Does Hot Water Bath Reduce Sperm Count: खानपान में गड़बड़ी, खराब जीवनशैली और नशे आदि के कारण पुरुषों की प्रजनन क्षमता (Fertility) खराब होने का खतरा बढ़ जाता है। आज के समय में दुनियाभर के पुरुषों में इंफर्टिलिटी तेजी से बढ़ रही है। इंफर्टिलिटी से बचने के लिए डाइट और लाइफस्टाइल से जुड़ी आदतों में सुधार जरूर करना चाहिए। इस गंभीर समस्या के बारे में जानकारी में कमी के कारण ज्यादातर लोग इसे समझ नहीं पाते हैं। पहले इंफर्टिलिटी महिलाओं से जुड़ी समस्या मानी जाती थी। लेकिन जानकारी और जागरूकता बढ़ने के बाद पुरुष भी इसे गंभीरता से ले रहे हैं। ऐसा कहा जाता है कि गर्म या गुनगुने पानी से नहाने से भी पुरुष इंफर्टिलिटी का शिकार हो सकते हैं। सोशल मीडिया और इंटरनेट पर भी यह कहा जाता है कि गर्म पानी से नहाने के कारण पुरुषों की स्पर्म क्वालिटी खराब हो सकती है।
सेहत और खानपान से जुड़ी ऐसी बातों की सच्चाई बताने के लिए हम 'धोखा या हकीकत' नाम से एक सीरीज चला रहे हैं। इसके तहत हम आपको ऐसी ही बातों की सच्चाई डॉक्टर या एक्सपर्ट के जरिए देने की कोशिश कर रहे हैं। ओनलीमायहेल्थ की स्पेशल Fact Check सीरीज 'धोखा या हकीकत' में आइए जानते हैं, क्या वाकई गर्म पानी से नहाने के कारण पुरुषों का स्पर्म काउंट खराब हो सकता है?
क्या गर्म पानी से नहाने से स्पर्म काउंट कम होता है?- Does Hot Water Bath Reduce Sperm Count in Hindi
ऐसा कहा जाता है कि गर्म पानी से नहाने से शरीर को कई गंभीर नुकसान पहुंच सकते हैं। सर्दियों के मौसम में अक्सर लोग नहाने के लिए गर्म या गुनगुने पानी का इस्तेमाल करते हैं। बाबू ईश्वर शरण हॉस्पिटल के सीनियर फिजीशियन डॉ समीर कहते हैं, "गर्म या गुनगुने पानी से नहाना शरीर के फायदेमंद भी होता है, लेकिन बहुत ज्यादा गर्म पानी से लंबे समय तक नहाना काफी नुकसानदायक हो सकता है।"
इसे भी पढ़ें: पुरुषों की फर्टिलिटी चेक करने के लिए कौन से टेस्ट किये जाते हैं? जानें कैसे होता है फर्टिलिटी टेस्ट
डॉ समीर ने बताया, गर्म पानी से नहाने या हॉट शॉवर लेने से आपकी प्रजनन क्षमता या स्पर्म काउंट प्रभावित नहीं होता है। लेकिन अगर आप गर्म पानी वाले बाथ टब में 10 मिनट से ज्यादा समय के लिए रहते हैं, तो इससे स्पर्म काउंट प्रभावित हो सकता है। अगर आप बच्चा प्लान कर रहे हैं, तो हॉट बाथ, स्टीम बाथ या सोना बाथ लेने से बचना चाहिए। इससे पुरुषों की प्रजनन क्षमता और स्पर्म क्वालिटी पर असर पड़ता है।
इसे भी पढ़ें: क्यों कमजोर होती है पुरुषों की फर्टिलिटी? डॉक्टर से जानें इसके इलाज के लिए सभी जरूरी बातें
फर्टिलिटी खराब होने के कारण?- What Causes Infertility in Males in Hindi
पुरुषों की प्रजनन क्षमता और फर्टिलिटी खराब होने के पीछे कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। खानपान और जीवनशैली से जुड़ी गड़बड़ी, शराब का बहुत ज्यादा सेवन, स्मोकिंग समेत कई कारणों से फर्टिलिटी पर असर पड़ता है। पुरुषों की फर्टिलिटी और स्पर्म काउंट खराब होने के पीछे कुछ प्रमुख कारण इस तरह से हैं-
- खराब खानपान
- निष्क्रिय जीवनशैली
- वैरिकोसिल के कारण
- अत्यधिक मात्रा में शराब का सेवन
- शारीरिक व्यायाम की कमी
- नींद से जुड़ी समस्याओं के कारण
- बढ़ती उम्र की वजह से
- स्मोकिंग की वजह से
- क्लाइनफेल्टर सिंड्रोम और सिस्टिक फाइब्रोसिस
- कैंसर और कैंसर के इलाज की वजह से
फर्टिलिटी ठीक रखने के लिए हेल्दी डाइट का सेवन, नियमित रूप से व्यायाम और योग का अभ्यास करना चाहिए। इसके अलावा स्मोकिंग और शराब के सेवन से दूरी बनाने से आपको इसमें फायदा मिलता है। यदि आप गर्भधारण करने में असमर्थ हैं, तो बेझिझक किसी फर्टिलिटी विशेषज्ञ से मिलें। ऐसी कई उन्नत तकनीकें हैं जिनके द्वारा पुरुषों की इनफर्टिलिटी को दूर किया जा सकता है।
(Image Courtesy: Freepik.com)