आज के समय में बहुत से लोग वजन बढ़ने की समस्या से परेशान रहते हैं। जिसके कारण स्वास्थ्य समस्याएं भी बनी रहती हैं। ऐसे में वजन कम करने के लिए अक्सर लोगों को वॉक करने की सलाह दी जाती है, खासकर खाना खाने के बाद। जिससे वजन कम करने और स्वास्थ्य में सुधार करने में भी मदद मिलती है, लेकिन क्या वजन कम करने के लिए सिर्फ वॉक करना काफी है? आइए इस बारे में Dr. Pooja Pillai, Consultant - Internal Medicine, Aster CMI Hospital, Bengaluru से जानें।
क्या सिर्फ वॉक करने से वजन कम होता है?
डॉ. पूजा के अनुसार, हां, पैदल चलने से वजन कम हो सकता है, खासकर तब जब इसे नियमित रूप से किया जाए। पैदल चलना फिजिकल एक्टिविटी का एक आसान तरीका है, जो शरीर की ज्यादा एनर्जी का इस्तेमाल करने में मदद करता है।
जब आप खाने से मिलने वाली कैलोरी की तुलना में ज्यादा कैलोरी खर्च करते हैं, तो आपका शरीर एनर्जी के लिए शरीर में जमा फैट का इस्तेमाल करने लगता है, जिससे वजन कम हो सकता है।
वॉक करते समय किन बातों का ध्यान रखें?
डॉ. पूजा बताती हैं, वॉक करने से वजन कम करने में मदद मिलती है, लेकिन पैदल चलने से आप कितना वजन कम करते हैं, यह कई बातों पर निर्भर करता है। जैसे-
- आपके शरीर का वजन कितना है?
- चलने की स्पीड क्या है?
- आप कितना चलते हैं?
- चलने का समय? या आप कितनी दूरी तक चलते हैं?
- खान-पान कैसा है?
- नींद और एक्टिविटी का स्तर क्या है?
इसे भी पढ़ें: वॉक के दौरान भूलकर भी न करें ये 3 गलतियां, वरना नहीं कम होगा एक ग्राम भी वजन
वॉक करने का सही तरीका क्या है?
डॉ. पूजा बताती हैं, तेज चलने से आमतौर पर धीरे चलने की तुलना में ज्यादा कैलोरी बर्न होती है, क्योंकि इससे दिल को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। ज्यादातर दिनों में 30 से 60 मिनट तक पैदल चलना एक अच्छी शुरुआत हो सकती है।
डॉ. पूजा आगे कहती हैं, वजन कम करने के लिए आपको बहुत तेज चलने या बहुत लंबी दूरी तय करने की जरूरत नहीं है।
- आरामदायक समय से शुरुआत करें।
- जैसे-जैसे आपकी फिटनेस बेहतर हो, धीरे-धीरे वॉक करने का समय बढ़ाएं।
- समय के साथ दूरी या स्पीड बढ़ाएं।
बीच-बीच में थोड़ी देर तेज चलने यानी ब्रिस्क वॉक करने से एक्सरसाइज की इंटेंसिटी बढ़ सकती है और आप ज्यादा एनर्जी बर्न कर सकते हैं।
वॉक करने के साथ हेल्दी खाना है जरूरी
डॉ. पूजा बताती हैं, अगर आप ज्यादा खाकर बर्न की गई कैलोरी की भरपाई कर लेते हैं, तो सिर्फ पैदल चलने से हमेशा वजन में बड़ी कमी नहीं आ सकती है। जैसे लंबी वॉक से कैलोरी बर्न हो सकती है, लेकिन ज्यादा कैलोरी वाला खाना या मीठी ड्रिंक उन कैलोरी की भरपाई जल्दी कर सकता है। इसलिए, खाने की मात्रा पर ध्यान देना और हेल्दी खाना चुनना पैदल चलने को ज्यादा असरदार बना सकता है।
क्या कहती है स्टडी?
