क्या छोटे बच्चे का रात में बिस्तर में पेशाब करना नॉर्मल है? डॉक्टर जानें कारण और इलाज का तरीका

छोटे बच्चे दिन में तो पेरेंट्स को टॉयलेट या पेशाब के बारे में बता देते हैं, लेकिन रात में सोते समय बिस्तर गीला कर देते हैं। कुछ मामलों में तो पेशाब से बिस्तर गीला करना लगभग रोज का काम होता है। इससे कई बार कुछ बच्चे शर्मिंदगी भी महसूस करने लगते हैं। कई बार पेरेंट्स बच्चों को डांटने लगते हैं, लेकिन सवाल यह है कि बच्चे का रात में पेशाब से बिस्तर गीला करना नॉर्मल है या फिर किसी तरह की बीमारी का संकेत है? इस बारे में जानने के लिए हमने Dr. Abhishek Chopra, Senior Consultant, Paediatrician and Neonatologist, Cloudnine Group of Hospitals, New Delhi से बात की। उन्होंने बताया कि रात में सोते समय पेशाब निकल जाना एक आम समस्या है। इसे नॉक्टर्नल एन्यूरिसिस (Nocturnal Enuresis) कहते हैं। पांच साल से कम उम्र के बच्चों में ऐसा होना सामान्य माना जाता है, क्योंकि इस उम्र तक कई बच्चों का ब्लैडर पूरी तरह से विकसित नहीं हुआ होता। कुछ बच्चों में पांच साल के बाद भी यह समस्या बनी रह सकती है।
बच्चों का रात में बिस्तर गीला करना क्यों होता है?
National Institute of Diabetes and Digestive and Kidney Diseases के मुताबिक, 5 साल या उससे ज्यादा उम्र के बच्चों का रात के समय अपने ब्लैडर पर कंट्रोल नहीं रहता। इस वजह से बच्चे रात के समय बिस्तर गीला कर देते हैं। अगर बच्चा रोजाना ऐसा करता है, तो डॉक्टर को दिखाने की जरूरत होती है।
Dr. Abhishek Chopra कहते हैं कि बच्चों के रात के समय बिस्तर गीला करने के कई कारण हो सकते हैं।
1. मूत्राशय का पूरी तरह विकसित न होना
छोटे बच्चों का ब्लैडर अभी इतना विकसित नहीं होता कि वह रातभर पेशाब को रोककर रख सके। कुछ बच्चों में मूत्राशय की क्षमता भी उम्र के हिसाब से कम होती है। ऐसे में रात में पेशाब बनने पर ब्लैडर जल्दी भर जाता है और बच्चा सोते समय बिस्तर गीला कर सकता है।
2. बहुत गहरी नींद आना
कुछ बच्चे इतनी गहरी नींद में सोते हैं कि ब्लैडर भरने के बावजूद उन्हें पता ही नहीं चलता कि उठकर पेशाब जाना है। उनकी नींद न खुलने की वजह से वह बिस्तर में ही पेशाब कर देते हैं। कई बार पेरेंट्स को लगता है कि वह जानबूझकर ऐसा करते हैं, लेकिन गहरी नींद में होने की वजह से ऐसा होता है।
3. रात में ज्यादा पेशाब बनना
एंटीडाययूरेटिक हार्मोन (ADH) किडनी को रात में कम पेशाब बनाने का संकेत देता है, लेकिन कुछ बच्चों में इस हार्मोन का रात में पर्याप्त स्तर नहीं बन पाता। इस वजह से वह रात में उनका ब्लैडर भर जाता है और वह बिस्तर गीला कर देता है।
4. फैमिली हिस्ट्री होना
अगर फैमिली में पहले से किसी को बिस्तर गीला करने की समस्या हो, तो इसका कारण आनुवंशिक भी हो सकता है। अगर पेरेंट्स को बचपन में रात में पेशाब करने की आदत थी, तो वह आदत बच्चों में भी आ सकती है। NIDDK के अनुसार, अगर माता-पिता दोनों को बचपन में यह परेशानी रही हो, तो बच्चे में इसकी संभावना और ज्यादा हो सकती है।
Bedwetting in Children is Normal
यह भी पढ़ें- बिस्तर गीला कर देते हैं बच्चे, कहीं कारण डाइट से जुड़ी ये गलतियां तो नहीं?
5. कब्ज और स्ट्रेस होना
बच्चों में कब्ज की समस्या भी रात में बिस्तर गीला करने की वजह बन सकती है। जब बच्चों की आंतों में पॉटी जमा होती है, तो वह ब्लैडर पर दबाव डाल सकती है। इस वजह से बच्चों को पेशाब रोकने में दिक्कत हो सकती है। इसके अलावा, कई बार घर या स्कूल बदलने से या फिर परीक्षा का स्ट्रेस होने से कुछ बच्चों को रात में बिस्तर पर ही पेशाब करने की समस्या हो सकती है।
क्या बच्चों का बिस्तर में पेशाब करना नॉर्मल है?
