यूरिक एसिड शरीर में बनने वाला एक वेस्ट प्रोडक्ट होता है, जो प्यूरीन नाम के पदार्थ के टूटने से बनता है। आमतौर पर यह किडनी के जरिए पेशाब के साथ बाहर निकल जाता है, लेकिन शरीर में यूरिक एसिड की मात्रा बढ़ने से गाउट, जोड़ों में दर्द, सूजन और किडनी स्टोन जैसी समस्याएं अक्सर बढ़ जाती हैं। यूरिक एसिड बढ़ने के कारण जोड़ों में दर्द होना सबसे आम समस्या मानी जाती है। वर्तमान समय में बहुत से लोग नेचुरल उपायों की मदद से अपने यूरिक एसिड को कंट्रोल में रखने की कोशिश करते हैं, जिसमें नारियल पानी का सेवन भी शामिल है। कई लोगों का मानना है कि नारियल पानी पीने से यूरिक एसिड को कम किया जा सकता है। ऐसे में आइए आज के इस लेख में हम जयपुर स्थित Angelcare-A Nutrition and Wellness Center की निदेशक, डाइटिशियन एवं न्यूट्रिशनिस्ट अर्चना जैन से जानते हैं कि क्या यूरिक एसिड में नारियल पानी पीना फायदेमंद है?
नारियल पानी यूरिक एसिड में कैसे फायदेमंद है?
न्यूट्रिशनिस्ट अर्चना जैन ने बताया कि 2018 में BioMed Research International में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, नारियल पानी यूरिक एसिड और किडनी स्टोन से जुड़ी समस्याओं में काफी फायदेमंद हो सकता है। इसलिए, जिन लोगों में यूरिक एसिड का लेवल बढ़ा रहता है, उनके लिए नारियल पानी पीना लाभकारी हो सकता है।
1. साइट्रेट के लेवल को बढ़ाता है
इस स्टडी के अनुसार नारियल पानी पीने से पेशाब में मौजूद साइट्रेट की मात्रा लगभग 29% तक बढ़ जाती है। साइट्रेट एक ऐसा तत्व होता है, जो क्रिस्टल को आपस में जुड़ने और स्टोन बनने की प्रक्रिया को रोकने में मदद करता है, जो यूरिक एसिड में भी फायदेमंद होता है।
2. पोटेशियम से भरपूर
नारियल पानी में पोटेशियम की मात्रा बहुत ज्यादा होती है, जो यूरिक एसिड को कम या संतुलित करने में मदद कर सकता है। इस स्टडी के अनुसार नारियल पानी पीने से पेशाब में पोटेशियम का लेवल 130% तक बढ़ जाता है। पोटेशियम का लेवल बढ़ने से शरीर में एसिड के लेवल को संतुलित करने और यूरिक एसिड को शरीर से बाहर निकालने में मदद मिलती है।
इसे भी पढ़ें: क्या यूरिक एसिड पूरी तरह ठीक हो सकता है? जानें डॉक्टर से
3. यूरिक एसिड सुपरसैचुरेशन में कमी
इस स्टडी में बताया गया है कि नारियल पानी पीने से 'SSUA' (Supersaturation of Uric Acid) में कमी आ सकती है। नारियल पानी का नियमित सेवन करने से पेशाब में यूरिक एसिड के क्रिस्टल बनने की संभावना बहुत कम हो जाती है।
4. शरीर को हाइड्रेट रखें
नारियल पानी को उसके औषधीय गुणों के लिए जाना जाता है, जिसमें नेचुरल हाइड्रेशन गुण भी शामिल हैं। नारियल पानी एक बेहतरीन नेचुरल इलेक्ट्रोलाइट ड्रिंक भी है, जो आपके शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है। शरीर को हाइड्रेटेड रखने से किडनी यूरिक एसिड को शरीर से बाहर निकालने में मदद करती है।
यूरिक एसिड में नारियल पानी कब और कितना पिएं?
न्यूट्रिशनिस्ट अर्चना जैन का कहना है कि, यूरिक एसिड की समस्या में नारियल पानी का सेवन काफी फायदेमंद माना जाता है, लेकिन सही मात्रा और सही तरीके से इसे पीना भी आपकी सेहत के लिए बहुत जरूरी होता है। इसलिए, आप सुबह खाली पेट, नाश्ते के साथ या दोपहर में नारियल पानी का सेवन कर सकते हैं। इतना ही नहीं एक्सरसाइज के बाद भी नारियल पानी पीना लाभकारी होता है। इसके अलावा, एक दिन में 1 गिलास नारियल पानी पीना आपके सेहत के लिए फायदेमंद होता है। ध्यान रहे ज्यादा मात्रा में इसका सेवन आपकी सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है, इसलिए, सीमित मात्रा में ही इसका सेवन करें।
इसे भी पढ़ें: कमर की चर्बी से क्यों बढ़ता है यूरिक एसिड? डॉक्टर से जानें कारण और बचाव
नारियल पानी पीने में किसे सावधानी रखनी चाहिए?
