कई लोगों को अक्सर कानों में अचानक से घंटी बजने, सीटी जैसी आवाज आने या भनभनाहट महसूस होने की समस्या रहती है। मेडिकल की भाषा में इसे टिनिटस कहा जाता है। यह कोई बीमारी नहीं होती है, बल्कि इस बात का संकेत है कि आपके कानों या सुनने की प्रणाली में कुछ गड़बड़ है। वर्तमान के बढ़ते शोर-शराबे, लंबे समय तक हेडफोन का इस्तेमाल और तनाव वाली लाइफस्टाइल के कारण यह समस्या तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में आइए Dr. (Major) Rajesh Bhardwaj, Consultant, MedFirst ENT Centre, New Delhi से जानते हैं कि कान में सीटी बजने के पीछे क्या कारण हैं और इनसे राहत पाने के क्या उपाय हैं?
कान में सीटी बजने की आवाज क्या है?
Dr. Rajesh Bhardwaj ने बताया कि कान में बिना किसी बाहरी स्रोत के घंटी, सीटी, भनभनाहट या किसी तरह की आवाज सुनाई देना टिनिटस कहलाता है। यह आवाज एक या दोनों कानों में हो सकती है और लगातार या बीच-बीच में महसूस हो सकती है। टिनिटस अपने आप में कोई बीमारी नहीं, बल्कि किसी अन्य समस्या का लक्षण हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: क्या आप घंटों ईयरफोन लगाते हैं? ENT विशेषज्ञ से जानें कानों में हो सकती हैं 7 परेशानियां
कान में लगातार आवाजें आने के कारण
Journal of Clinical Neurology के अनुसार, बहुत ज्यादा शोर से सुनने की शक्ति प्रभावित होना, उम्र के साथ बहरापन, कान में वैक्स जमना, मेनियर डिजीज, सिर या गर्दन की चोट, नसों पर प्रेशर और कुछ दवाओं का साइड इफेक्ट शामिल हैं।
Dr. Rajesh Bhardwaj के अनुसार, कान में बजने की आवाज की समस्या होने के पीछे ये कारण हो सकते हैं-
- तेज आवाज के संपर्क में रहना- लंबे समय तक तेज आवाज में ईयरफोन या हेडफोन का इस्तेमाल करना, लाउड म्यूजिक सुनना या शोर-शराबे वाली जगहों पर काम करना कान के सेंसिटिव सेल्स को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
- कान में वैक्स जमा होना- कान के अंदर ज्यादा मात्रा में मेल जमा हो जाने से भी यह समस्या काफी बढ़ सकती है।
- कान का इंफेक्शन- कान में बार-बार होने वाले इंफेक्शन या सूजन के कारण भी कानों में घंटी या सीटी जैसी आवाजें सुनाई दे सकती हैं।
- बढ़ती उम्र- उम्र बढ़ने के साथ-साथ कान की सुनने की क्षमता भी कम होने लगती है, जो टिनिटस का एक बड़ा कारण बन सकती है।
- कान में चोट लगना- सिर या कान पर किसी तरह की चोट लगने के कारण भी सुनने की नर्व पर असर पड़ता है, जिससे कान में घंटी बजने जैसी आवाज सुनाई दे सकती है।
- दवाइयों के साइड इफेक्ट- कुछ खास दवाइयों का ज्यादा सेवन या उनके साइड इफेक्ट्स के कारण भी कानों में घंटियां बजने की समस्या हो सकती है।
- अन्य स्वास्थ्य समस्याएं- जबड़े में कोई परेशानी होना, गर्दन से जुड़ी समस्याएं या ब्लड प्रेशर और ब्लड सर्कुलेशन से जुड़ी अन्य शारीरिक समस्याएं भी टिनिटस से जुड़ी हो सकती हैं।
Causes-of-ringing-in-ear
टिनिटस से राहत पाने के उपाय