Dr. Abhishek Chopra कहते हैं, “आमतौर पर पांच साल से कम उम्र के बच्चों का रात में बिस्तर गीला करना चिंता की बात नहीं है। इस उम्र में ब्लैडर पर पूरा नियंत्रण विकसित होने में समय लग सकता है। बच्चे 6 साल की उम्र तक पेशाब रोकना सीख जाते हैं। अगर बच्चा पांच साल से बड़ा है और हफ्ते में कई बार बिस्तर गीला करता है, तो डॉक्टर को दिखाना जरूरी होता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि बच्चे को कोई बीमारी है, कई बार नॉर्मल ग्रोथ से जुड़ा कारण हो सकता है।”
बच्चों के बिस्तर गीला करने पर पेरेंट्स को कब अलर्ट होना चाहिए?
Dr. Abhishek Chopra कहते हैं कि अगर बच्चा कभी-कभार बिस्तर गीला करता है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। लेकिन कुछ स्थितियों में डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी हो जाता है।
- बच्चा छह महीने या उससे ज्यादा समय तक रात में सूखा सोता था, लेकिन अचानक दोबारा बिस्तर गीला करने लगा है।
- रात के साथ दिन में भी पेशाब निकल जाता है।
- पेशाब करते समय जलन या दर्द होता है।
- बच्चा बार-बार पेशाब जाने की शिकायत करता है।
- उसे बहुत ज्यादा प्यास लगती है और बार-बार पेशाब आता है।
- बच्चे का बिना किसी कारण वजन कम हो रहा है।
- बच्चे को लगातार कब्ज की समस्या रहती है।
- सोते समय तेज खर्राटे आते हैं या सांस लेने में परेशानी होती है।
बच्चों के रात में बिस्तर गीला करने की आदत कैसे छुड़ाएं?
Dr. Abhishek Chopra के मुताबिक, बच्चों को इस परेशानी से निकालने के लिए पेरेंट्स को ध्यान देना चाहिए,क्योंकि छोटे बच्चों की इस आदत को प्यार और कुछ बातों का ध्यान रखकर ही किया जा सकता है।
- सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि बच्चा जानबूझकर बिस्तर गीला नहीं करता। इसलिए उसे डांटना या दूसरे बच्चों से तुलना न करें।
- बच्चे को रात में सोने से ठीक पहले पेशाब करने की आदत डालें। इससे ब्लैडर खाली हो जाता है और रात में बिस्तर गीला होने की संभावना कम हो सकती है।
- बच्चे को दिनभर में पर्याप्त पानी दें, लेकिन रात को सोने से ठीक पहले तरल पदार्थ न दें।
- अगर बच्चे को कब्ज की समस्या है या उसका कई दिनों से पेट साफ नहीं हुआ है, तो डॉक्टर की सलाह लें।
- अगर बच्चा सोने से पहले टॉयलेट जाता है या अपनी साफ-सफाई में मदद करता है, तो उसकी तारीफ करें।
यह भी पढ़ें- क्या 12 घंटे तक बच्चे का पेशाब न करना सामान्य होता है? जानें डॉक्टर से
निष्कर्ष
अगर बच्चे में पेशाब से जुड़े लक्षण दिखाई देते हैं, तो इसका कारण यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI), डायबिटीज, कब्ज या नींद से जुड़ी समस्या हो सकती है। ऐसे में बच्चे को डॉक्टर को दिखाना बहुत जरूरी है। डॉक्टर बच्चे की उम्र, लक्षण, मेडिकल हिस्ट्री और समस्या की गंभीरता को देखकर ही इलाज करते हैं।
All Image Credit: Magnific
FAQ
क्या चॉकलेट, कोल्ड ड्रिंक या चाय-कॉफी देने से बच्चों में बिस्तर गीला करने की समस्या बढ़ सकती है?
चॉकलेट, कोला, एनर्जी ड्रिंक या चाय में कैफीन और शुगर होती है, जो ब्लैडर को एक्टिव करके पेशाब बनाने की गति तेज कर सकती है। इसलिए शाम को बच्चों के ये चीजें देने से बचना चाहिए।क्या बच्चों में कीड़े होने पर भी रात में बिस्तर गीला करने की समस्या हो सकती है?
कीड़े रात के समय गुदा और पेशाब की नली के आस-पास खुजली और जलन पैदा कर सकते हैं। इससे पेशाब की नली में इरिेटेशन हो सकता है और बच्चा नींद में बिस्तर गीला कर सकता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 23, 2026 19:13 IST
Published By : Aneesh Rawat
Reviewed By : Dr Abhishek Chopra