आज के समय में फैशन के लिए लोग फिटेड जींस, टाइट बेल्ट, शेपवेयर और बॉडी-फिट कपड़े पहनना पसंद करते हैं लेकिन क्या आपको पता है कि कुछ लोगों में ऐसे कपड़े पहनने के बाद सीने में जलन, खट्टी डकार, पेट में भारीपन और एसिड गले तक आने जैसी समस्या बढ़ सकती है? कई बार लोग इन लक्षणों को सिर्फ ज्यादा मसालेदार खाना या गैस की समस्या मान लेते हैं, जबकि कुछ परिस्थितियों में कपड़ों का ज्यादा टाइट होना भी एसिड रिफ्लक्स के लक्षणों को ट्रिगर कर सकता है।
यशोदा हॉस्पिटल, हैदराबाद के सीनियर कंसल्टेंट फिजिशियन और डायबेटोलॉजिस्ट डॉ. जी. कृष्ण मोहन रेड्डी के अनुसार, टाइट कपड़े सीधे तौर पर एसिड रिफ्लक्स की बीमारी पैदा नहीं करते, लेकिन ऐसे कपड़े पेट और कमर पर दबाव बढ़ाकर उन लोगों में परेशानी बढ़ा सकते हैं जिन्हें पहले से एसिडिटी या GERD (Gastroesophageal Reflux Disease) की समस्या है।
क्या टाइट कपड़े पहनने से एसिड रिफ्लक्स हो सकता है?
डॉ. जी. कृष्ण मोहन रेड्डी बताते हैं कि जब कोई महिला या पुरुष बहुत टाइट जींस, बेल्ट, शेपवेयर या कमर को कसने वाले कपड़े पहनते हैं, तो पेट के अंदर दबाव बढ़ सकता है। यह अतिरिक्त दबाव पेट में मौजूद एसिड को ऊपर की ओर धकेल सकता है। यदि भोजन नली और पेट के बीच मौजूद वाल्व पहले से कमजोर है, तो एसिड आसानी से भोजन नली में पहुंच जाता है। इससे सीने में जलन, खट्टी डकार और गले में जलन जैसे लक्षण बढ़ सकते हैं।
डॉक्टर जी. कृष्ण मोहन रेड्डी के अनुसार, जिन लोगों को पहले से GERD, हाइटल हर्निया (Hiatal Hernia), मोटापा या बार-बार एसिडिटी की शिकायत रहती है, उन्हें टाइट कपड़े पहनने से ज्यादा परेशानी हो सकती है। प्रेग्नेंट महिलाओं में भी पेट पर पहले से दबाव ज्यादा होता है, इसलिए उनके लिए बहुत टाइट कपड़े असहजता और एसिड रिफ्लक्स दोनों को बढ़ा सकते हैं।
- डॉक्टर जी. कृष्ण मोहन रेड्डी कहते हैं कि एसिड रिफ्लक्स का कारण केवल टाइट कपड़े नहीं होते।
- देर रात खाना खाना, भोजन के तुरंत बाद लेटना, जरूरत से ज्यादा खाना, तला-भुना और मसालेदार भोजन, ज्यादा चाय-कॉफी, धूम्रपान और शराब का सेवन भी इस समस्या को बढ़ा सकते हैं।
- यदि इन आदतों के साथ टाइट कपड़े भी पहने जाएं, तो लक्षण और ज्यादा गंभीर महसूस हो सकते हैं।
साल 2017 में Gastro Journal में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, यह पाया गया कि जब मरीजों के पेट पर बेल्ट से दबाव डाला गया, तो खाना खाने के बाद उनके पेट में एसिड रिफ्लक्स काफी बढ़ गया। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि बेल्ट के दबाव के कारण पेट के अंदर का प्रेशर (intragastric pressure) बढ़ गया। बेल्ट की वजह से पेट का प्रेशर ठीक उसी तरह और उसी मात्रा में बढ़ा, जैसा कि आमतौर पर भारी कमर या बढ़ते वजन यानी मोटापे वाले लोगों में स्वाभाविक रूप से बढ़ता है।
इसे भी पढ़ें: एसिडिटी की ही तरह होते हैं GERD के लक्षण, डॉक्टर से जानें कैसे पहचानें अंतर
Acid Reflux से बचने के लिए क्या करें?
डॉक्टर जी. कृष्ण मोहन रेड्डी कहते हैं कि अगर आपको अक्सर सीने में जलन या खट्टी डकार की समस्या होती है, तो ढीले और आरामदायक कपड़े पहनना बेहतर हो सकता है। खाने के बाद कम से कम 2 से 3 घंटे तक न लेटें, छोटे-छोटे हिस्सों में भोजन करें, वजन कंट्रोल रखें और धूम्रपान व शराब से दूरी बनाएं। सोते समय सिर को थोड़ा ऊंचा रखने से भी रात में एसिड रिफ्लक्स की समस्या कम हो सकती है।

डॉक्टर की सलाह
यदि एसिडिटी सप्ताह में दो या उससे ज्यादा बार होती है, लगातार दवा लेने के बावजूद आराम नहीं मिलता, निगलने में परेशानी होती है, वजन तेजी से कम होने लगे या सीने में लगातार दर्द महसूस हो, तो इसे सामान्य गैस समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे मामलों में गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट से जांच कराना जरूरी है, ताकि सही कारण का पता लगाकर समय पर इलाज शुरू किया जा सके।
निष्कर्ष
टाइट कपड़े अपने आप में एसिड रिफ्लक्स का मुख्य कारण नहीं होते, लेकिन वे पेट पर दबाव बढ़ाकर पहले से मौजूद एसिडिटी या GERD के लक्षणों को ज्यादा गंभीर बना सकते हैं। इसलिए यदि आपको बार-बार सीने में जलन, खट्टी डकार या एसिड रिफ्लक्स की समस्या होती है, तो केवल खानपान ही नहीं बल्कि अपने कपड़ों पर भी ध्यान देना जरूरी है। बैलेंस डाइट, हेल्दी लाइफस्टाइल और सही फिटिंग वाले आरामदायक कपड़े अपनाकर एसिड रिफ्लक्स के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
All Image Credit- magnific
FAQ
एसिड रिफ्लक्स के कारण क्या हैं?
देर रात खाना, मोटापा, धूम्रपान, शराब, ज्यादा चाय-कॉफी और खाने के तुरंत बाद लेटना एसिड रिफ्लक्स की समस्या को बढ़ा सकते हैं।एसिड रिफ्लक्स में क्या नहीं खाना चाहिए?
एसिड रिफ्लक्स की समस्या से अगर कोई व्यक्ति परेशान है तो उसे सबसे पहले हेल्दी लाइफस्टाइल अपनानी चाहिए और ऑयली मसालेदार भोजन, खट्टे फल, चॉकलेट, कैफीन वाली चीजें, कार्बोनेटेड ड्रिंक्स और शराब से परहेज करना चाहिए।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Jul 30, 2026 23:05 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr. G. Krishna Mohan Reddy