
सेहतमंद रहने के लिए सुबह का नाश्ता बहुत जरूरी होता है। यह न केवल आपको स्वस्थ रखता है बल्कि कई खतरनाक बीमारियों से बचाता भी है। इससे आपका तन और मन दोनों स्वस्थ रहता है और आप दिनभर उर्जा से भरे रहते हैं। विशेषज्ञों की मानें तो एक स्वस्थ नाश्ता दिन की महत्वपूर्ण शुरूआत है। यह आपको अपने कामकाज को बेहतर तरीके से करने के लिए ईंधन का कार्य करता है। आपका नाश्ता कैसा होना चाहिए और इसके फायदे क्या हैं, आइए जानते हैं।
करें फल का सेवन
आप सुबह के नाश्ते में अपने पसंदीदा फलों का सेवन कर सकते हैं। सेब, केला, अनार, संतरा आदि फलों का सेवन बहुत ही फायदेमंद होता है। आप चाहें तो फलों की स्मूदी बनाकर भी पी सकते हैं। आपके लिए बनाना शेक भी सर्वोत्तम आहार हो सकता है, इसके लिए केले को ब्लैंड कर उसमें दूध और ड्राई फ्रूट्स को मिलाकर सेवन कर सकते हैं।
अंडे का सैंडविच
सुबह के नाश्ते में अंडे का सेवन बहुत फायदेमंद होता है। इसके सेवन से शरीर की स्टेमिना बढ़ती है। अंडे में प्रोटीन की प्रचुर मात्रा पाई जाती है। यह मसल्स को मजबूत बनाता है। नाश्ते के तौर पर आप अंडे का सैंडविच खा सकते हैं। इसके लिए आप अंडे को पहले छोटे—छोटे टुकड़ों में काट लीजिए और इसे ब्राउन ब्रेड पर रखिए, इसके बाद ऊपर से जरा सा नमक मिला लीजिए। इसके ऊपर जरा सा शहद भी डाल लीजिए। आप चाहें तो थोड़ी मेयोनीज भी मिला सकते हैं।
ब्रेड जैम के साथ पीनट बटर
कई बार आप घर से जल्दी निकलने के चक्कर में नाश्ता नहीं करते हैं या भूल जाते हैं। जबकि ऐसा बिल्कुल भी नहीं करना चाहिए। अगर आपके पास समय कम है तो आप झटपट नाश्ते का भी विकल्प रख सकते हैं। इसके लिए आप दो ब्रेड लीजिए, एक पर मूंगफली का मक्खन (पीनट बटर) लगाएं और दूसरे ब्रेड पर जैम लगाइए। दोनों को जोड़ दीजिए। लीजिए अब आपका सुबह का सबसे आसानी से बनने वाला और हेल्थी नाश्ता तैयार है।
ओट्स
ओट्स घुलनशील फाइबर से भरपूर होते हैं जो कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में मदद करते हैं। ये घुलनशील फाइबर आंतों के संक्रमण के समय को बढ़ाने और ग्लूकोज अवशोषण को कम करने में मदद करते हैं। ओट्स में बीटा ग्लूकेन भी होता है जो एक लिपिड कम करने वाला एजेंट होता है। एक बहुत ही स्वस्थ नाश्ता विकल्प है। ओट्स को आप फलों व मेवों के साथ भी लें सकते है या फिर इसमें मौसमी फलों के साथ सूखे मेवे डालकर भी आप खा सकते हैं।
उपमा और पोहा
गुजरातियों में ये आहार काफी प्रचलित है। उपमा या पोहा बहुत हेल्दी नाश्ते हैं। इसको पौष्टिक और स्वादिष्ठ बनाने के लिए आप इसमें मटर, प्याज, आलू व अपनी पसंद की अन्य सब्जियां डाल सकते हैं। ऐसा करने से आपको स्वाद और पोषण दोनों मिलेगा। इससे सुबह आपका पेट भरा रहेगा और आप पूरी एनर्जी के साथ अपना काम कर सकेंगे।
इसे भी पढ़ें: हाई ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने के लिए रोजाना खाएं ये 5 तरह के फूड, हृदय को रखते हैं हेल्दी
लो कैलोरी ब्रेकफास्ट
सप्ताह के पहले दिन आप लो कैलोरी नाश्ते से शुरुआत कर सकते हैं। इसके लिए मैक्सिकन खाना सबसे सही माना गया है, क्योंकि इसमें कैलोरी और वसा की मात्रा काफी कम होती है। आप चाहें तो ब्रेकफास्ट बरीटोज से दिन की शुरुआत कर सकते हैं। इसमें आप अंडे की सफेदी को रैप करके खा सकते हैं।
वेजिटेबल जूस
वेजिटेबल यानी सब्जियों का जूस पीना स्वास्थ्यवर्धक है। सब्जियों को रस के रूप में सेवन करने पर शरीर पोषक तत्वों को बहुत बेहतर तरीके से अवशोषित करता है। स्वाभाविक रूप से रस पीने से आपके शरीर को उच्च स्तर के पोषक तत्व और एंटीऑक्सिडेंट की आपूर्ति हो सकती है। सुबह के नाश्ते में एक ग्लास वेजिटेबल जूस आपको उर्जा से भर देगा।
इसे भी पढ़ें: सुबह का नाश्ता करने से नहीं होता डायबिटीज का खतरा, नहीं आता मोटापा
क्यों जरूरी है नाश्ता
हमें ऊर्जा प्रदान करने के अलावा, नाश्ते के खाद्य पदार्थ कैल्शियम, आयरन, विटामिन बी, प्रोटीन और फाइबर जैसे महत्वपूर्ण पोषक तत्वों के अच्छे स्रोत हैं। शरीर को इन आवश्यक पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है और शोध से पता चलता है कि अगर ये नाश्ते में छूट जाते हैं, तो बाद में दिन में इनकी भरपाई होने की संभावना कम होती है।
Read More Articles On Diet & Nutrition In Hindi