इन 5 बीमारियों का शिकार महिलाओं से ज्यादा होते हैं पुरुष

कुछ ऐसी बीमारियां है, जो महिलाओं की तुलना में पुरुषों को अधिक होता है। चलिए डॉक्टर से जानते हैं इसका कारण
  • SHARE
  • FOLLOW
इन 5 बीमारियों का शिकार महिलाओं से ज्यादा होते हैं पुरुष


दुनियाभर में हर साल करोड़ों लोग तरह-तरह की बीमारियों का शिकार होकर अपनी जान गंवाते हैं इनमें हार्ट की बीमारियां, कई तरह के कैंसर, डायबिटीज आदि प्रमुख हैं। ग्लोबल आंकड़ों को देखें तो हमें चौंकाने वाले तथ्य मिलते हैं। दरअसल इनमें से कई ऐसी ऐसी जानलेवा बीमारियां हैं, जो महिलाओं से ज्यादा पुरुषों को प्रभावित करती हैं। चूंकि महिलाओं के जीवन में पीरियड्स, प्रेगनेंसी, मेनोपॉज जैसे कई फेज आते हैं, इसलिए आमतौर पर महिलाएं डॉक्टर्स के पास ज्यादा विजिट करती हैं और उनकी कुछ स्वास्थ्य समस्याएं शुरुआती अवस्था में ही पकड़ में आ जाती हैं। जबकि ज्यादातर पुरुष अपने स्वास्थ्य समस्याओं के लिए डॉक्टर के पास बहुत कम जाते हैं, इसलिए उनकी बीमारियां आमतौर पर स्थिति खराब होने के बाद ही पकड़ में आती हैं। आज हम आपको ऐसी 5 बीमारियां (आंकड़ों के अनुसार) बता रहे हैं, जिनका शिकार दुनियाभर में महिलाओं से ज्यादा पुरुष होते हैं। इन बीमारियों के बारे में अतिरिक्त जानकारी के लिए हमने बात की मैक्स हॉस्पिटल की फिजीशियन डॉक्टर मनीषा रंजन से। आइए जानते हैं, कौन सी हैं ऐसी बीमारियां।

हाइपरटेंशन (Hypertension)

जरनल प्लॉस में छपी रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिलाओं की तुलना में पुरुष हाइपरटेंशन यानि हाई ब्लड प्रेशर से अधिक ग्रसित होते हैं। 60 वर्ष की उम्र के बाद पुरुषों में हाइपरटेशन काफी ज्यादा नजर आता है। इस बारे में मैक्स हॉस्पिटल की फिजीशियन डॉक्टर मनीषा रंजन बताती हैं कि यह बात बिल्कुल सही है। महिलाओं की तुलना में पुरुषों को हाई ब्लड प्रेशर का खतरा ज्यादा रहता है। इसका कारण अनहेल्दी फूड्स, तनाव, शारीरिक गतिविधि न करना हाई ब्लड प्रेशर का प्रमुख कारण माना जाता है। इसलिए पुरुषों को अपने इन बातों पर विशेष ध्यान देते रहना चाहिए। साथ ही नियमित रूप से जरूरी चेकअप कराते रहें। कॉलेस्ट्रॉल लेवल की नियमित रूप से जांच करें, ताकि अन्य बीमारियों के खतरे से बचा जा सके। नियमित रूप से एक्सरसाइज करें। स्ट्रेस से दूर रहने की कोशिश करें।

इसे भी पढ़ें - स्पर्म की कमी (एजुस्पर्मिया) बन सकती है पुरुषों में इंफर्टिलिटी का कारण, डॉक्टर से जानें इसका इलाज

प्रोस्टेट कैंसर (prostate cancer)

अमेरिकन कैंसर सोसायटकी के अनुसार, हर 8 में से 1 पुरुष अपने जीवनकाल में प्रोस्टेट कैंसर का शिकार होता है। यह एक ऐसी बीमारी है, जो सिर्फ पुरुषों को प्रभावित करती है। प्रोस्टेट पुरुषों के प्रजनन तंत्र का एक एग्जोक्राइन ग्लैंड है।  इसमें कैंसर की कोशिकाएं प्रोस्टेट में विकसित होती हैं। शुरुआती दिनों में प्रोस्टेट कैंसर के लक्षण दिखाई नहीं देते हैं। धीरे-धीरे कैंसर विकसित होने पर इसके गंभीर लक्षण नजर आते हैँ। जैसे-पेशाब बार-बार होना, पेशाब बाहर न आना, पेशाब रोकने में परेशानी इत्यादि। डॉक्टर मनीषा का कहना है 45 से 50 वर्ष के पुरुषों में यह कैंसर अधिक देखा गया है। बढ़ते मोटापे की वजह से यह समस्या हो सकती है। इसका इलाज संभव है। साथ ही खानपान और लाइफस्टाइल में बदलाव करके आप इस समस्या से बच सकते हैं।

हार्ट अटैक (heart attack)

साल 2016 में हार्वर्ड हेल्थ पब्लिशिंग पर छपी रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिलाओं की तुलना में पुरुषों को हार्ट अटैक का खतरा ज्यादा रहता है। इस बारे में डॉक्टर का कहना है कि महिलाओं की तुलना में पुरुषों का कोलेस्ट्रॉल लेवल ज्यादा रहता है। इसके अलावा वह अपने खानपान पर इन चीजों का ज्यादा ध्यान नहीं देते हैं, जिसकी वजह से इस तरह की समस्या हो सकती है।

