Moringa Powder Benefits: शरीर के लिए फायदेमंद अनेकों पोषक तत्वों से भरपूर सहजन सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है। सहजन पाउडर का सेवन शरीर की कई बीमारियों और समस्याओं को कम करने का काम करता है। सहजन का पाउडर इसकी पत्तियों को सुखाकर तैयार किया जाता है। सहजन की पत्तियों से लेकर इसके फल और तने का भी इस्तेमाल किया जाता है। सहजन पाउडर में कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, कैल्शियम, आयरन, पोटैशियम, विटामिन और मैग्नीशियम प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। हार्ट, लंग्स और किडनी के लिए सहजन पाउडर का सेवन बहुत ही फायदेमंद माना जाता है और आयुर्वेद में इसे औषधि के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। कई आयुर्वेदिक और अंग्रेजी दवाओं को बनाने में भी सहजन पाउडर का इस्तेमाल किया जाता है। गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं के लिए भी सहजन का पाउडर बहुत फायदेमंद माना जाता है।
सहजन को अंग्रेजी में मोरिंगा (Moringa) और ड्रमस्टिक (Drumstick) के नाम से भी जाना जाता है। सहजन को पोषक तत्वों का पावरहाउस कहा जाता है। इसमें मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट, प्रोटीन और खनिज शरीर को बीमारियों से बचाने और पोषण देने का काम करते हैं। न्यूट्रिशनल सप्लीमेंट के रूप में भी सहजन पाउडर का इस्तेमाल बहुत फायदेमंद होता है। सहजन पाउडर को सहजन की पत्तियों से तैयार किया जाता है। सहजन की पत्तियों में आयरन, कैल्शियम, विटामिन सी, विटामिन ए, विटामिन ई, विटामिन बी 6 समेत राइबोफ्लेविन की पर्याप्त मात्रा होती है। शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने से लेकर हड्डियों को मजबूत करने में सहजन पाउडर का सेवन बहुत फायदेमंद होता है।
इसे भी पढ़ें: सहजन की पत्तियों का जूस पीने से शरीर की इन 5 समस्याओं में मिलता है फायदा, जानें इसे पीने का तरीका
सहजन का पाउडर खाने के फायदे- Moringa Powder Benefits in Hindi
सहजन का पाउडर का इस्तेमाल लोग हर्बल न्यूट्रिशनल सप्लीमेंट के तौर पर करते हैं। इसका सेवन शरीर के लिए बहुत उपयोगी होता है। जानें सहजन पाउडर खाने के फायदे-
1. सहजन के पाउडर में पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन पाया जाता है। इसका सेवन वेजिटेरियन डायट का सेवन करने वाले लोगों में प्रोटीन की कमी दूर करने के लिए बहुत फायदेमंद होता है। शाकाहारी लोग प्रोटीन सप्लीमेंट के रूप में सहजन पाउडर का सेवन करते हैं, इसमें मौजूद जरूरी अमीनो एसिड शरीर के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं।
2. डायबिटीज के मरीजों के लिए सहजन पाउडर का सेवन बहुत फायदेमंद होता है। कई शोध और अध्ययन इस बात की पुष्टि करते हैं कि सहजन का पाउडर इस्तेमाल करने से शरीर में ब्लड शुगर के स्तर को कंट्रोल करने में फायदा मिलता है। डायबिटीज के मरीज डॉक्टर की सलाह लेकर सहजन पाउडर का सेवन कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: सहजन खाने से शरीर को हो सकते हैं ये नुकसान, इन सावधानियों का रखें ध्यान
3. शरीर में बढ़े बैड कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कंट्रोल करने के लिए सहजन का सेवन बहुत फायदेमंद माना जाता है। इसका सेवन करने से दिल की बीमारियों का खतरा भी कम होता है। कई शोध और अध्ययनों में यह कहा गया है कि सहजन शरीर में ब्लड क्लॉटिंग होने से भी रोकता है। दिल की बीमारियों का जोखिम कम करने के लिए सहजन का सेवन बहुत फायदेमंद होता है।
4. सहजन पाउडर में मौजूद गुण शरीर को डिटॉक्स करने का काम करते हैं। इसे पानी में मिलाकर पीने से आपके शरीर में मौजूद विषाक्त पदार्थ बाहर निकल जाते हैं। इससे आपकी किडनी को भी फायदा मिलता है। किडनी में मौजूद टॉक्सिंस सहजन पाउडर के इस्तेमाल से आसानी से फिल्टर हो जाते हैं।
5. सहजन का पाउडर खाने से आपके शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी बेहतर होती है। इसका सेवन शरीर को सर्दी-जुकाम और वायरल इन्फेक्शन जैसी समस्याओं से बचाने का काम करता है।
कैसे करें सहजन के पाउडर का सेवन?
सहजन के पाउडर का सेवन आप कई तरीके से कर सकते हैं। इसका सेवन पानी के साथ डॉक्टर की सलाह के आधार पर किया जा सकता है। चूंकि सहजन की पत्तियों को सुखाकर सहजन का पाउडर बनाया जाता है, इसलिए इसका सेवन पकाकर नहीं किया जाता है। आप सहजन के पाउडर से बनी गोली का सेवन कर सकते हैं। सहजन के पाउडर का सेवन संतुलित मात्रा में ही करना चाहिए। इसकी डोज के बारे में जानकारी के लिए आप डॉक्टर या आयुर्वेदाचार्य से सलाह जरूर लें।
(Image Courtesy: Freepik.com)