कद्दू के बीज दिखने में भले ही छोटे होते हैं, लेकिन इन्हें खाने से शरीर को ढेरों फायदे मिलते हैं। कद्दू के बीज कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं, जो आपको हेल्दी रखने में मदद करते हैं। इन्हें सलाद, दलिया स्मूदी, दही या स्नैक के तौर पर आसानी से डाइट में शामिल किया जा सकता है। कद्दू के बीज प्रोटीन, फाइबर, मैग्नीशियम, जिंक, आयरन और हेल्दी फैट से भरपूर होते हैं। इसी कारण इन्हें संतुलित मात्रा में डाइट में शामिल करना चाहिए। आइए इस लेख में दिल्ली की क्लिनिकल डाइटिशियन और न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा से जानते हैं कि कद्दू के बीज खाने से क्या फायदे मिलते हैं?
कद्दू के बीज खाने के फायदे
साल 2024 में Grain & Oil Science and Technology में प्रकाशित एक स्टडी के अनुसार, कद्दू के बीज पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं, जिसमें प्रोटीन, मैग्नीशियम, पोटेशियम, जिंक और आयर पाया जाता है। इन बीजों का सेवन कोलेस्ट्रॉल को कम करके दिल की बीमारियों से बचाव करने, डिप्रेशन कम करने, प्रोस्टेट ग्लैंड को बढ़ने से रोकने, डायबिटीज को कंट्रोल करने और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर रखने में मदद करता है।
न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा का कहना है कि कद्दू के बीज का सेवन स्वास्थ्य के लिए काफी फायदेमंद होता है, जिसे आप अपनी डेली डाइट में शामिल कर सकते हैं।
1. पोषक तत्वों से भरपूर
कद्दू के बीज पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। इनमें मैग्नीशियम, जिंक, आयरन, फॉस्फोरस और कॉपर जैसे जरूरी मिनरल्स के साथ प्रोटीन और असंतृप्त वसा भी होता है। खासकर मैग्नीशियम शरीर की मांसपेशियों और नसों को बेहतर तरीके से काम करने में अहम भूमिका निभाता है। इसलिए, कद्दू के बीज रोजाना की डाइट में पोषक तत्व पाने के लिए जोड़ सकते हैं।
2. दिल की सेहत के लिए फायदेमंद
कद्दू के बीजों में मौजूद हेल्दी फैट्स और अन्य पोषक तत्व दिल की सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। इनमें एंटीऑक्सीडेंट कंपाउंड्स भी पाए जाते हैं। ध्यान रखें कि सिर्फ कद्दू के बीज खाने से दिल से जुड़ी बीमारियों से बचाव की गारंटी नहीं होती है। दिल की सेहत को बेहतर रखने के लिए पूरी डाइट, नियमित शारीरिक गतिविधियां, पर्याप्त नींद और हेल्दी आदतें अपनाना जरूरी है।
इसे भी पढ़ें: मर्दाना ताकत बढ़ाने के लिए कद्दू के बीज के फायदे, एक्सपर्ट से जानें कैसे करें डाइट में शामिल
3. पाचन के लिए मददगार
अगर कद्दू के बीजों को उनके छिलके सहित खाया जाए तो इनमें फाइबर की मात्रा भी अच्छी हो सकती है। फाइबर पाचन क्रिया को बेहतर रखने और नियमित मल त्याग करने में मदद करता है। हालांकि, अचानक बहुत ज्यादा बीज खाने से कुछ लोगों को गैस, ब्लोटिंग या असुविधा की समस्या हो सकती है। इसलिए, शुरुआत कम मात्रा में करना बेहतर होता है और पर्याप्त मात्रा में पानी भी पीना जरूरी है।
4. मैग्नीशियम का अच्छा सोर्स
कद्दू के बीज मैग्नीशियम से भरपूर होते हैं। यह शरीर में एनर्जी बढ़ाने, मांसपेशियों और नर्वस सिस्टम को सही तरीके से काम करने समेत कई प्रक्रियाओं के लिए जरूरी होता है। अगर आपकी डाइट में मैग्नीशियम की कमी है तो डॉक्टर या डाइटीशियन की सलाह के अनुसार मैग्नीशियम से भरपूर फूड्स शामिल किए जा सकते हैं।
5. जिंक से भरपूर
कद्दू के बीज जिंक से भरपूर होते हैं। जिंक इम्यून सिस्टम के सामान्य कामकाज, घाव भरने और शरीर की कई प्रक्रियाओं के लिए जरूरी मिनरल है। ध्यान रखें, कद्दू के बीज खाने से तुरंत शरीर में एनर्जी नहीं बढ़ती है, बल्कि इसके साथ संतुलित डाइट लेना जरूरी है।

6. वजन कंट्रोल करने में फायदेमंद
कद्दू के बीजों में मौजूद प्रोटीन, फाइबर और फैट के कारण इन्हें खाने में पेट भरा हुआ महसूस हो सकता है। इस कारण इन्हें अनहेल्दी स्नैक्स के स्थान पर हल्की भूख मिटाने के लिए थोड़ी मात्रा में लिया जा सकता है।
कद्दू के बीज खाने का सही तरीका क्या है?
न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा के अनुसार, कद्दू के बीजों को कच्चा या हल्का भूनकर खाया जा सकता है। अगर आप इन्हें भूनते हैं, तो बहुत ज्यादा तेल, नमक या मसाले का इस्तेमाल न करें। आप इसे कई तरह से अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं, जैसे-
- सुबह ओट्स या दलिया के ऊपर डालें
- दही या सलाद में मिलाकर खाएं
- स्मूदी में थोड़ी मात्रा शामिल करें
- हल्का भूनकर शाम के समय स्नैक की तरह खाएं
इसे भी पढ़ें: क्या कद्दू के बीज खाने से वाकई वजन घटता है? एक्सपर्ट से जानें
कद्दू के बीज की रोज कितनी मात्रा खानी चाहिए?
न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा ने बताया कि एक हेल्दी व्यक्ति के लिए आमतौर पर लगभग 1-2 बड़े चम्मच कद्दू के बीज रोजाना डाइट में शामिल किए जा सकते हैं। हालांकि, सही मात्रा आपकी कुल डाइट, कैलोरी की जरूरत और हेल्थ स्थिति पर निर्भर करती है। अगर आप पहली बार इन्हें खा रहे हैं, तो कम मात्रा में इसे खाने की शुरुआत करनी चाहिए। ज्यादा मात्रा में खाने से अतिरिक्त कैलोरी के साथ पेट से जुड़ी समस्याएं भी हो सकती हैं।
निष्कर्ष
कद्दू के बीज में प्रोटीन, फाइबर, मैग्नीशियम, जिंक और हेल्दी फैट्स पाए जाते हैं, जो संतुलित आहार में शामिल करना फायदेमंद हो सकता है। इन्हें सलाद, दही, दलिया या हल्के स्नैक के रूप में आसानी से खाया जा सकता है।
Image Credit: Freepik
FAQ
1 दिन में कितने कद्दू के बीज खाने चाहिए?
हेल्दी व्यक्ति को एक दिन में 20 से 30 ग्राम या लगभग 1 से 2 बड़े चम्मच कद्दू के बीज खाने चाहिए। ज्यादा मात्रा में इसका सेवन सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है।कद्दू के बीज की तासीर क्या होती है?
कद्दू के बीज की तासीर गर्म होती है। इसलिए, इसे सीमित मात्रा में और भिगोकर खाना चाहिए, ताकि पेट में गर्मी बढ़ने और एसिडिटी की समस्या से बचा जा सके।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 31, 2026 16:47 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dt Rakshita Mehra