का सेवन लोग इसके फायदों को पाने के लिए करते हैं। खासकर डायबिटीज और प्री-डायबिटीज से पीड़ित लोगों में मोरिंगा खाने को लेकर कई तरह के सवाल रहते हैं। ऐसे में आइए हरियाणा के सिरसा स्थित रामहंस चैरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा से जानते हैं कि रोजाना मोरिंगा पाउडर खाने का ब्लड शुगर लेवल पर क्या असर पड़ता है?
मोरिंगा और ब्लड शुगर में कनेक्शन
मोरिंगा की पत्तियों में मौजूद कुछ बायोएक्टिव कंपाउंड शरीर में ग्लूकोज मेटाबॉलिज्म को प्रभावित कर सकते हैं। साल 2020 में Complementary Therapies in Medicine में प्रकाशित एक स्टडी में बताया गया है कि इंसानों पर किए गए 7 स्टडी में से 5 अध्ययनों में पाया गया कि मोरिंगा ने डायबिटीज के मरीजों में ब्लड शुगर के लेवल को काफी कम किया है। इंसानों पर हुए अध्ययनों में मोरिंगा को मुख्य रूप से पत्तियों के पाउडर के रूप में दिया गया था।
डॉ. श्रेय शर्मा के अनुसार, "मोरिंगा को एक बेहतरीन एंटी-लिपिडेमिक एजेंट माना जाता है, जो फैट मेटाबॉलिज्म पर काम करता है, खासकर उसे बढ़ाता है। फैट मेटाबॉलिज्म पर इसके असर के कारण, ब्लड शुगर लेवल पर भी इसका थोड़ा कम करने वाला असर होता है। मोरिंगा पाउडर कुछ हद तक ब्लड शुगर लेवल को कम करता है।"
डायबिटीज में रोज मोरिंगा पाउडर खाने के फायदे
डॉ. श्रेय शर्मा के अनुसार, मोरिंगा को संतुलित डाइट के हिस्से के रूप में लेने से कई तरह के फायदे हो सकते हैं:
- ब्लड शुगर कंट्रोल करता है: मोरिंगा पाउडर का सेवन करने के बाद ग्लूकोज लेवल में सुधार देखा गया है। प्री-डायबिटीज वाले लोगों के लिए भी सीमित मात्रा में मोरिंगा-पाउडर लेने से ब्लड शुगर को मैनेज करने में मदद मिल सकती है।
- मेटाबोलिक हेल्थ को सपोर्ट: मोरिंगा पाउडर में मौजूद पॉलीफेनॉल और अन्य प्लांट-बेस्ड कंपाउंड मेटाबोलिक स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हो सकते हैं।
- पोषक तत्वों से भरपूर: मोरिंगा की पत्तियां कई विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होती हैं, जो पाचन, ब्लड शुगर मैनेज करने और इम्यूनिटी बूस्ट करने में मदद करती हैं।
इसे भी पढ़ें: सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है हल्दी और मोरिंगा का काढ़ा, जानें पीने का तरीका
मोरिंगा पाउडर कितना और कैसे खाएं?
डॉ. श्रेय शर्मा बताते हैं कि मोरिंगा पाउडर की कोई एक तय डोज तय नहीं है, जिसे डायबिटीज के मरीजों के लिए सुरक्षित और प्रभावी माना जाए। इसे व्यक्ति डॉक्टर की सलाह पर अलग-अलग मात्रा और अलग तरीके से इस्तेमाल कर सकते हैं।
मोरिंगा पाउडर लेने की शुरुआत हमेशा कम मात्रा से करना बेहतर होता है। अगर आप भोजन के साथ ले रहे हैं तो थोड़ी मात्रा लेकर 1-2 दिन शरीर पर इसकी प्रतिक्रिया देखें। किसी तरह का साइड इफेक्ट होने पर इसे लेना बंद कर दें। इसके अलावा, आप इसे दही, सब्जी, सूप या बिना चीनी वाली स्मूदी में मिलाकर ले सकते हैं। अगर आप पहले से डायबिटीज की दवा या इंसुलिन लेते हैं, तो नियमित रूप से मोरिंगा लेना शुरू करने से पहले डॉक्टर या डाइटिशियन से सलाह लेना बेहतर है।
मोरिंगा लेते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
डॉ. श्रेय शर्मा का कहना है कि मोरिंगा डायबिटीज की दवा नहीं है। इसलिए, सिर्फ मोरिंगा पाउडर पर निर्भर रहने के बजाय डॉक्टर द्वारा दी गई दवा और सलाह दोनों मानना जरूरी है। मोरिंगा लेने के साथ ब्लड ग्लूकोज की नियमित निगरानी भी जरूरी है, खासकर अगर आप शुगर कम करने वाली दवाएं लेते हैं। इसके साथ ही, बाजार से पाउडर खरीदते समय उसकी क्वालिटी और स्वच्छता का ध्यान रखना भी जरूरी है। ज्यादा मात्रा में मोरिंगा पाउडर लेने से बचें और किसी भी तरह के लक्षण नजर आने पर इसे लेना बंद कर दें।
इसे भी पढ़ें: सहजन की फली का सूप सुपरफूड क्यों है? एक्सपर्ट से जानें
निष्कर्ष
मोरिंगा पाउडर कई पोषक तत्वों से भरपूर होता है। यह ब्लड शुगर लेवल और मेटाबोलिक हेल्थ में सुधार करने में मदद कर सकता है इसलिए, डायबिटीज के मरीज हेल्दी डाइट, शुगर की चीजों से परहेज करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ मोरिंगा को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। हालांकि, आप इसके साथ नियमित रूप से ब्लड शुगर लेवल की जांच करें और दवाएं लेना बंद न करें।
Image Credit: Freepik
FAQ
1 दिन में कितना मोरिंगा खाना चाहिए?
एक हेल्दी व्यक्ति को दिनभर में 1 से 2 चम्मच यानी लगभग 3 से 5 ग्राम मोरिंगा पाउडर या ताजे सहजन के पत्तों की एक कटोरी खानी चाहिए।मोरिंगा किसे नहीं लेना चाहिए?
मोरिंगा का सेवन कुछ खास स्वास्थ्य स्थितियों वाले लोगों को डॉक्टर की सलाह के बिना नहीं करना चाहिए। प्रेग्नेंट महिलाएं, लो ब्लड प्रेशर, ब्लड थिनर, थायराइड आदि स्वास्थ्य स्थितियों में मोरिंगा खाने से पहले डॉक्टर से कंसल्ट जरूर करें।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 10, 2026 16:37 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Shrey Sharma