हाई यूरिक एसिड या हाइपरयूरिसीमिया (Hyperuricemia) के मरीजोंं को डाइट का खास ख्याल रखना जरूरी होता है क्योंकि गलत खानपान या प्यूरीन रिच फूड्स का सेवन करने से यूरिक एसिड बढ़ सकता है। ऐसी स्थिति में कई लोगों के दिमाग में यह सवाल आता है कि क्या हाई यूरिक एसिड में चावल खाना चाहिए? यह जानने के लिए हमने Dr. Kapil Sharma, Gastroenterologist At Yatharth Super Speciality Hospital, Faridabad से बात की।
हाई यूरिक एसिड की स्थिति क्या होती है?
Mayo Clinic के मुताबिक, यूरिक एसिड का लेवल ज्यादा होने का मतलब है ब्लड में यूरिक एसिड की मात्रा ज्यादा होना। यूरिक एसिड प्यूरीन के टूटने से बनता है। प्यूरीन कुछ खास तरह के खाने में पाए जाते हैं और शरीर भी इन्हें बनाता है। ब्लड यूरिक एसिड को किडनी तक पहुंचाता है। किडनी ज्यादातर यूरिक एसिड को पेशाब के रास्ते से बाहर निकाल देती है, जो शरीर से बाहर चला जाता है। गाउट या किडनी में पथरी होने पर यूरिक एसिड का लेवल बढ़ सकता है।
यह भी पढ़ें- यूरिक एसिड बढ़ने के लक्षण क्या हैं?
प्यूरीन क्या होता है?
प्यूरीन एक प्रकार का प्राकृतिक रासायनिक पदार्थ है जो हमारे शरीर की कोशिकाओं में पाया जाता है। जब शरीर प्यूरिन को तोड़ता है, तो एक पदार्थ बनता है जिसे यूरिक एसिड कहते हैं।
यह भी पढ़ें- यूरिक एसिड क्यों बढ़ जाता है? डॉक्टर से जानें कारण
यूरिक एसिड में चावल खाना चाहिए या नहीं?

Dr. Kapil Sharma ने बताया कि चावल सीधे तौर पर यूरिक एसिड नहीं बढ़ाता, लेकिन लंबे समय तक अधिक चावल का सेवन करने से मोटापा और इंसुलिन रेजिस्टेंस जैसी समस्याएं हो सकती हैं जो हाई यूरिक एसिड के कारण माने जाते हैं। जिन लोगों का यूरिक एसिड बढ़ा हुआ होता है, उनके लिए चावल का गलत तरीके से सेवन करना, चावल खाने से भी ज्यादा नुकसानदायक हो सकता है।
चावल कार्बोहाइड्रेट से भरपूर फूड है, जो मुख्य रूप से स्टार्च से बना होता है। सीधे तौर पर चावल हाई यूरिक एसिड का कारण नहीं हो सकता, लेकिन जिन लोगोंं को पहले से हाई यूरिक एसिड की समस्या है, उनके लिए चावल का सेवन सीमित करना सेहतमंद हो सकता है। जिनके शरीर में पहले से अतिरिक्त प्यूरीन मौजूद है, वो शरीर के जोड़ों में इकट्ठा हो सकता है जिससे गाउट का दर्द तेज हो सकता है। ऐसी स्थिति में चावल का सेवन नुकसानदायक हो सकता है क्योंकि यह एक कार्ब्स रिच फूड है जो मेटाबॉलिज्म को धीमा करता है जिससे गाउट की समस्या बढ़ सकती है। इसके साथ ही चावल का सेवन करने से वजन तेजी से बढ़ सकता है जिसके कारण गाउट में दर्द और सूजन की समस्या बढ़ सकती है। इसलिए हाई यूरिक एसिड में चावल का सीमित सेवन करना ज्यादा फायदेमंद है और आप हेल्दी विकल्प जैसे ब्राउन राइस चुन सकते हैं।
यह भी पढ़ें- यूरिक एसिड में कौन से सप्लीमेंट लें? एक्सपर्ट से जानें
क्या चावल में प्यूरीन होता है?
