Fri Sep 11, 2026 | 09:03 PM IST

Doctor Verified

क्या नारियल का बीज खाने से लड़का पैदा होता है? डॉक्टर से जानें इसके पीछे की सच्चाई

आज के समय में भी कई लोग लड़का और लड़की में फर्क करते हैं और लड़का पैदा हो ऐसी ख्वाहिश रखते हैं। यहां जानिए, क्या नारियल का बीज खाने से लड़का पैदा होता है?

आज के मॉडर्न युग में भी समाज के कुछ हिस्सों में लड़का और लड़की के बीच भेदभाव की सोच जिंदा है। माता-पिता के मन में अक्सर यह ख्वाहिश देखी जाती है कि उनकी पहली संतान बेटा हो, जो वंश बढ़ाए और पारिवारिक जिम्मेदारियां निभाए। इसी चाहत के चलते लड़का पैदा करने के लिए तरह-तरह के उपाय, टोटके और अंधविश्वास अपनाए जाते हैं, जिनमें से कई पीढ़ियों से चले आ रहे हैं और अब भी समाज में गहराई से फैले हुए हैं। इन्हीं में से एक आम मिथक यह है कि अगर गर्भधारण यानी कंसीव करने से पहले महिला नारियल का बीज खाए तो लड़का पैदा होता है। कुछ लोग इसे आयुर्वेद से जोड़कर देखते हैं, तो कुछ इसे धार्मिक या शुभ संकेत मानते हैं। नारियल को भारत में पूजनीय फल माना जाता है, इसलिए इससे जुड़ी बातें लोगों को जल्दी प्रभावित कर देती हैं।

लेकिन सवाल ये है कि क्या ऐसे दावों के पीछे कोई वैज्ञानिक सच्चाई है? क्या नारियल जैसे किसी फूड के सेवन से संतान का लिंग प्रभावित किया जा सकता है? या फिर यह केवल एक सामाजिक भ्रांति और अंधविश्वास है? इस बारे में ज्यादा जानकारी के लिए हमने दिल्ली के आनंद निकेतन में स्थित गायनिका: एवरी वुमन मैटर क्लीनिक की सीनियर कंसल्टेंट, ऑब्सटेट्रिक्स और गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. (कर्नल) गुंजन मल्होत्रा सरीन से बात की-

कहां से शुरू हुआ ये अंधविश्वास?

भारत में नारियल को शुभ और धार्मिक फल माना जाता है और पूजा-पाठ में इसका उपयोग आम है। इसी धार्मिक महत्त्व के चलते कई लोग इसे चमत्कारी फल भी मानते हैं। हो सकता है कि यहीं से यह अंधविश्वास उपजा हो कि नारियल खाने से संतान सुख मिलता है और विशेष रूप से बेटा होता है। भारतीय समाज में बेटा पैदा होने की इच्छा आज भी कई जगहों पर गहराई से जुड़ी हुई है। खासकर ग्रामीण इलाकों और पारंपरिक परिवारों में, प्रेग्नेंट महिला को कई तरह के खाने-पीने की चीजें दी जाती हैं ये सोचकर कि इससे लड़का पैदा होगा। उन्हीं में से एक है नारियल का बीज। कहा जाता है कि अगर कोई महिला कंसीव करने से पहले या प्रेग्नेंसी में नारियल का बीज खाती है, तो उसके बेटे के जन्म की संभावना बढ़ जाती है।

इसे भी पढ़ें: प्रेग्नेंसी में नदी पार करने से गर्भपात का खतरा होता है- ये महज अंधविश्वास है या इसके पीछे है कोई साइंस?

क्या नारियल का बीज खाने से लड़का पैदा होता है? - kya nariyal ka beej khane se ladka hota hai

इस विषय पर डॉ. (कर्नल) गुंजन मल्होत्रा सरीन बताती हैं कि किसी भी रिसर्च में ऐसा कोई प्रमाण नहीं मिला है जो इस बात को सही ठहराता हो। शिशु का लिंग पुरुष के शुक्राणु पर निर्भर करता है, न कि महिला के खानपान पर। यह पूरी तरह से जैविक प्रक्रिया है और इसे खानपान, योग, पूजा या किसी विशेष चीज के सेवन से कंट्रोल नहीं किया जा सकता। ऐसे में यह मानना कि नारियल का बीज लड़का देगा, एक अंधविश्वास मात्र है, न कि कोई सच्चाई। किसी भी शिशु का जेंडर पुरुष के स्पर्म (Y या X क्रोमोसोम) पर निर्भर करता है। यदि पुरुष का Y क्रोमोसोम वाला स्पर्म अंडाणु से मिल जाता है, तो लड़का (XY) होता है। यदि X क्रोमोसोम वाला स्पर्म मिलता है, तो लड़की (XX) होती है।

इसे भी पढ़ें: प्रेग्नेंसी में महिलाओं को मेंहदी लगाने से क्यों मना किया जाता है? ये अंधविश्वास है या इसके पीछे है साइंस

भारत में Pre-Conception and Pre-Natal Diagnostic Techniques (PCPNDT) Act 1994 लागू है, जिसके अनुसार किसी भी तरह से गर्भ में बच्चे का लिंग पता करना या प्रभावित करना कानूनी अपराध है। समाज में प्रचलित यह मान्यता कि कुछ खास चीजें खाने से बेटा पैदा होता है, न केवल वैज्ञानिक रूप से गलत है, बल्कि महिलाओं पर मानसिक दबाव भी बनाता है। यदि संतान लड़की हो जाए, तो महिला को दोषी ठहराया जाता है, जबकि ऐसा कोई संबंध नहीं है।

nariyal ka beej khane se ladka

यह अंधविश्वास महिलाओं की मानसिक सेहत, आत्मसम्मान और गर्भावस्था के अनुभव को प्रभावित करता है। हमें ऐसे मिथकों को खत्म कर एक जागरूक समाज बनाना होगा।

