सर्दियों में स्किन हाइड्रेट रखने के लिए चेहरे पर लगाएं ये एलोवेरा, गुलाब जल और बादाम तेल का फेस पैक

सर्दियों का मौसम आते ही स्किन से जुड़ी कई समस्याएं परेशान करने लगती हैं। ठंडी हवाओं और कम नमी के कारण स्किन ड्राई, बेजान और खिंची-खिंची महसूस होने लगती है। कई बार चेहरे पर सफेद परत जमने लगती है और स्किन की चमक कम हो जाती है। ऐसे में स्किन को ज्यादा केयर की जरूरत होती है। सर्दियों में स्किन को हेल्दी और हाइड्रेट रखने के लिए आपको महंगे मॉइश्चराइजर और ब्यूटी प्रोडक्ट्स की जरूरत नहीं है, बल्कि घर पर मौजूद कुछ चीजों से आप हाइड्रेटिंग फेस मास्क बना सकते हैं। आइए इस लेख में मेवाड़ विश्वविद्यालय में प्रोफेसर एवं प्राकृतिक चिकित्सालय बापू नगर, जयपुर की वरिष्ठ चिकित्सक योग, प्राकृतिक चिकित्सा पोषण और आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. किरण गुप्ता से जानते हैं कि सर्दियों में एलोवेरा, गुलाब जल और बादाम तेल का फेस पैक कैसे बनाएं?
एलोवेरा, गुलाब जल और बादाम तेल फेस पैक के फायदे
डॉ. किरण गुप्ता कहती हैं कि एलोवेरा, गुलाब जल और बादाम का तेल ऐसी चीजें हैं, जो स्किन केयर में लंबे समय से इस्तेमाल किया जाता रहा है। एलोवेरा स्किन को नमी देने में मदद करता है, गुलाब जल स्किन को ताजगी देता है और बादाम का तेल ड्राई स्किन को मुलायम बनाता है। इसलिए, इन चीजों को मिलाकर चेहरे पर लगाने से कई तरह के फायदे मिल सकते हैं।
1. त्वचा को रखता है हाइड्रेटेड
सर्दियों में स्किन की नमी कम होने के कारण ड्राईनेस की समस्या बढ़ जाती है। खासतौर पर जिन लोगों की स्किन पहले से ड्राई होती है, उन्हें ठंड के मौसम में ज्यादा परेशानी होती है। ऐसे में इस फेस पैक का इस्तेमाल करने से स्किन की नमी को बनाए रखने में मदद मिलती है। एलोवेरा में पानी की अच्छी मात्रा होती है, जो स्किन को हाइड्रेट करने में मदद करता है। वहीं, बादाम का तेल स्किन की नमी को बनाए रखने में मदद कर सकता है।
साल 2019 में Iranian Journal of Medical Sciences में प्रकाशित एक स्टडी के अनुसार, एलोवेरा जेल में लगभग 99% पानी होता है और साथ ही ऐसे पोषक तत्व भी होते हैं जो त्वचा में नमी बनाए रखते हैं। इससे स्किन मुलायम और लचीली रहती है।
2. रूखी और बेजान त्वचा को बनाए मुलायम
ठंडी हवाओं के संपर्क में रहने से स्किन अपनी नेचुरल नमी खोने लगती है। ऐसे में इस फेस पैक में मौजूद बादाम तेल में फैटी एसिड और विटामिन ई स्किन को मुलायम बनाए रखने में मदद करते हैं। एलोवेरा और बादाम का तेल स्किन को नमी देने का काम करता है। इससे स्किन पहले की तुलना में ज्यादा मुलायम महसूस हो सकती है।
इसे भी पढ़ें: सर्दियों में स्किन की ड्राईनेस दूर करने के लिए एलोवेरा जेल बेहतर या मलाई का फेस पैक? खुद एक्सपर्ट ने बताया
3. चेहरे को ताजगी देता है
सर्दियों में भी धूल-मिट्टी और प्रदूषण के कारण चेहरा बेजान और थका हुआ नजर आ सकता है। ऐसे में गुलाब जल स्किन को ताजगी देने में मदद करता है। गुलाब जल का इस्तेमाल लंबे समय तक स्किन को हेल्दी रखने में मदद करता है। यह स्किन को हल्का फ्रेश महसूस करा सकता है। वहीं, एलोवेरा स्किन को आराम देने में मदद करता है।
4. स्किन की चमक बनाए रखने में मददगार
सर्दियों में ड्राईनेस के कारण चेहरे की चमक कम हो सकती है। स्किन पर रूखी परत जमने से चेहरा थका हुआ दिखाई देता है। एलोवेरा और बादाम तेल से तैयार फेस पैक स्किन को मॉइश्चराइज करके उसे मुलायम बनाए रखने में मदद कर सकता है। बादाम तेल में मौजूद विटामिन ई स्किन को ऑक्सीडेटिव तनाव से होने वाले नुकसान से बचाने में अहम भूमिका निभाता है।
