Fri Nov 27, 2026 | 06:17 PM IST

Medically Reviewed by Dr Rajat Grover , Paediatrician & Neonatologist - Cloudnine Hospital, East Delhi

क्या नवजात शिशु को भी हो सकता है UTI? डॉक्टर से जानें कारण और लक्षण

नवजात शिशु को यूरिन इंफेक्शन होने के बारे में पेरेंट्स को पता ही नहीं होता और इस वजह से कई बार उनकी कंडीशन काफी गंभीर हो सकती है। इस लेख में डॉक्टर ने शिशुओं को UTI होने के कारण और लक्षणों की जानकारी दी है। 
क्या नवजात शिशु को भी हो सकता है UTI? डॉक्टर से जानें कारण और लक्षणImage Credit: Magnific

नवजात शिशु की देखभाल करते समय पेरेंट्स दूध पिलाने से लेकर डायपर में पेशाब की मात्रा तक चेक करते हैं, लेकिन कई बार पेरेंट्स को पता ही नहीं होता कि शिशुओं को भी यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI) हो सकता है। अगर समय पर ध्यान न दिया जाए, तो इंफेक्शन मूत्राशय से लेकर किडनी तक को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में कौन से लक्षणों पर नजर रखनी चाहिए? जानने के लिए हमने Dr. Rajat Grover, Senior Paediatrician and Neonatologist at Cloudnine Group of Hospitals, Patparganj, New Delhi से बात की। उन्होंने बताया कि नवजात शिशु पेशाब में जलन को बता नहीं पाता और UTI के लक्षण इतने सामान्य होते हैं कि पेरेंट्स इसे समझ ही नहीं पाते। इसलिए इसके लक्षणों का ध्यान रखना चाहिए।

नवजात शिशुओं को UTI क्यों होता है?

Dr. Rajat Grover कहते हैं, “जब बैक्टीरिया पेशाब की नली में पहुंचकर इंफेक्शन पैदा कर सकता है, तो UTI हो सकता है। ज्यादातर मामलों में ये बैक्टीरिया आंतों में मौजूद होते हैं और पेशाब के रास्ते से ऊपर की ओर बढ़ सकते हैं। बच्चों में ई कोली (E. Coli) एक आम कारण है। कुछ मामलों में अन्य बैक्टीरिया भी संक्रमण पैदा कर सकते हैं। इसके अलावा, शिशुओं में समय से पहले जन्म लेना, पेशाब की नली या किडनी की बनावट में जन्मजात समस्या और अस्पताल में पेशाब निकालने के लिए कैथेटर का इस्तेमाल UTI का रिस्क बढ़ा सकता है।”

नवजात शिशुओं में UTI के लक्षण कैसे पहचानें?

Indian Journal of Urology की UTI गाइडलाइंस के अनुसार, नवजात में UTI के लक्षण हमेशा स्पष्ट नहीं होते। इस उम्र में शिशुओं में पीलिया, उल्टी, सुस्ती और बुखार होने जैसे संकेत भी दिख सकते हैं।

Dr. Rajat Grover ने बताया कि शिशुओं में UTI के ये लक्षण दिखाई देने पर डॉक्टर को जरूर दिखाना चाहिए।

1. बुखार

अगर बच्चे को 100 डिग्री बुखार हो, तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। कई बार नवजात में इंफेक्शन होने पर कभी-कभी बुखार के बजाय शरीर का तापमान सामान्य से कम भी हो सकता है। तापमान में असामान्य बदलाव होने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।

2. दूध कम पीना या फीड लेने से मना करना

बच्चा सामान्य से कम ब्रेस्टफीड कर रहा है या दूध पीते समय जल्दी थक सकता है। कुछ मामलों में शिशु ठीक से दूध पीना बंद कर देता है। यह संक्रमण या दूसरी गंभीर स्वास्थ्य समस्या का संकेत हो सकता है। इसलिए शिशु को डॉक्टर को दिखाना चाहिए।

3. उल्टी या दस्त होना

बच्चे को बार-बार उल्टी हो सकती है या दस्त लग सकते हैं। इसके कारण शरीर में पानी की कमी होने का खतरा भी रहता है।

causes of UTI in kidsImage Credit: Magnific

यह भी पढ़ें- क्या छोटे बच्चे का रात में बिस्तर में पेशाब करना नॉर्मल है? डॉक्टर जानें कारण और इलाज का तरीका

4. बहुत ज्यादा सुस्ती या चिड़चिड़ापन

अगर बच्चा सामान्य से ज्यादा सो रहा है, उसे जगाना मुश्किल हो रहा है या वह बहुत चिड़चिड़ा हो गया है, तो इस बदलाव पर ध्यान देना चाहिए। इंफेक्शन होने पर शिशु कमजोर और कम एक्टिव हो सकता है।

