लोगों का यह मानना है कि प्रेग्नेंसी में सेक्स करने से वजाइनल डिलीवरी की संभावना बढ़ती है। यही कारण है कि कपल प्रेग्नेंसी की आखिरी तिमाही में यौन संबंध स्थापित करते हैं। यही कारण है कि हर प्रेग्नेंट महिला को इसका सटीक जवाब पता होना चाहिए कि क्या वाकई प्रेग्नेंसी में संबंध बनाने से नॉर्मल डिलीवरी हो सकती है या इसके नकारात्मक प्रभाव भी देखने को मिल सकते हैं?
इस बारे में वृंदावन स्थित Mumma's Blessing IVF और Birthing Paradise की मेडिकल डायरेक्टर, गायनेकोलॉजिस्ट और IVF स्पेशलिस्ट डॉ. शोभा गुप्ता का कहना है, "प्रेग्नेंसी में सेक्स और नॉर्मल डिलीवरी का कोई सीधा कनेक्शन नहीं है। हालांकि, प्रेग्नेंसी में यौन संबंध बनाना सेफ होता है। विशेषकर, जिनकी लो-रिस्क प्रेग्नेंसी होती है। मगर आप यह नहीं कह सकते हैं कि प्रेग्नेंसी में सेक्स से नॉर्मल डिलीवरी की संभावना को काफी हद तक बढ़ाया जा सकता है।"
क्या प्रेग्नेंसी के दौरान सेक्स से नॉर्मल डिलीवरी की संभावना बढ़ती है?
Does Sex During Pregnancy Help In Normal Delivery
साल 2025 में Archives of Sexual Behavior में प्रकाशित वैज्ञानिक शोध से पता चलता है कि गर्भावस्था के दौरान यौन गतिविधि महिलाओं के पेल्विक एरिया की मांसपेशियों, तंत्रिकाओं और रिफ्लेक्सिस को प्रसव के लिए तैयार करने का काम करती है। यही नहीं, रिपोर्ट में आगे यह भी बताया गया है कि गर्भावस्था के दौरान सेफ सेक्स करने से प्रसव पीड़ा की प्रक्रिया आसान होती है, प्रसव के समय होने वाले जटिल तनाव में कमी आती है और सिजेरियन डिलीवरी का रिस्क भी कम होता है।
इसे भी पढ़ें: क्या वाकई प्रेग्नेंसी में सेक्स का ज्यादा मन करता है और करता है तो क्या ये नॉर्मल है? जानें डॉक्टर से
गर्भावस्था में संबंध बनाने से शरीर में क्या बदलाव होते हैं?
- हल्की स्पॉटिंगः प्रेग्नेंसी के दौरान सेक्स करने से लाइट स्पॉटिंग होने का रिस्क रहता है। असल में, गर्भावस्था के दौरान गर्भाशय ग्रीवा (सर्विक्स) में रक्त वाहिकाएं फैल जाती हैं, जिससे खून का बहाव तेज हो जाता है। यही कारण है कि प्रेग्नेंसी में सेक्स करने से माइल्ड स्पॉटिंग हो सकती है।
- हल्की ऐंठनः प्रेग्नेंसी के दौरान हमेशा सेफ सेक्स करना चाहिए। कई बार हार्श तरीके से यौन संबंध बनाना महिला स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकता है। जैसे इस दौरान डीप पेनीट्रेशन के कारण गर्भाशय में कुछ समय के लिए हल्का खिंचाव पैदा हो सकता है, जिससे पेट में ऐंठन होने लगती है।
- संवेदनशीलता बढ़नाः प्रेग्नेंसी के दौरान हार्मोन का स्तर तेजी से बदलता है और पेल्विक एरिया में ब्लड फ्लो तेज हो जाता है। ऐसे में प्रभावित हिस्सा अधिक सेंसिटिव होता है। वहीं, अगर महिला यौन संबंध बनाती है, तो ऐसी स्थिति में योनि क्षेत्र में सूजन आ सकती है, या भारीपन महसूस हो सकता है।
प्रेग्नेंसी की किस तिमाही में सेक्स करना पूरी तरह सुरक्षित है?
