घी का इस्तेमाल भारतीय घरों में खान-पान का एक अहम हिस्सा है। बहुत से लोग मानते हैं कि गाय का घी दिल की सेहत के लिए बेहतर होता है, जबकि कुछ लोग भैंस के घी को ज्यादा पौष्टिक मानते हैं। हालांकि, जब हार्ट हेल्थ की बात आती है तो सिर्फ यह देखना काफी नहीं होता है कि घी गाय का है या भैंस का। घी की मात्रा, पूरी डाइट और व्यक्ति के कोलेस्ट्रॉल लेवल को भी ध्यान में रखना जरूरी है। इसलिए, आइए इस लेख में विस्तार से मेवाड़ विश्वविद्यालय में प्रोफेसर एवं प्राकृतिक चिकित्सालय बापू नगर, जयपुर की वरिष्ठ चिकित्सक योग, प्राकृतिक चिकित्सा पोषण और आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. किरण गुप्ता से जानते हैं कि गाय का घी या भैंस का घी, दिल की सेहत के लिए क्या खाना सही होता है?
गाय के घी और भैंस के घी में क्या अंतर है?
डॉ. किरण गुप्ता के अनुसार, गाय का घी और भैंस का घी दोनों दूध फैट से बनाए जाते हैं, लेकिन उनके रंग, स्वाद, टेक्सचर और कुछ फैटी कंपाउंड्स में अंतर होता है। आमतौर पर गाय का घी ज्यादा पीला दिखाई दे सकता है, जबकि भैंस का घी सफेद या हल्के रंग का हो सकता है। यह अंतर दूध में मौजूद पिग्मेंट्स और फैट संरचना से जुड़ा होता है। साल 2019 में International Journal of Dairy Technology में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, गाय और भैंस दोनों तरह के घी में घुलनशील फैट, विटामिन ए, बी12, डी, ई और K के साथ बीटा-कैरोटीन मौजूद होते हैं।
घी खाने का दिल पर असर
डॉ. किरण गुप्ता का कहना है कि गाय और भैंस दोनों के दूध से बने घी में फैट होता है। इसमें सैचुरेटेड फैट भी काफी मात्रा में होता है। ज्यादा सैचुरेटेड फैट खाने से ब्लड में LDL यानी खराब कोलेस्ट्रॉल बढ़ सकता है और बढ़ा हुआ LDL दिल की बीमारी के जोखिम से जुड़ा होता है। इसलिए, सिर्फ घी नेचुरल है या घर का बना हुआ है यह अपने आप में दिल के लिए सुरक्षित नहीं हो जाता है।
इसे भी पढ़ें: हार्ट को हेल्दी कैसे रखें? डॉक्टर बता रहे हैं लाइफस्टाइल में किए जाने वाले 7 बदलाव
गाय का घी और भैंस का घी- दिल के लिए क्या है बेहतर?
डॉ. किरण गुप्ता बताती हैं कि गाय और भैंस के घी की फैटी-एसिड संरचना में कुछ अंतर हो सकते हैं। आमतौर पर गाय के घी में भैंस के घी के मुकाबले फैट कम पाया जाता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं होता है कि गाय का घी पूरी तरह दिल की सेहत के लिए सही है और भैंस का घी खराब है। घी के प्रकार से ज्यादा जरूरी इसकी कुल मात्रा और व्यक्ति की पूरी डाइट है।
Cow-Ghee-vs-Buffalo-Ghee-For-Heart-Inside
साल 2024 में Journal of Ayurveda and Integrative Medicine में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, डाइट में संतुलित मात्रा में गाय का घी शामिल करने से LDL (खराब कोलेस्ट्रॉल) और ट्राइग्लिसराइड्स में कमी आ सकती है, जबकि HDL (अच्छा कोलेस्ट्रॉल) का लेवल बढ़ सकता है।
क्या घी पूरी तरह बंद कर देना चाहिए?
डॉ. किरण गुप्ता बताती हैं कि दिल की सेहत को बेहतर रखने के लिए घी पूरी तरह छोड़ देना जरूरी नहीं होता है। हेल्दी व्यक्ति अपने भोजन में थोड़ी मात्रा में घी ले सकते हैं, लेकिन इसे जरूरत से ज्यादा खाना सही नहीं होता है। खासकर अगर आपका LDL कोलेस्ट्रॉल पहले से बढ़ा हुआ है, तो सैचुरेटेड फैट की मात्रा पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: देर रात तक जागने का दिल पर पड़ सकता है बुरा असर, डॉक्टर से समझें कनेक्शन
अगर घी खाना हो तो कैसे खाएं?
डॉ. किरण गुप्ता के अनुसार, घी को पूरी तरह छोड़ने के बजाय मात्रा कंट्रोल करना एक बेहतर तरीका हो सकता है। रोजमर्रा के खाने में बहुत ज्यादा घी डालने के बजाय थोड़े स्वाद के लिए इस्तेमाल की जा सकती हैं। साथ ही भोजन में सब्जियां, फल, साबुत अनाज, दालें, बीन्स, नट्स और बीज का सेवन बढ़ाना फायदेमंद हो सकता है।
निष्कर्ष
डॉ. किरण गुप्ता कहती हैं कि सिर्फ दिल की सेहत के लिए गाय या घी दोनों का सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए। दिल को हेल्दी रखने के लिए फैट की मात्रा पर ध्यान रखना जरूरी है। दिल की सेहत के लिए ज्यादा जरूरी है आपकी पूरी डाइट में सैचुरेटेड फैट को कम करना और अनसैचुरेटेड फैट को शामिल करना। ध्यान रहे अगर किसी व्यक्ति का LDL हाई, दिल की बीमारी, डायबिटीज या पहले से कार्डियक समस्या है तो घी की मात्रा सही रखने के लिए डाइटीशियन से कंसल्ट करना जरूरी है।
Image Credit: Freepik
FAQ
हार्ट को मजबूत रखने के लिए क्या खाना चाहिए?
दिल को मजबूत और हेल्दी रखने के लिए आपको अपनी डाइट में हरी पत्तेदार सब्जियां, ताजे फल और साबुत अनाज को शामिल करना चाहिए।दिल के मरीजों को क्या ज्यादा नहीं लेना चाहिए?
दिल के मरीजों को ज्यादा नमक, तली-भुनी चीजें और सैचुरेटेड फैट का सेवन नहीं करना चाहिए।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 20, 2026 16:35 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Kiran Gupta