5. पीलिया का लंबे समय तक बने रहना

नवजात में पीलिया होना आम है, लेकिन अगर पीलिया लंबे समय तक बना रहे या बढ़ता जाए, तो इसकी चेकअप कराना जरूरी है। कुछ मामलों में UTI भी पीलिया से जुड़ा हो सकता है।

6. वजन ठीक से न बढ़ना

अगर शिशु का पर्याप्त दूध पीने के बावजूद ठीक से वजन नहीं बढ़ा रहा है, तो चेकअप कराना जरूरी है। लगातार इंफेक्शन के कारण शिशु को अन्य बीमारियां भी हो सकती हैं। सबसे जरूरी है कि कई बार पेरेंट्स शिशु के पेशाब में से तेज गंध आने या रंग में बदलाव होने को UTI समझ लेते हैं। UTI का पता लगाने के लिए कुछ चेकअप करने बहुत जरूरी है।

नवजात शिशु में UTI की जांच कैसे होती है?

Dr. Rajat Grover के मुताबिक, शिशुओं के पेशाब की जांच के लिए ये दो टेस्ट किए जाते हैं। इसमें नवजात के पेशाब का सैंपल लिया जाता है, जिसे लैब में भेजा जाता है।

  • यूरिन रूटीन या यूरिन एनालिसिस - इसमें पेशाब में सफेद रक्त कोशिकाओं, बैक्टीरिया और संक्रमण से जुड़े दूसरे संकेतों की जांच होती है।
  • यूरिन कल्चर - इस टेस्ट में पता किया जाता है कि इंफेक्शन किस बैक्टीरिया के कारण हुआ है और कौन-सी एंटीबायोटिक उसके लिए असरदार हो सकती है।

नवजात शिशुओं में UTI का इलाज कैसे होता है?

Dr. Rajat Grover कहते हैं, “तीन महीने से कम उम्र के बच्चे में UTI होने पर उसकी कंडीशन के अनुसार इलाज किया जाता है। कुछ शिशुओं में बैक्टीरियल UTI का इलाज एंटीबायोटिक्स से किया जाता है। कुछ मामलों में नवजात शिशुओं को अक्सर अस्पताल में भर्ती करके नसों के जरिए एंटीबायोटिक्स देने की जरूरत पड़ सकती है। यूरिन कल्चर की रिपोर्ट आने के बाद डॉक्टर जरूरत के अनुसार दवा बदल सकते हैं।”

यह भी पढ़ें- सर्दियों में शिशु को ठंड से बचाने के लिए न पहनाएं ढेर सारे कपड़े, डॉक्टर से जानें कितनी लेयर जरूरी

निष्कर्ष
कई बार UTI चेक करने के लिए किडनी और पेशाब की नली की बनावट देखने के लिए अल्ट्रासाउंड भी किया जा सकता है। अगर नवजात को बुखार हो जाता है या फिर असामान्य तौर पर ठंडा पड़ रहा है, तो तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए। अगर शिशु तीन महीने से छोटा है, तो तुरंत UTI की जांच होती है और डॉक्टर की सलाह पर दवा देनी चाहिए। सबसे जरूरी बात यह है कि शिशु को बिना डॉक्टर की सलाह के बच्चे को एंटीबायोटिक, कोई घरेलू नुस्खा या दूसरी दवा न दें।

FAQ

  • क्या यूटीआई होने पर नवजात शिशु को अस्पताल में भर्ती करना जरूरी होता है?

    अगर शिशु दो से तीन महीने से छोटा है, तो अस्पताल में भर्ती कराना सही रहता है। ऐसे में डॉक्टर शुरुआती दो से तीन दिन IV के जरिए एंटीबायोटिक दी जाती है। 
  • क्या शिशु में कब्ज रहने से भी बार-बार यूटीआई हो सकता है?

    जब शिशु का पेट साफ नहीं होता और आंतों में मल जमा रहता है, तो ब्लैडर पर दबाव पड़ता है। इससे शिशु एक बार में पूरा पेशाब खाली नहीं कर पाता और रुके हुए पेशाब में बैक्टीरिया तेजी से पनपने लगते हैं।

Read Next

क्या छोटे बच्चे का रात में बिस्तर में पेशाब करना नॉर्मल है? डॉक्टर जानें कारण और इलाज का तरीका

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Aneesh Rawat

Health & Lifestyle Journalist

अनीश रावत पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से 3 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में चीफ सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं। यहां वह महिला स्वास्थ्य, बच्चों की सेहत, कैंसर, योग और मेडिटेशन जैसे विषयों पर शोध आधारित लेख लिखते हैं। उनका फोकस स्वास्थ्य से जुड़े विषयों को डेटा, रिसर्च और विशेषज्ञों की राय के आधार पर पाठकों तक पहुंचाना है। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह News 24, All India Radio और ThinkRight Meditation App के साथ काम कर चुके हैं। Editorial Policy: अनीश द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 27, 2026 17:33 IST

    Published By : Aneesh Rawat
    Reviewed By : Dr Rajat Grover