प्राकृतिक रूप से देखें तो हमारी मांसपेशियां 40-45 की उम्र के बाद कमजोर होने शुरू होती हैं, मगर आजकल लोगों की लाइफस्टाइल, खानपान और गतिहीन जीवन के कारण कम उम्र में भी कमजोर मांसपेशियों (Muscle Loss) की समस्या बढ़ रही है। मेडिकल साइंस में इस समस्या को सारकोपीनिया (Sacropenia) कहा जाता है। ऐसा माना जाता है कि आप अपनी उम्र भर हर 10 साल में 3 से 8 प्रतिशत तक मसल मास (Muscle Mass) गंवा देते हैं। यही कारण है कि 50-60 की उम्र आते-आते व्यक्ति का शरीर ढीला, कमजोर और त्वचा ढुलमुल हो जाती है। मांसपेशियों के घटने या कमजोर होने (Muscle Loss) के क्या कारण हैं और इसे रोकने के लिए आप क्या कर सकते हैं, इस लेख में हम इन्हीं बातों का जिक्र कर रहे हैं।
क्यों घटती और कमजोर होती हैं मांसपेशियां?
जो भी जन्म लेता है, प्राकृतिक रूप से वो धीरे-धीरे कमजोर होकर मृत्यु को प्राप्त होता है। जब आप पैदा होते हैं, तो आपका शरीर ताजा तंतुओं, मांसपेशियों, तंत्रिकाओं, हड्डियों आदि से बना होता है। मगर उम्र बढ़ने के साथ-साथ आपके शरीर में मसल फाइबर्स (muscle fibers) की मात्रा कम होती जाती है और इनकी संख्या भी घटती जाती है। यही कारण है कि जैसे-जैसे आपकी उम्र बढ़ती है, शरीर कृशकाय होता जाता है। मसल्स लॉस का एक बड़ा कारण यह है कि उम्र बढ़ने के साथ आपके शरीर में नए मसल्स बनाने वाले एमीनो एसिड्स बनना कम हो जाते हैं।
मसल्स लॉस के लक्षण
- वजन घटना
- शारीरिक कमजोरी
- खड़े होने, बैलेंस बनाने में परेशानी
- काम करने की क्षमता में कमी आना
- स्टैमिना घटना
मसल्स को कमजोर होने से कैसे रोकें?
सारकोपीनिया यानी कमजोर मसल्स की समस्या आमतौर पर आजकल की लाइफस्टाइल के कारण बढ़ रही है। इसलिए इसे रोकने के लिए आपको अपनी जीवनशैली में ही छोटे-छोटे बदलाव करने पड़ेंगे, इसके अलावा कोई उपाय नहीं है। इसलिए नीचे बताई 3 बातों को ध्यान रखें, तो आपकी मसल्स लंबे समय तक आपका साथ देंगी, कमजोर नहीं होगीं, संख्या नहीं घटेगी।
इसे भी पढें: 50 + के बाद भूल कर भी न करें ये 4 एक्सरसाइज, फायदे के बजाय भुगतने पड़ सकते हैं भारी नुकसान
हेल्दी चीजें खाएं
अपने आहार में जितना ज्यादा हो सके नैचुरल (प्राकृतिक) चीजों को शामिल करें। फल, सब्जियां, मोटे अनाज (Whole Grains), दाल, बीज, ड्राई फ्रूट्स, नट्स, दूध, चिकन, मछली आदि को अपनी डाइट में शामिल करके आप अपने मसल्स को कमजोर होने से बचा सकते हैं। सभी प्राकृतिक आहार विटामिन्स, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होते हैं, इसलिए आपकी मांसपेशियां स्वस्थ रहती हैं और मांसपेशियां बनाने वाला एमिनो एसिड भी काफी उम्र तक बनता रहता है।
रोजाना एक्सरसाइज करें
मसल्स को स्वस्थ रखने के लिए और लंबे समय तक मजबूत बनाए रखने के लिए दूसरी सबसे जरूरी चीज है एक्सरसाइज। रोजाना एक्सरसाइज करें और अपने आप को शारीरिक रूप से एक्टिव रखें। दिनभर एक जगह बैठे या लेटे नहीं रहें। कुछ न कर सकें, तो कम से कम पैदल टहलें, साइकिल चलाएं या कोई गेम खेलें।
इसे भी पढें: पीठ दर्द से लेकर सही पोश्चर के लिए जरूरी है कोर फिटनेस, जानें इसके 5 फायदे
भरपूर नींद लें
हेल्दी लाइफ के लिए सिर्फ काम करना या खाना ही नहीं, बल्कि आराम और नींद भी जरूरी है। इसलिए रात में जल्दी सोएं और सुबह जल्दी उठें। रोजाना कम से कम 8-9 घंटे की नींद जरूर लें। नींद आपके शरीर, मांसपेशियों और अंगों को रिचार्ज करती है, जिससे वो दिनभर काम करने के लिए तैयार रहते हैं।
Read More Article On Exercise and Fitness In Hindi