डॉक्टर बताती हैं कि दिल की बीमारियां उन लोगों को अधिक होती हैं, जो अत्यधिक तनाव और धूम्रपान करते हैं। अक्सर आपने देखा होगा कि पुरुष अपनी बातों को शेयर करने से हिचकिचाते हैं। इसलिए वे अंदर ही अंदर तनाव से ग्रसित हो जाते हैं। इसके अलावा पुरुषों को हाई ब्लड प्रेशर और शुगर भी अधिक रहता है। इन सभी समस्याओं के कारण पुरुषों को हार्ट अटैक का खतरा ज्यादा रहता है। इसलिए स्ट्रेस से दूर रहे और हेल्दी लाइफस्टाइल को चुनें।

लंग्स कैंसर (Lungs cancer)

NCBI पर छपी रिपोर्ट के मुताबिक, काफी समय से महिलाओं की तुलना में पुरुष लंग्स कैंसर के शिकार ज्यादा होते हैं। हालांकि, पिछले दो दशकों से इनके अनुपात में काफी बदलाव देखा गया है। लंग्स कैंसर की घटना जहां पुरुषों में घट रही है। वहीं, महिलाओं में बढ़ भी रही है। आपको बता दें कि तंबाकू में लगभग 4,000 केमिकल्स तत्व पाए जाते हैं, जिससे कैंसर होने का खतरा ज्यादा रहता है। इससे न सिर्फ लंग्स कैंसर होने का खतरा रहता है, बल्कि कई अन्य तरह के कैंसर की संभावना ज्यादा होती है। महिलाओं की तुलना में पुरुष अधिक तंबाकू का सेवन करते हैं। इसके अलावा धूम्रपान, बढ़ता प्रदूषण, सिगरेट बीड़ी पीने से लंग्स कैंसर के मामले बढ़ते जा रहे हैं।

इसे भी पढ़ें -पुरुषों के टेस्टिकल्स (अंडकोष) में दर्द होने पर काम आएंगे ये 7 घरेलू नुस्खे

डॉक्टर का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र हो या फिर शहरी क्षेत्र हर क्षेत्र में महिलाओं की तुलना में पुरुषों द्वारा धूम्रपान का अधिक सेवन किया जाता है। इसका यह मतलब नहीं है कि महिला धूम्रपान नहीं करती हैं। महिलाएं भी करती हैं, लेकिन तुलनात्मक रूप से पुरुष धूम्रपान के अधिक आदि होते हैं। इसलिए लंग्स से जुड़ी समस्याएं पुरुषों को अधिक होती है। इसके आगे डॉक्टर बताती हैं कि इन दिनों महिलाओं द्वारा भी धूम्रपान का सेवन काफी ज्यादा किया जा रहा है। साथ ही वातावरण में बढ़ते प्रदूषण की वजह से महिलाएं भी लंग्स कैंसर की चपेट में आ रही हैं।

मुंह का कैंसर (Oral Cancer)

नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल एंड क्रेन फेशियल रिसर्च के मुताबिक, ओरल कैंसर महिलाओं की तुलना में पुरुषों को ज्यादा अपनी चपेट में लेता है। इस पर दिए आंकड़ों के मुताबिक, हर 1 लाख में से 15.5 पुरुष ओरल कैंसर के शिकार हो रहे हैं। वहीं, महिलाएं 6.1 महिलाएं ओरल कैंसर की चपेट में आ रही हैं।

इसे भी पढ़ें - पिता बनने के बाद पुरुष भी हो सकते हैं पोस्टपार्टम डिप्रेशन का शिकार, जानें लक्षण और इलाज

डॉक्टर मनीषा रंजन का कहना है कि आमतौर पर महिलाओं की तुलना में पुरुष ज्यादा तंबाकू खाते हैं, इसलिए मुंह का कैंसर महिलाओं की तुलना में पुरुषों को ज्यादा होता है। इसलिए पुरुषों को तंबाकू जैसे नशीले पदार्थों से दूर रहना चाहिए। 

कैसे करें इन समस्याओं से बचाव

डॉक्टर मनीषा रंजन कहती हैं कि इन समस्याओं से बचाव के लिए आप लाइफस्टाइल में बदलाव कर सकते हैं। जैसे-

  • नियमित रूप से एक्सरसाइज करें।
  • स्ट्रेस से दूर रहें।
  • लोगों से बातें करें।
  • धूम्रपान का सेवन न करें।
  • शराब न पिएं।
  • फल और सब्जियों का सेवन अधिक करें।
  • पसंदीदा किताबें पढ़ें।
  • भोजन मैं संपूर्ण पोषक तत्व शामिल करें।

ध्यान रखें कि इस तरह की समस्याएं होने पर अपना ध्यान रखें। समय-समय पर डॉक्टर से जरूरी सलाह लें। ताकि आपका सही से इलाज हो सके। कुछ ऐसे पुरुष हैं, जो अपनी जिम्मेदारियों के चलते समस्याओं को नजरअंदाज करने की कोशिश करते हैं। लेकिन ऐसा करना गलत है। क्योंकि अगर आप अपनी समस्याओं को अनदेखा करते हैं, तो इससे आगे अन्य गंभीर समस्याएं आपको अपना शिकार बना सकती हैं।

Read More Articles on Men's Health in Hindi

Read Next

पिता बनने के बाद पुरुष भी हो सकते हैं पोस्टपार्टम डिप्रेशन का शिकार, जानें लक्षण और इलाज

Disclaimer