Habits That Can Cause Fatty Liver In Hindi: फैटी लिवर की समस्या आजकल काफी आम हो गई है। इस बीमारी में लिवर की कोशिकाओं में ज्यादा मात्रा में फैट जमा हो जाता है। फैटी लिवर होने पर लिवर में सूजन बढ़ने लगती है, जिससे लिवर डैमेज होने का भी खतरा रहता है। सही समय पर उपचार न करने से मरीज की जान भी जा सकती है। लिवर फैटी होने के कई कारण हो सकते हैं। जिसमें गलत खानपान, खराब और असक्रिय जीवनशैली, शराब का सेवन और कुछ तरह के वायरल इंफेक्शन शामिल हैं। इसके अलावा, हमारी रोजमर्रा की कुछ खराब आदतें भी फैटी लिवर का कारण बन सकती हैं। अगर समय रहते इन आदतों में सुधार न किया जाए, तो मरीज की स्थिति और ज्यादा गंभीर हो सकती है। इस बारे में ज्यादा जानकारी प्राप्त करने के लिए हमने नोएडा स्थित मैक्स हॉस्पिटल के जनरल फिजिशियन डॉ आकाश गर्ग से बात की। आज इस लेख में हम आपको रोजाना की ऐसी 5 गलत आदतों के बारे में बता रहे हैं, जो फैटी लिवर का कारण बन सकती हैं।
फैटी लिवर के लक्षण - Fatty Liver Symptoms In Hindi
- भूख कम लगना
- बहुत थकान और कमजोरी महसूस होना
- अचानक पेट में तेज दर्द होना
- उल्टी-मितली महसूस होना
- बिना किसी वजह वजन घटना
- आंखों में पीलापन और त्वचा भी पीली पड़ना
- त्वचा में एलर्जी और खुजली
- पैरों में सूजन
- पीले या गहरे रंग का पेशाब आना
फैटी लिवर का कारण बन सकती हैं ये 5 खराब आदतें - Harmful Habits That Can Cause Fatty Liver In Hindi
1. खानपान की आदतें
खानपान की गलत आदतें फैटी लिवर का मुख्य कारण बन सकती हैं। खाने में ज्यादा तेल, घी, मक्खन, मसालेदार भोजन और जंक फूड के अधिक सेवन से लिवर में फैट जमा हो सकता है। इन सभी फूड्स में कैलोरी और ट्रांस फैट के मात्रा अधिक होती है। जिसकी वजह से ये फूड्स न केवल वजन को बढ़ाते हैं, बल्कि लिवर को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं।
2. असक्रिय जीवन शैली
डेली रूटीन में शारीरिक गतिविधि की कमी के कारण भी लिवर फैटी हो सकता है। वर्तमान समय में हम में से अधिकतर लोग असक्रिय जीवनशैली व्यतीत कर रहे हैं। सिर्फ बड़े ही नहीं, बल्कि बच्चे भी अपना अधिकतर समय मोबाइल फोन और लैपटॉप की स्क्रीन के आगे बिताते हैं। इसकी वजह से मोटापा बढ़ता है, जो फैटी लिवर का कारण बन सकता है। खराब जीवनशैली की वजह से कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
इसे भी पढ़ें: लिवर की गर्मी कैसे दूर करें? डॉक्टर से जानें गर्मी कम करने के उपाय
3. शराब का सेवन
सिगरेट और शराब का सेवन आपके लिवर के लिए नुकसानदायक हो सकता है। नशीले पदार्थों का सेवन करने से लिवर में टॉक्सिंस जमा होने लगते हैं, जिससे लिवर की कार्यक्षमता पर असर पड़ता है। इसकी वजह से फैटी लिवर, लिवर सिरोसिस और यहां तक कि लिवर डैमेज होने का खतरा भी बढ़ जाता है। इसलिए आपको शराब और धूम्रपान का सेवन करने से परहेज करना चाहिए।
4. नींद पूरी न होना
अगर आप रात में पर्याप्त नींद नहीं लेते हैं, तो इसकी वजह से आपकी लिवर की सेहत खराब हो सकती है। नींद की कमी शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस का कारण बनती है, जिससे फैटी लिवर समेत कई गंभीर बीमारियों का जोखिम बढ़ सकता है। इससे बचने के लिए रोजाना 7 से 8 घंटे की नींद जरूर लें।
इसे भी पढ़ें: शरीर के लिए क्यों जरूरी है हेल्दी लिवर? डॉक्टर से जानें लिवर को हेल्दी बनाने के उपाय
5. ज्यादा शुगर का सेवन
शुगर का अधिक सेवन आपके लिवर के लिए काफी नुकसानदायक हो सकता है। बहुत अधिक मात्रा में रिफाइंड शुगर का सेवन करने से फैटी लिवर की समस्या हो सकती है। सफेद चीनी, मिठाई, बिस्कुट, केक और सॉफ्ट ड्रिंक्स में रिफाइंड शुगर अधिक मात्रा में मौजूद होता है। इसलिए इनका सेवन करने से बचें।
फैटी लिवर से बचने के लिए फॉलो करें ये टिप्स - Tips To Prevent Fatty Liver In Hindi
- फैटी लिवर से बचने के लिए अपने खानपान का खास ख्याल रखें। तला-भुना और जंक फूड खाने से परहेज करें। साथ ही, अपनी डाइट में साबुत अनाज, ताजे फल-सब्जियां और लो-फैट डेयरी प्रोडक्ट्स को शामिल करें।
- लिवर को स्वस्थ रखने के लिए फिजिकल एक्टिविटी बहुत जरूरी है। सप्ताह में कम से कम 5 दिन प्रतिदिन 30-60 मिनट व्यायाम करें। इसके अलावा, आप वॉकिंग, जॉगिंग, स्विमिंग और साइकिलिंग को भी डेली रूटीन में शामिल कर सकते हैं।
- प्रतिदिन 5000 से अधिक कदम चलने की आदत डालें। इससे लिवर को स्वस्थ रखने में मदद मिल सकती है।
- अगर आपका वजन सामान्य से अधिक है, जो वेट कम करने की कोशिश करें। क्योंकि बढ़ा हुआ वजन कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है।
- सिगरेट, शराब और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करने से बचें।
- अगर आपको डायबिटीज, हाई बीपी या हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या है, तो डॉक्टर की सलाह से अपने खानपान और जीवनशैली में बदलाव करें।
- विटामिन ई से भरपूर डाइट लें, आप एक्सपर्ट की सलाह से इसके सप्लीमेंट्स भी ले सकते हैं।
फैटी लिवर की समस्या से बचने के लिए आप अपनी इन खराब आदतों को आज ही छोड़ दें। अगर आपको फैटी लिवर की समस्या है, तो पौष्टिक और संतुलित आहार लें और अपनी जीवनशैली में सकारत्मक बदलाव लाएं।