Expert

क्या मुरमुरे से कब्ज होता है? एक्सपर्ट से जानें फायदे और नुकसान

मुरमुरा, जिसे अंग्रेज़ी में puffed rice कहा जाता है, भारत के लगभग हर घर में खाया जाने वाला एक हल्का और झटपट बनने वाला नाश्ता है। यहां जानिए, क्या मुरमुरे से कब्ज होता है?
  • SHARE
  • FOLLOW
क्या मुरमुरे से कब्ज होता है? एक्सपर्ट से जानें फायदे और नुकसान


सेहतमंद रहने के लिए जरूरी है कि हमारा खानपान संतुलित और मौसम के अनुसार हो। गर्मी के मौसम में हल्का और सुपाच्य भोजन करने की सलाह दी जाती है ताकि शरीर में ताजगी बनी रहे और पाचन तंत्र पर ज्यादा दबाव न पड़े। ऐसे में बहुत से लोग गर्मियों में मुरमुरा, जिसे लइया, कुरमुरा या फूला हुआ चावल भी कहा जाता है, को नाश्ते या हल्के भोजन के रूप में पसंद करते हैं। यह न सिर्फ जल्दी बन जाता है बल्कि पेट पर भारी भी नहीं लगता। मुरमुरा स्वाद में हल्का और कुरकुरा होता है और भेलपूरी या हल्की भूख मिटाने के लिए इसका खूब इस्तेमाल होता है। लेकिन कई बार यह सवाल भी उठता है कि क्या मुरमुरे का अधिक सेवन करने से कब्ज की समस्या हो सकती है? खासकर उन लोगों में जिनका पाचन तंत्र पहले से ही थोड़ा कमजोर होता है। इस बारे में ज्यादा जानकारी के लिए हमने दिल्ली के एसेंट्रिक डाइट्स क्लीनिक की डाइटिशियन शिवाली गुप्ता (Shivali Gupta, Dietitian, Eccentric Diets Clinic) से बात की है।

क्या मुरमुरे से कब्ज होता है? - Does Murmura Cause Constipation

मुरमुरा चावल से बनाया जाता है और सामान्य चावल को गर्म रेत में तलकर इसका आकार फुला दिया जाता है जिससे यह हल्का और कुरकुरा बनता है। इसमें कोई मसाला या फैट नहीं होता, जिससे यह लो कैलोरी फूड माना जाता है। मुरमुरा मुख्यरूप से कार्बोहाइड्रेट का सोर्स होता है, इसमें प्रोटीन, फाइबर और अन्य पोषक तत्व कम मात्रा में होते हैं। सीधे तौर पर कहें तो, मुरमुरा कब्ज का कारण नहीं होता, लेकिन यदि इसे बार-बार, अकेले और बिना अन्य फाइबरयुक्त फूड्स के खाया जाए, तो यह पाचन तंत्र को सूखा कर सकता है जिससे मल सख्त हो जाता है और कब्ज की आशंका बढ़ जाती है। खासकर जिन लोगों की पाचन अग्नि कमजोर है, उन्हें इसे संतुलित रूप में खाना चाहिए।

इसे भी पढ़ें: भूख लगने पर खाएं दही, मुरमुरा और गुड़, सेहत को मिलेंगे ये 5 फायदे

मुरमुरा खाने के बाद कब्ज की समस्या से बचने के लिए इसे भेल के रूप में खाएं। प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, धनिया, नींबू और थोड़ा सा तेल या इमली की चटनी मिलाकर खाएं ताकि इसकी शुष्कता कम हो।
मुरमुरा को दही में भिगोकर खाने से यह पेट को ठंडक देता है और पाचन में सहायक होता है।
भुने चने, मूंगफली मिलाएं, इससे इसमें प्रोटीन और फाइबर की मात्रा बढ़ती है।
सूखा मुरमुरा खाने के बाद पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए ताकि मल सख्त न हो।

