आज की तेज रफ्तार लाइफस्टाइल में तनाव, गलत खानपान और फिजिकल एक्टिविटी की कमी का सीधा असर हमारे शरीर पर पड़ रहा है, जिसके कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं आम होती जा रही हैं। कई बार तो लोग शरीर में दिखने वाले बीमारी के लक्षणों को लंबे समय तक इग्नोर करते रहते हैं, जो कि गलत है। खासकर, अचानक शरीर के किसी हिस्से में सुन्नपन की समस्या को कभी इग्नोर नहीं करना चाहिए, ऐसा इसलिए क्योंकि यह किसी गंभीर समस्या का संकेत भी हो सकता है। शरीर में एक तरह सुन्नपन की स्थिति अस्थायी भी हो सकती है, लेकिन यदि बार-बार या अचानक महसूस हो, तो इसे अनदेखा करना खतरनाक साबित हो सकता है। इस समस्या का सबसे बड़ा कारण आज की लाइफस्टाइल है, जिसमें लंबे समय तक बैठने की आदत, फिजिकल एक्टिविटी की कमी और तनाव प्रमुख भूमिका निभाते हैं। शरीर के एक तरफ सुन्नपन महसूस होना, बोलने में दिक्कत आना या अचानक कमजोरी महसूस होना ऐसे लक्षण हैं जिन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। इस लेख में एम्स (दिल्ली) से न्यूरोलॉजी में डीएम कर चुकीं डॉ. प्रियंका सहरावत से जानिए, शरीर में एक तरफ सुन्नपन होने के कारण क्या हैं?
अचानक शरीर के एक तरफ सुन्नपन के कारण
अचानक शरीर के एक तरफ सुन्नपन महसूस होना एक गंभीर समस्या हो सकती है। एम्स (दिल्ली) से न्यूरोलॉजी में डीएम कर चुकीं डॉ. प्रियंका सहरावत के अनुसार, अचानक से किसी भी तरह की न्यूरोलॉजिकल समस्या को स्ट्रोक मानना चाहिए जब तक कि अन्यथा प्रमाणित न हो। यह समस्या अक्सर स्ट्रोक का प्रारंभिक लक्षण हो सकती है।
इसे भी पढ़ें: ज्यादा घंटे करते हैं ऑफिस में काम? बढ़ सकता है स्ट्रोक का जोखिम, जानें क्या है कनेक्शन
स्ट्रोक की पहचान कैसे करें?
डॉ. प्रियंका सहरावत बताती हैं कि अगर आपको शरीर के एक तरफ हाथ और पैर में सुन्नपन महसूस हो, अचानक बोलने में दिक्कत आए, मुंह टेढ़ा हो जाए या विजन लॉस हो, तो ये स्ट्रोक के लक्षण हो सकते हैं। ऐसे में तुरंत डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए।
स्ट्रोक के प्रकार
डॉक्टर के अनुसार, स्ट्रोक दो प्रकार के होते हैं-
हेमरेजिक स्ट्रोक: इसमें खून की नलियां फट जाती हैं और ब्रेन हेमरेज हो जाता है।
इस्केमिक स्ट्रोक: इसमें खून की नलियों में क्लॉटिंग हो जाती है, जिससे ब्रेन के किसी हिस्से में खून की सप्लाई रुक जाती है।
इसे भी पढ़ें: स्ट्रोक का खतरा किन-किन चीजों से बढ़ सकता है? डॉक्टर से जानें
सुन्नपन के अन्य संभावित कारण
नर्व डैमेज
किसी दुर्घटना या चोट के कारण नसों को नुकसान हो सकता है।
डायबिटिक न्यूरोपैथी
डायबिटीज के रोगियों में यह समस्या सामान्य है, जिसमें नसें कमजोर हो जाती हैं।
डिस्क स्लिप
रीढ़ की हड्डी से संबंधित समस्याएं भी सुन्नपन का कारण बन सकती हैं।
विटामिन बी12 की कमी
शरीर में बी12 की कमी से नसों में कमजोरी आ सकती है।
स्ट्रोक की पुष्टि के लिए क्या करें?
डॉक्टर के अनुसार, स्ट्रोक का निदान करने के लिए CT स्कैन या MRI करवाना बेहद जरूरी है। इसके जरिए यह पता लगाया जा सकता है कि समस्या ब्लीडिंग से संबंधित है या खून की सप्लाई रुकने के कारण हुई है।
निष्कर्ष
अचानक शरीर के एक तरफ सुन्नपन महसूस होना गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है। सही समय पर उपचार से स्ट्रोक के खतरे को रोका जा सकता है। इसलिए, अगर आपको ऐसे लक्षण दिखें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और अपनी लाइफस्टाइल को हेल्दी बनाए रखें।
View this post on Instagram
All Images Credit- Freepik