Dr. Rajesh Bhardwaj ने बताया कि टिनिटस यानी कान में बजने की आवाज की समस्या से राहत पाने के लिए आप इन उपायों को अपना सकते हैं-
- समस्या के कारण का पता लगाना- टिनिटस की समस्या से राहत पाने के लिए सबसे पहले यह जानना जरूरी है कि परेशानी किस वजह से हो रही है। अगर कान में ज्यादा वैक्स जमा होने के कारण टिनिटस है, तो डॉक्टर की सलाह से उसकी सफाई करवाएं।
- तेज आवाजों से बचाव- शोर-शराबे वाली जगहों से दूर रहें और ईयरफोन या हेडफोन का इस्तेमाल करते समय आवाज हमेशा कम रखें।
- पर्याप्त नींद लें- शरीर को पूरा आराम देना और रोजाना 7 से 8 घंटे की अच्छी नींद लेने से भी टिनिटस के लक्षणों को कम करने में मदद मिल सकती है।
- तनाव को मैनेज करें- तनाव बढ़ने से कान की आवाजें ज्यादा महसूस हो सकती हैं, इसलिए योग, मेडिटेशन या गहरी सांस लेने वाले एक्सरसाइज की मदद से तनाव को कम करें।
- व्हाइट नॉइज या बैकग्राउंड साउंड का इस्तेमाल- रात के समय एकदम शांत वातावरण में कान की आवाजें ज्यादा परेशान करती हैं। ऐसे में सोते समय हल्का सा बैकग्राउंड म्यूजिक, पंखे की आवाज या व्हाइट नॉइज चलाने से उस आवाज पर ध्यान कम जाता है।
इसे भी पढ़ें: शांत कमरे में कानों में सीटी जैसी आवाज क्यों सुनाई देती है? डॉक्टर से जानें कारण
डॉक्टर से कब मिलना चाहिए?
अगर कान में बजने की आवाज लगातार बनी रहती है, सुनने की क्षमता कम हो रही है, चक्कर आ रहे हैं, कान में दर्द या डिस्चार्ज है या आवाज सिर्फ एक कान में लगातार सुनाई दे रही है तो ENT स्पेशलिस्ट से जांच करवानी चाहिए। अचानक सुनाई कम देने के साथ टिनिटस हो तो तुरंत मेडिकल कंसल्टेशन लेना जरूरी है। बिना जांच के कोई ईयर ड्रॉप या घरेलू उपाय इस्तेमाल करने से भी बचना चाहिए।
निष्कर्ष
कान में सीटी बजने या घंटी की आवाज आना एक ऐसी समस्या है, जिसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। तेज आवाज से बचाव, सही खान-पान, अच्छी नींद और तनाव को कंट्रोल रखने से इसके असर को काफी हद तक कम किया जा सकता है। हालांकि, अगर यह आवाज सुनाई देने की समस्या लगातार बनी रहे या इसके साथ चक्कर आने और सुनने में दिक्कत जैसी समस्याएं हों तो तुरंत ENT स्पेशलिस्ट से कंसल्ट करना जरूरी है।
Image Credit: Freepik
FAQ
क्या कान में सीटी बजना किसी गंभीर बीमारी का संकेत है?
कान में सीटी बजना ज्यादातर मामलों में तेज आवाज के संपर्क में आने या कान के सेल्स को पहुंचे नुकसान के कारण होता है। अगर यह समस्या सिर्फ एक कान में लगातार बनी रहे और इसके साथ चक्कर या सुनने में अचानक कमी आए तो यह गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है।क्या टिनिटस अपने आप ठीक हो जाता है?
हल्का या अस्थायी टिनिटस अक्सर कुछ समय बाद अपने आप ठीक हो जाता है, खासकर अगर यह किसी तेज शोर या मामूली इंफेक्शन के कारण हुआ हो।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 29, 2026 15:24 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Major Rajesh Bhardwaj