Dr. Kapil Sharma ने बताया कि चावल में प्यूरीन कम मात्रा में मौजूद होता है। हाई यूरिक एसिड में प्यूरीन युक्त चीजें जैसे रेड मीट, सी फूड्स वगैरह से परहेज करने की सलाह दी जाती है। सीधे तौर पर चावल यूरिक एसिड बढ़ाने के लिए जिम्मेदार नहींं हो सकता है, लेकिन इसका सेवन सीमित करना ही फायदेमंंद है।
व्हाइट और ब्राउन दोनों ही राइस में प्यूरीन की मात्रा कम मानी जाती है। इसलिए एक्सपर्ट्स मानते हैं कि चावल सीधे तौर पर यूरिक एसिड नहीं बढ़ाता है। यह गाउट के मरीजों के लिए सुरक्षित माना जाता है, लेकिन बहुत ज्यादा मात्रा में इसे खाने से इंंसुलिन रेजिस्टेंस पर बुरा असर पड़ सकता है जिससे यूरिक एसिड प्रभावित हो सकता है।
यह भी पढ़ें- बढ़ते यूरिक एसिड से फैटी लिवर की हो सकती है समस्या, डॉक्टर से जानें कनेक्शन और बचाव के उपाय
चावल और रोटी में से यूरिक एसिड के लिए क्या ज्यादा सुरक्षित है?
सीधे तौर पर यह नहीं कहा जा सकता है कि चावल खाने से यूरिक एसिड बढ़ता है या रोटी खाने से यूरिक एसिड बढ़ता है। दरअसल रोटी और चावल खाने के गलत तरीके के कारण यूरिक एसिड बढ़ सकता है। अक्सर लोग गेहूं की रोटी का सेवन करते हैं और उसमें कार्ब्स की मात्रा मौजूद होती है। ज्यादा कार्ब्स का सेवन करने से वजन बढ़ सकता है और मोटापे के कारण इंंसुलिन रेजिस्टेंस बढ़ सकता है जिससे हाई यूरिक एसिड की समस्या हो सकती है।
यह भी पढ़ें- यूरिक एसिड और डायबिटीज का क्या है कनेक्शन? डॉक्टर से जानिए
कितना चावल एक दिन में खाना ठीक है?
एक दिन में करीब आधा कटोरी चावल खा सकते हैं। चावल की मात्रा दिनभर में 90 से 100 ग्राम से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। ICMR की 2024 Dietary Guidelines के मुताबिक, एक संतुलित आहार में अनाज और मोटे अनाजों से 45% से ज्यादा कैलोरी नहीं मिलनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- यूरिक एसिड के बढ़ने से शरीर के किन अंगों पर पड़ता है सबसे बुरा असर? जानें डॉक्टर से
हाई यूरिक एसिड में सफेद चावल और ब्राउन राइस में से क्या ज्यादा हेल्दी है?
Dr. Kapil Sharma ने बताया कि सफेद चावल और ब्राउन राइस दोनोंं में ही प्यूरिन का स्तर कम होता है, लेकिन सफेद चावल के मुकाबले, ब्राउन राइस का ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है और इसका सेवन करने से इंंसुलिन रेजिस्टेंस तेजी से बढ़ने का खतरा भी सफेद चावल के मुकाबले कम हो सकता है इसलिए ब्राउन राइस का सेवन ज्यादा सेहतमंंद विकल्प हो सकता है। 2019 में Nutrients नामक जर्नल में प्रकाशित एक स्टडी के मुताबिक प्लांट बेस्ड डाइट जिसमें होल ग्रेन्स जैसे ब्राउन राइस भी शामिल है, हाई यूरिक एसिड की स्थिति में फायदेमंद माने जा सकते हैं। साथ ही स्टडी में यह भी बताया कि फाइबर, विटामिन और प्लांट-बेस्ड फूड्स मिलकर यूरिक एसिड को कम करने में मदद कर सकते हैं।
क्या रात में चावल खाने से यूरिक एसिड बढ़ता है?
Dr. Kapil Sharma ने बताया कि चावल का गलत ढंग से सेवन चाहे दिन में हो या रात में वो सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है। व्हाइट या ब्राउन राइस दोनोंं में ही प्यूरीन की मात्रा कम मानी जाती है और हाई प्यूरीन फूड्स जैसे रेड मीट या अल्कोहल का सेवन, हाई यूरिक एसिड में हानिकारक माना जाता है। चावल का सेवन रात को करने से इंंसुलिन तेजी से बढ़ सकता है और लंंबे वक्त तक ऐसी स्थिति का असर यूरिक एसिड पर हो सकता है। अगर आप हाई यूरिक एसिड के मरीज हैं, तो रात को सफेद चावल खाने के बजाय ब्राउन राइस चुन सकते हैं। चावल के एक बाउल में सब्जी या दाल की मात्रा ज्यादा रखें, इस तरह लंंबे समय में यूरिक एसिड का सही स्तर बरकरार रखने में मदद मिल सकती है।
डॉक्टर से संपर्क कब करें?
