Cracking Lips And Health Problems : सेहत में होने वाले बदलाव का असर त्वचा पर देखने को मिल सकता है। इन संकेतों को नजरअंदाज करने से आपको अन्य समस्या शुरू हो सकती है। होंठ लोगों की खूबसूरती को बढ़ाने में सहायक होते हैं। गुलाबी व मॉइश्चराइजड होठों आपकी स्किन की क्वालिटी को दर्शाते हैं। वहीं कुछ लोगों के होंठ हर मौसम में बार-बार फटने लगते हैं। यह समस्या कई तरह के रोगों की ओर संकेत करती हैं। अगर, आपके होंठ भी बार-बार रूखे, बेजान व फटने लगे हैं, तो इस संकेत को हल्के में न लें। यह कई तरह के रोगों का लक्षण हो सकता है। आगे अपोलो स्पेक्ट्रा अस्पताल के त्वचारोग विशेषज्ञ डॉ. दीपिक सिंह से जानते हैं कि होंठ किन कारणों से बार-बार फटने लगते हैं।
होंठ बार-बार फटने के कारण क्या होते हैं? Causes Of Lips Cracking in Hindi
कैंडिडा इंफेक्शन
मुंह के कोनों में बार-बार दरारें पड़ना, जिसे एंगुलर चेलाइटिस कहा जाता है। यह कैंडिडा इंफेक्शन का संकेत हो सकता है। कैंडिडा, एक प्रकार फंगस होता है जो स्किन के नमी वाले क्षेत्रों में पनपता है और बाद में यह संक्रमण का कारण बन सकता है। जिससे आपकी स्किन पर लालिमा, सूजन और दरारें हो सकती हैं। जिन लोगों का इम्यून सिस्टम कमजोर होता है उनको यह समस्या हो सकती है। साथ ही, जो लोग बार-बार होठों को चाटते हैं, उनको इस तरह का इंफेक्शन होने की संभावना अधिक होती है। ऐसे में फंगस का इलाज कर आप होंठ की एलर्जी से बच सकते हैं।
डिहाइड्रेशन
होंठ फटने के पीछे सबसे आम कारणों में से एक डिहाइड्रेशन माना जाता है। होठों में बाकी त्वचा की तरह तेल ग्रंथियां नहीं होती हैं, जिससे उनके जल्दी सूखने का खतरा रहता है। पर्याप्त मात्रा में पानी न पीने से शरीर में नमी का स्तर कम हो सकता है, जो आपके होठों के रूखेपन और फटने का कारण बन सकता है। इस प्रकार, फटे हुए होंठ डिहाइड्रेशन का संकेत हो सकता है।
विटामिन की कमी
फटे होंठ पोषक तत्वों की कमी की ओर भी इशारा कर सकते हैं। विशेष रूप से शरीर के लिए आवश्यक विटामिन जैसे विटामिन बी, विटामिन सी और विटामिन ई की कमी। ये विटामिन त्वचा को स्वास्थ्य को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनकी कमी से त्वचा की खराब हो सकती है, जिससे होंठ फट सकते हैं और उनमें दर्द हो सकता है। इसलिए, बार-बार होठों का फटना शरीर में विटामिन और अन्य पोषण की ओर संकेत करता है। ऐसे में आप डाइट में बदलाव करें और पौष्टिक चीजों का सेवन अधिक करें।
थायरॉइड डिसफंक्शन
थायरॉइड डिसफंक्शन पर भी कुछ लोगों के होंठ बार-बार रूखे व फटने लगते हैं। अतिसक्रिय और अल्पसक्रिय थायरॉयड दोनों ही त्वचा में परिवर्तन का कारण बन सकते हैं, जिसमें सूखापन और होंठों का फटना भी शामिल है। यदि आपके भी होंठ बार-बार फट रहें हैं, तो ऐसे में डॉक्टर से संपर्क करें।
स्किन एलर्जी
लिप बाम, ब्यूटी प्रोडक्ट व कुछ खाद्य पदार्थों से आपको एलर्जिक रिएक्शन हो सकता है और यह होंठ फटने का कारण बन सकता है। एलर्जी होने पर होठों पर सूजन हो जाती है, जिससे होंठ शुष्क, लाल और फट जाते हैं। स्किन पर होने वाले इस रिएक्शन का कारण बनने वाले एलर्जेन की पहचान करें और उससे दूरी बनाएं या डॉक्टर से एलर्जी की दवा लाएं। इससे होंठ का फटना कम हो जाएगा।
इसे भी पढ़ें : त्वचा पर लाल स्पॉट क्यों होते हैं? डॉक्टर से जानें इसके कारण
होंठ का फटना त्वचा की एक सामान्य प्रक्रिया भी हो सकती है। इससे बचने के लिए आप मॉइश्चराइजिंग क्रीम का उपयोग करें। यदि, इसके बाद भी होंठ का रूखापन दूर नहीं हो रहा है, तो ऐसे में आप डॉक्टर की मदद लें। कई बार यह किसी अन्य बीमारी का संकेत हो सकता है। डॉक्टर आपकी जांच कर इस समस्या के सही कारण का पता लगा सकते हैं।