Does Murmura Cause Constipation

इसे भी पढ़ें: छाछ में दालचीनी पाउडर को मिलाकर पीने के फायदे, जानें एक्सपर्ट से 

मुरमुरे खाने के क्या फायदे हैं? - What are the benefits of eating puffed rice

  • वजन कम करने वालों के लिए यह एक अच्छा स्नैक विकल्प हो सकता है।
  • इसमें मौजूद कार्बोहाइड्रेट से शरीर को तुरंत एनर्जी मिलती है।
  • मुरमुरे को अगर प्याज, धनिया, टमाटर आदि के साथ खाया जाए, तो यह आसानी से पचता है।
  • यह पेट को हल्का रखता है और लंबे समय तक भूख नहीं लगने देता।

मुरमुरा खाने के नुकसान (यदि गलत तरीके से खाएं)

  • मुरमुरा अपने आप में बहुत कम फाइबर युक्त होता है।
  • लगातार सूखा मुरमुरा खाने से पेट में सूखापन और गैस बन सकती है। इसके अलावा कब्ज की समस्या भी हो सकती है।

निष्कर्ष

मुरमुरा एक आसान, हल्का और जल्दी पचने वाला फूड है, लेकिन इसे संतुलन के साथ खाना जरूरी है। यदि इसे बार-बार सूखा और अकेले खाया जाए तो यह कब्ज का कारण बन सकता है। लेकिन यदि आप इसे दही, सब्जियां, चटनी या अन्य पोषक तत्वों के साथ खाएं, तो यह स्वादिष्ट और हेल्दी विकल्प बन सकता है।

All Images Credit- Freepik

FAQ

  • कब्ज किस कमी से होता है?

    कब्ज मुख्यरूप से फाइबर, पानी और फिजिकल एक्टिविटी की कमी के कारण होता है। जब डाइट में पर्याप्त मात्रा में फाइबर नहीं होता, तो आंतों में मल का संचलन धीमा हो जाता है, जिससे मल सख्त और सूखा हो जाता है। साथ ही, पानी की कमी से शरीर मल से तरल खींच लेता है, जिससे कब्ज और बढ़ जाती है। ज्यादा ऑयली व जंक फूड का सेवन, तनाव और कुछ दवाएं भी इसके कारण हो सकते हैं।
  • क्या खाने से पेट हमेशा साफ रहता है?

    पेट को हमेशा साफ रखने के लिए डाइट में फाइबर युक्त फूड्स जैसे फल, हरी पत्तेदार सब्जियां, साबुत अनाज, दालें और चिया या सब्जा बीज को शामिल करना चाहिए। इसके अलावा, दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है ताकि आंतों में मल नरम रहे और आसानी से बाहर निकल सके। सुबह खाली पेट गुनगुना पानी या नींबू पानी भी फायदेमंद होता है। साथ ही, दही, छाछ जैसे प्रोबायोटिक फूड्स पाचन में सहायक होते हैं और पेट को साफ रखने में मदद करते हैं।
  • वजन घटाने के लिए मुरमुरा कैसे खाएं?

    वजन घटाने के लिए मुरमुरा एक बेहतरीन हल्का नाश्ता हो सकता है, बशर्ते इसे सही तरीके से खाया जाए। आप इसे साबुत मूंगफली, प्याज, टमाटर, खीरा, हरी मिर्च और नींबू के साथ मिलाकर हेल्दी भेल की तरह खा सकते हैं। इसमें फाइबर और प्रोटीन बढ़ाने के लिए थोड़ा भुना चना या अंकुरित दालें भी मिला सकते हैं। मुरमुरा कम कैलोरी वाला होता है, लेकिन इसमें तेल या मीठा न मिलाएं, वरना वजन घटाने की प्रक्रिया पर असर पड़ेगा।

 

 

 

Read Next

क्या गोंद कतीरा यूरिन इंफेक्शन में फायदेमंद है? एक्सपर्ट से जानें

Disclaimer