5. स्किन बैरियर को बनाए रखने में फायदेमंद
स्किन की बाहरी परत यानी स्किन बैरियर शरीर को बाहरी नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों से बचाने और नमी बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती है। सर्दियों में ठंडी हवा और कम नमी के कारण यह परत प्रभावित हो सकती है। बादाम के तेल में मौजूद फैटी एसिड स्किन की बाहरी परत को मुलायम बनाने और नमी बनाए रखने में मदद कर सकते हैं। एलोवेरा भी स्किन को हाइड्रेट रखता है।
Homemade-Face-Mask-For-Winter-Skin
एलोवेरा, गुलाब जल और बादाम तेल का फेस पैक बनाने का तरीका
एलोवेरा, बादाम का तेल और गुलाब जल के इस फेस पैक को आप घर पर आसानी से तैयार कर सकते हैं।
सामग्री
- एलोवेरा जेल- 2 चम्मच
- गुलाब जल- 1 चम्मच
- बादाम का तेल- आधा चम्मच
फेस पैक बनाने का तरीका
- सबसे पहले एक साफ कटोरी में एलोवेरा जेल डालें।
- अब इसमें गुलाब जल मिलाकर अच्छी तरह मिक्स कर लें।
- इसके बाद आधा चम्मच बादाम तेल डालें।
- सभी चीजों तो तब तक मिलाएं, जब तक एक चिकना मिश्रण तैयार न हो जाए।
- बस आपका होममेड फेस पैक इस्तेमाल करने के लिए तैयार है।
चेहरे पर यह फेस पैक कैसे लगाएं?
- चेहरे पर यह फेस पैक लगाने के लिए इन स्टेप्स को फॉलो करें-
- सबसे पहले अपने चेहरे को किसी माइल्ड फेस वॉश से साफ कर लें।
- अब तैयार फेस पैक को चेहरे और गर्दन पर हल्के हाथों से लगाएं।
- इसे 10 से 15 मिनट तक चेहरे पर लगा रहने दें।
- इसके बाद नॉर्मल या हल्के गुनगुने पानी से चेहरा धो लें।
- आखिर में अपनी स्किन टाइप के अनुसार चेहरे पर मॉइश्चराइजर लगाएं।
इसे भी पढ़ें: चेहरे पर निखार बढ़ाएगा ओट्स, एक्सपर्ट से जानें इस्तेमाल के सही तरीके
फेस पैक इस्तेमाल करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
एलोवेरा, गुलाब जल और बादाम तेल से तैयार इस फेस पैक में नेचुरल चीजें इस्तेमाल की जाती हैं, लेकिन जरूरी नहीं है कि ये सामग्रियां सभी की स्किन के लिए सही हों। इसलिए, चेहरे पर इस फेस पैक को लगाते समय इन बातों का ध्यान रखें-
- चेहरे पर फेस पैक लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें।
- हमेशा साफ और शुद्ध एलोवेरा जेल का उपयोग करें।
- गुलाब जल में अल्कोहल या तेज खुशबू वाले तत्व न हो इस बात का ध्यान रखें।
- बादाम से एलर्जी होने पर बादाम का तेल भी इस्तेमाल करने से बचें।
- अगर आपकी स्किन ऑयली या एक्ने वाली है तो बादाम तेल का इस्तेमाल सावधानी से करें।
- फेस पैक को रातभर चेहरे पर लगाकर न छोड़ें।
निष्कर्ष
सर्दियों में स्किन को मुलायम, हाइड्रेटेड और हेल्दी बनाए रखने के लिए एलोवेरा जेल, गुलाब जल और बादाम तेल का फेस पैक इस्तेमाल करना एक बेहतर विकल्प हो सकता है। हालांकि, स्किन को हेल्दी रखने के लिए नियमित रूप से त्वचा को मॉइश्चराइज करें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और दिन में सनस्क्रीन का इस्तेमाल जरूर करें।
Image Credit: Freepik
FAQ
क्या हम एलोवेरा को रोजाना रात भर चेहरे पर लगा सकते हैं?
नॉर्मल और ड्राई स्किन पर शुद्ध एलोवेरा जेल रातभर लगाया जा सकता है, लेकिन सेंसिटिव या ऑयली स्किन पर जलन या चिपचिपापन हो सकता है। इसलिए, पहले पैच टेस्ट कर लें और सुबह गुनगुने पानी से चेहरा धो लें।एलोवेरा 1 हफ्ते में कितनी बार लगाना चाहिए?
आमतौर पर हफ्ते में 3 से 4 बार एलोवेरा जेल लगाना काफी होता है। अगर आपकी स्किन को यह सूट करता है और कोई जलन नहीं होती है तो आप इसे रोज भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 21, 2026 22:48 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Kiran Gupta