नारियल के बीज के फायदे

भले ही नारियल का बीज लड़का पैदा करने की गारंटी नहीं देता, लेकिन इसके सेहत को मिलने वाले फायदे काफी हैं।

  1. नारियल और इसके बीज में मौजूद फाइबर पाचन तंत्र को मजबूत करता है और कब्ज की समस्या से राहत दिलाता है।
  2. नारियल में मौजूद हेल्दी फैट्स कोलेस्ट्रॉल को संतुलित रखते हैं और हार्ट को मजबूत बनाते हैं।
  3. नारियल में पाए जाने वाले एंटीऑक्सीडेंट्स इंफेक्शन से लड़ने में मदद करते हैं।
  4. इसका सेवन और तेल स्किन व हेयर हेल्थ के लिए लाभकारी होता है।
  5. नारियल इंस्टेंट एनर्जी देता है और दिनभर एक्टिव बनाए रखने में मदद करता है।

क्या गर्भवती महिलाओं को नारियल खाना चाहिए? - Is it safe to eat coconut during pregnancy

प्रेग्नेंट महिलाओं के लिए नारियल का बीज खाना सुरक्षित और फायदेमंद होता है, बशर्ते कोई एलर्जी न हो। यह शरीर को हाइड्रेशन देता है, पाचन सुधारता है और जरूी पोषण भी देता है। हालांकि, ज्यादा मात्रा से बचना चाहिए और डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए।

निष्कर्ष

नारियल का बीज सेहत के लिए लाभदायक है। लेकिन इससे लड़का या लड़की होने की कोई गारंटी नहीं होती। इस तरह के अंधविश्वास महिलाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर भी असर डाल सकते हैं और समाज में लिंग भेद को बढ़ावा देते हैं। जरूरी है कि हम सही जानकारी फैलाएं, वैज्ञानिक सोच अपनाएं और हर संतान को बराबर प्यार दें, चाहे बेटा हो या बेटी।

All Images Credit- Freepik

FAQ

  • कच्चा नारियल ठंडा होता है या गरम?

    कच्चा नारियल ठंडा माना जाता है। आयुर्वेद के अनुसार, कच्चा नारियल शरीर में ठंडक पहुंचाने वाला होता है और गर्मी के मौसम में इसे खाने की सलाह दी जाती है। इसमें पानी, फाइबर, विटामिन्स और मिनरल्स होते हैं जो शरीर को हाइड्रेटेड रखते हैं और पाचन को सुधारते हैं। यह पेट की जलन, अल्सर और अन्य गर्मी से जुड़ी समस्याओं में राहत देता है।
  • नारियल का पानी कब नहीं पीना चाहिए?

    नारियल पानी स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होता है, लेकिन कुछ स्थितियों में इसे पीने से बचना चाहिए। जिन लोगों को किडनी की समस्या है या इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन की शिकायत है, उन्हें डॉक्टर की सलाह के बिना नारियल पानी नहीं पीना चाहिए। ऐसा इसलिए, क्योंकि इसमें पोटेशियम ज्यादा होता है। ठंड या खांसी-जुकाम होने पर भी नारियल पानी पीने से बचना चाहिए। ऐसा इसलिए, क्योंकि यह शरीर में ठंडक बढ़ा सकता है। डायबिटीज के मरीजों को भी सीमित मात्रा में ही इसका सेवन करना चाहिए, क्योंकि इसमें नचुरल शुगर होती है।
  • कैसे पता करें कि बच्चा लड़का है या लड़की? 

    गर्भ में बच्चा लड़का है या लड़की, यह केवल अल्ट्रासाउंड जांच से ही पता लगाया जा सकता है, लेकिन भारत में यह कानूनी रूप से प्रतिबंधित है। कुछ लोग पुराने घरेलू तरीकों जैसे पेट का आकार, प्रेग्नेंट महिला की इच्छाएं, स्किन की चमक आदि के आधार पर अनुमान लगाते हैं, पर ये पूरी तरह वैज्ञानिक नहीं होते। सही जानकारी केवल जन्म के बाद ही मिल सकती है। इस तरह की जानकारी जानने का प्रयास करना भी अपराध है।

Read Next

अगर भूल से खा ली चींटी, तो घबराएं नहीं! डॉक्टर से जानिए इसके फायदे और नुकसान

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Akanksha Tiwari

Akanksha Tiwari

Senior Sub Editor

आकांक्षा तिवारी हेल्थ और लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 6 साल का अनुभव रखती हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और फिलहाल जागरण न्यू मीडिया (Onlymyhealth) में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं। आकांक्षा को स्वास्थ्य, पोषण और फिटनेस जैसे विषयों पर लिखने का अच्छा अनुभव है। वे पत्रकारिता और जनसंचार में पोस्ट ग्रैजुएट हैं। रिसर्च, SEO और फैक्ट-चेकिंग में उनकी खास पकड़ है और वे हमेशा प्रमाणिक और भरोसेमंद जानकारी देने की कोशिश करती हैं। Editorial Policy: आकांक्षा द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Aug 06, 2025 17:12 IST

    Published By : Akanksha Tiwari

Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content
Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content
Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content