साल 2022 में Nutrients जर्नल में प्रकाशित एक स्टडी के अनुसार, पैदल चलने से वजन कम हो सकता है। वॉक करना हर स्पीड से शरीर के कुल फैट को कम करता है। ज्यादा वजन वाले लोगों में धीमी गति से लंबे समय तक चलना (जैसे 5.4 किमी/घंटा की गति से 54 मिनट) समान दूरी के लिए तेज चलने (जैसे 6.6 किमी/घंटा की गति से 44.7 मिनट) के मुकाबले शुरुआत में ज्यादा और तेजी से फैट कम करने में प्रभावी होता है।
इसे भी पढ़ें: रोज सुबह वॉक करने से दिमाग होगा तेज, मिलेंगे ये 5 गजब के मानसिक फायदे
वॉक करने से क्या फायदे होते हैं?
डॉ. पूजा आगे कहती हैं, नियमित रूप से पैदल चलने से वजन कम करने के अलावा भी कई फायदे मिलते हैं। जैसे-
- दिल की सेहत में सुधार।
- ब्लड शुगर को कंट्रोल करें।
- स्टैमिना में सुधार।
- मूड बेहतर होता है।
- नींद में सुधार होता है।
- मांसपेशियों को मजबूती मिल सकती है।
नियमित रूप से वॉक करने से लंबे समय तक बैठे रहने से जुड़ी स्वास्थ्य खतरों को कम करने में भी मदद मिल सकती है।
वजन को नियंत्रित रखने के लिए क्या करें?
डॉ. पूजा का कहना है, लंबे समय तक वजन कम रखने के लिए हेल्दी लाइफस्टाइल को फॉलो करना जरूरी है। अच्छी आदतों को अपनाने से स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं से राहत मिलती है।
- पैदल चलने को एक हेल्दी रूटीन का हिस्सा मानें।
- नियमित रूप से पैदल चलें।
- बैलेंस डाइट लें, जिसमें पर्याप्त प्रोटीन और फाइबर युक्त फूड्स शामिल हों।
- अच्छी नींद लें।
डॉ. पूजा आगे कहती हैं, निरंतरता आमतौर पर सिर्फ एक्सरसाइज पर निर्भर रहने से ज्यादा असरदार होती है। भले ही वजन धीरे-धीरे कम हो, नियमित रूप से पैदल चलने से फिटनेस और शरीर की बनावट में सुधार आ सकता है, साथ ही बेहतर सेहत भी मिल सकती है।
निष्कर्ष
वॉक करने से वजन कम करने में मदद मिलती है। फिजिकल एक्टिविटी करने से शरीर एनर्जी का इस्तेमाल करता है, जिसके लिए शरीर जमा फैट का इस्तेमाल करने लगता है, जो वजन कम करने में सहायक है। वॉक करने से वजन कम होगा या नहीं यह इस बात पर भी निर्भर करता है कि आपके शरीर का वजन क्या है? चलने की स्पीड कैसी है?, कितना चलते हैं?, कितनी देर चलते हैं?, खान-पान कैसा है?, शारीरिक एक्टिविटी कैसी है? और आप नींद कैसी ले रहे हैं?
ध्यान रहे, वजन कम करने के लिए वॉक करने के साथ-साथ हेल्दी लाइफस्टाइल और अच्छी आदतों को फॉलो करना जरूरी है, जिससे वजन कम करने के साथ-साथ शारीरिक स्वास्थ्य को स्वस्थ बनाए रखने में मदद मिलती है।
All Images Credit- Freepik
FAQ
वॉक करने के क्या फायदे हैं?
वॉक करने से हार्ट को हेल्दी रखने, वजन कम करने, ब्लड शुगर को कम करने, स्ट्रेस कम करने, इम्यूनिटी को बूस्ट करने, मांसपेशियों और हड्डियों को मजबूती देने में मदद मिलती है।वजन कम करने के लिए क्या करें?
वजन कम करने के लिए नियमित रूप से वॉक करें, फाइबर और प्रोटीन से युक्त फूड खाएं, पर्याप्त पानी पिएं, नियमित रूप से 30 मिनट की एक्सरसाइज करें और पर्याप्त नींद लें।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 18, 2026 12:15 IST
Published By : Priyanka Sharma
Reviewed By : Dr. Pooja Pillai