- अगर आप सीमित मात्रा में चावल खा रहे हैं, फिर भी यूरिक एसिड लेवल बार-बार बढ़ रहा है, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
- अगर चावल खाने के बाद पैरों या उंगलियों में दर्द, सूजन या अकड़न महसूस होती है, तो यह संकेत हो सकता है कि आपकी बॉडी उस डाइट को सही से हैंडल नहीं कर रही है, ऐसे में डॉक्टर से सलाह लें।
- ज्यादा मात्रा में सफेद चावल खाने से वजन बढ़ सकता है, जो यूरिक एसिड को और बिगाड़ सकता है इसलिए ऐसी स्थिति में डाइट प्लान के लिए डॉक्टर या न्यूट्रिशनिस्ट से मिलें।
- कई मामलों में, सिर्फ खान-पान या जीवनशैली में बदलाव करने से, गंभीर गाउट वाले मरीजों को राहत नहींं मिलती है। ऐसी स्थिति में दवाओं की जरूरत भी पड़ सकती है जो आप डॉक्टर की सलाह पर ले सकते हैं।
निष्कर्ष:
Gastroenterologist Dr. Kapil Sharma से हुई बातचीत और स्टडीज के आधार पर हमें इस लेख में पता चला कि चावल लो प्यूरीन फूड माना जाता है इसलिए सीधे तौर पर इसका सेवन करने से यूरिक एसिड का स्तर नहींं बढ़ता, लेकिन चावल का ज्यादा सेवन करने से इंंसुलिन रेजिस्टेंस और मोटापा बढ़ सकता है जो लंबे समय में हाई यूरिक एसिड का कारण बन सकता है इसलिए सीमित मात्रा में और सही ढंंग से चावल का सेवन करना चाहिए। हाई यूरिक एसिड के मरीजों को सफेद की जगह ब्राउन चावल खाने की सलाह दी जाती है।
FAQ
किन चीजों के सेवन से यूरिक एसिड का लेवल बढ़ता है?
जिन खाद्य पदार्थों से यूरिक एसिड का लेवल सबसे ज्यादा बढ़ता है, उनमें कुछ खास तरह के सीफूड, रेड मीट, अल्कोहलिक ड्रिंक्स, कुछ चीनी वाले पेय और फ्रुक्टोस वाले खाद्य पदार्थ शामिल हैं।क्या सिर्फ डाइट में बदलाव करके हाई यूरिक एसिड को कंट्रोल करना मुमकिन है?
कुछ मामलों में खान-पान में बदलाव और जीवनशैली में अन्य बदलाव बढ़े हुए यूरिक एसिड के लेवल को कंट्रोल कर सकता है लेकिन गंभीर मामलोंं में डॉक्टर की सलाह पर दवाओं का सेवन भी जरूरी हो सकता है।हाई प्यूरीन फूड्स कौन से हैं?
हाई प्यूरीन फूड्स वो होते हैं जिनमें प्यूरीन की मात्रा अधिक होती है। प्यूरीन कोशिकाओं में पाए जाने वाले प्राकृतिक केमिकल हैं। प्यूरीन रिच फूड्स में रेड मीट, मटन, अल्कोहल, कुछ मीठे ड्रिंंक्स वगैरह शामिल हैं।हाई यूरिक एसिड में क्या न खाएं?
हाई यूरिक एसिड में मटन, बीफ, पोर्क, अल्कोहल, मीठे ड्रिंक्स, फास्ट फूड्स, प्रोसेस्ड फूड्स, रिफाइंड कार्ब्स जैसे मैदा वगैरह का सेवन सीमित करना चाहिए।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Apr 17, 2026 17:19 IST
Modified By : Yashaswi Mathur Apr 17, 2026 17:19 IST
Published By : Yashaswi Mathur
Reviewed By : Dr Kapil Sharma