डाॅ. शोभा गुप्ता कहती हैं, "वैसे तो प्रेग्नेंसी की तीनों तिमाही में सेक्स किया जा सकता है और सुरक्षित होता है। इसके बावजूद, इस बात की अनदेखी नहीं करनी चाहिए कि हर महिला का शरीर अलग होता है। अगर किसी को यौन संबंध बनाते हुए जरा भी तकलीफ हो या समस्या महसूस हो, तो उन्हें सेक्शुअल रिलेशनशिप नहीं बनाना चाहिए।" बहरहाल, डाॅ. शोभा गुप्ता आगे बताती हैं, "प्रेग्नेंसी में दूसरी तिमाही को सेक्स के लिए सबसे सुरक्षित माना जाता है। ऐसा इसलिए क्योंकि इन दिनों महिलाओं को सबसे कम स्वास्थ्य समस्याएं होती हैं।"
इसे भी पढ़ें: प्रेग्नेंसी के कितने महीने तक शारीरिक संबंध बनाना सुरक्षित होता है? एक्सपर्ट से जानें
किन परिस्थितियों में प्रेग्नेंसी के दौरान सेक्स से बचना चाहिए?
अगर महिला की सामान्य प्रेग्नेंसी है, तो वे सावधानी के साथ यौन संबंध बना सकती हैं। हालांकि, कुछ मामलों की अनदेखी नहीं करनी चाहिए, जैसे-
- प्लेसेंटा प्रीवियाः इस स्थिति में प्लेसेंटा सर्विक्स को ढक लेता है। ऐसी कंडीशन में सेक्स करने से हैवी ब्लीडिंग हो सकती है।
- ब्लीडिंग होनाः Mayo Clinic के अनुसार, अगर किसी महिला को प्रेग्नेंसी के दौरान बिना वजह से ब्लीडिंग होती है, तो यह सही नहीं है। इस तरह की कंडीशन में भी यौन संबंध न बनाएं।
- एमनियोटिक फ्लूइड का लीक होनाः यह भी एक गंभीर स्थिति है। एमनियोटिक फ्लूइड में ही शिशु रहता है। अगर इसका रिसाव होने लगे, तो संक्रमण का जोखिम बढ़ जाता है।
- प्रीटर्म लेबर का इतिहासः अगर किसी महिला को पहले कभी समय से पहले बच्चे के जन्म होने या समयपूर्व प्रसव पीड़ा का इतिहास रहा है, तो उन्हें बिना डॉक्टर की सलाह के प्रेग्नेंसी में यौन संबंध नहीं बनाना चाहिए।
- STIs: अगर महिला को या उनके पार्टनर को एसटीआई यानी यौन सक्रिय यौन संचारित संक्रमण है, तो उन्हें यौन संबंध नहीं बनाना चाहिए।
नॉर्मल डिलीवरी के चांस बढ़ाने के अन्य तरीके
नॉर्मल डिलीवरी की संभावना को बढ़ाने के लिए आप अपनी जीवनशैली में कुछ बदलाव कर सकती हैं, जैसे-
- अगर नॉर्मल प्रेग्नेंसी है, तो नियमित रूप से 20-30 मिनट वाॅक करें।
- पेल्विक फ्लोर के लिए कीगल एक्सरसाइज करें। इससे मसल्स को मजबूती मिलती है।
- प्रेग्नेंसी के दौरान संतुलित आहार लें। फल और सब्जियां शिशु के विकास के लिए भी फायदेमंद हैं।
- दिन भर में पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। इससे बॉडी हाइड्रेट रहती है।
- इन दिनों तनाव से दूर रहें। इसके स्तर को कम करने के लिए मेडिटेशन करें।
निष्कर्ष
प्रेग्नेंसी में सेक्स करने से नॉर्मल डिलीवरी की संभावना बढ़ सकती है। हालांकि, यह कोई गारंटी नहीं है। इसके अलावा, प्रेग्नेंसी में यौन संबंध बनाने से पहले कुछ बातों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए, जैसे प्रेग्नेंसी नॉर्मल है, हैवी ब्लीडिंग नहीं हो रही है और पेट में किसी तरह का दर्द या अकड़न नहीं है। अगर प्रेग्नेंसी के दौरान किसी तरह की समस्या हो, तो बेहतर है कि आप डॉक्टर से मिलें।
All Image Credit: Magnific
FAQ
क्या प्रेग्नेंसी में सेक्स करने से गर्भ में पल रहे शिशु को चोट लग सकती है?
नहीं, सामान्य गर्भावस्था में शिशु गर्भाशय और एमनियोटिक फ्लूइड के अंदर पूरी तरह सेफ रहता है। इसके अलावा, सर्विक्स पर मौजूद म्यूकस प्लग (Mucus Plug) बाहरी संक्रमण और दबाव से शिशु का बचाव करता है।प्रेग्नेंसी के दौरान सेक्स करने के लिए कौन सी पोजीशन सबसे सेफ है?
प्रेग्नेंसी में यौन संबंध बनाने के लिए ऐसी पोजीशन चुननी चाहिए, जिससे महिला के पेट पर दबाव न पड़े।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Oct 07, 2026 13:17 IST
Published By : Meera Tagore
Reviewed By : Dr Shobha Gupta