न्यूट्रिशनिस्ट अर्चना जैन ने बताया कि, नारियल पानी पीना आमतौर पर सभी के लिए फायदेमंद होता है, लेकिन कुछ लोगों को इसे पीने के दौरान सावधानी बरतनी चाहिए-
- किडनी की बीमारी- अगर किसी व्यक्ति को किडनी की गंभीर बीमारी है तो नारियल पानी में मौजूद हाई पोटैशियम उनके लिए खतरनाक हो सकता है। इसलिए, उन्हें डॉक्टर की सलाह पर ही नारियल पानी पीना चाहिए।
- डायबिटीज के मरीज- नारियल पानी में नेचुरल शुगर होता है, इसलिए अगर आपका ब्लड शुगर लेवल हाई है या असंतुलित रहता है तो ज्यादा मात्रा में नारियल पानी पीने से बचना चाहिए।
- लो ब्लड प्रेशर- 2024 में Journal of the Pakistan Medical Association में प्रकाशि नारियल पानी पीने से ब्लड प्रेशर नॉर्मल होता है। इसलिए जिनका ब्लड प्रेशर कम रहता है उन्हें इसे ज्यादा मात्रा में पीने से बचना चाहिए क्योंकि ये आपके ब्लड प्रेशर को और कम कर सकता है। इस स्थिति में नारियल पानी पीने से बचना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: यूरिक एसिड में कौन से सप्लीमेंट लें? एक्सपर्ट से जानें
ताजा या पैकेट वाला नारियल पानी- क्या है ज्यादा बेहतर
2025 में World Journal Of Pharmaceutical Science And Research में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, नेचुरल नारियल पानी, पैकिंग वाले नारियल पानी से ज्यादा बेहतर होते हैं। नारिल पानी अपने संतुलित एसिडिटी, हाई शुगर लेवल और मिनरल्स के कारण बेहतरीन हाइड्रेशन ड्रिंक माना जाता है। इस स्टडी के दौरान पाया गा है कि ताजा नारियल पानी पैकेज्ड पानी की तुलना में ज्यादा नेचुरल गुणों से भरपूर और शुद्ध होता है। पैकेट वाला नारियल पानी में पैकेजिंग के दौरान मिलाए गए पदार्थों के कारण उसका अवशोषण स्तर ताजा पानी की तुलना में ज्यादा होता है, जो उसके स्वाद और पोषण मूल्य को बदल देते हैं।
डॉक्टर से कब मिलें?
न्यूट्रिशनिस्ट अर्चना जैन का कहना है कि, यूरिक एसिड की समस्या को कंट्रोल करने के लिए डाइट का खास ध्यान रखना बहुत जरूरी होता है। नारियल पानी पीने से इसे कम करने में मदद मिल सकती है, लेकिन सिर्फ इस पर निर्भर रहना काफी नहीं है। इसके साथ ही अगर पैर के अंगूठे या घुटने में तेज और असहनीय दर्द हो, जोड़ों के आसपास की स्किन लाल हो जाए और गर्माहट महसूस हो और वहां सूजन आ जाए और इसके साथ पीठ के निचले हिस्से में तेज दर्द या पेशाब में खून आने लगे तो इन समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। बल्कि, तुरंत डॉक्टर से सलाह लानी चाहिए, ताकि इन समस्याओं को बढ़ने से रोका जा सके और समय पर सही इलाज मिल सके।
निष्कर्ष
नारियल पानी यूरिक एसिड के मरीजों के लिए एक बेहतरीन और सुरक्षित ड्रिंक मानी जाती है। यह न सिर्फ शरीर को हाइड्रेटेड रखने में मदद करता है, बल्कि किडनी के काम करने की क्षमता को भी बढ़ाकर गंदे पदार्थो को बाहर निकालता है। हालांकि, नारियल पानी को यूरिक एसिड का इलाज नहीं मानना चाहिए, बल्कि हेल्दी लाइफस्टाइल, डाइट और डॉक्टर द्वारा बताई गई दवाओं के साथ पीना चाहिए।
Image Credit: Freepik
FAQ
यूरिक एसिड कितना होना चाहिए?
शरीर में यूरिक एसिड का नॉर्मल लेवल पुरुषों में 3.4 से 7.0 mg/dL और महिलाओं में 2.4 से 6.0 mg/dL के बीच होना चाहिए। बच्चों में यह 2.0 से 5.5 mg/dL लेवल नॉर्मल माना जाता है। बड़ों और बच्चों में इन लेवल से ज्यादा होने पर यूरिक एसिड का लेवल शरीर में ज्यादा माना जाता है।यूरिक एसिड खत्म करने के लिए क्या खाना चाहिए?
यूरिक एसिड को शरीर से बाहर निकालने के लिए फाइबर से भरपूर फूड्स और विटामिन सी से भरपूर फूड्स जैसे संतरा, नींबू आदि का सेवन फायदेमंद माना जाता है।यूरिक एसिड बढ़ने के लक्षण क्या हैं?
शरीर में यूरिक एसिड बढ़ने पर जोड़ों में तेज दर्द, सूजन, अकड़न, एड़ियों में दर्द, किडनी में पथरी, पेशाब में जलन और थकान जैसे लक्षण नजर आ सकते हैं। यह एक मेटाबॉलिक डिसऑर्डर है, जिसमें जोड़ों में यूरिक एसिड के क्रिस्टल जमा होने लगते हैं, जिसे गाउट के रूप में जाना जाता है।यूरिक एसिड किसकी कमी से बढ़ता है?
शरीर में विटामिन सी और विटामिन डी की कमी के कारण भी यूरिक एसिड का लेवल असंतुलित हो सकता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Apr 18, 2026 19:11 IST
Modified By : Katyayani Tiwari Apr 18, 2026 19:11 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Archana Jain