Can You Get Chickenpox Twice: आप सभी ने कई बार लोगों को यह कहते हुए सुना होगा कि व्यक्ति को जीवन में एक बार चिकनपॉक्स की समस्या होती ही है। यहां सवाल यह उठता है कि क्या व्यक्ति को एक बार चिकन पॉक्स होने के बाद यह समस्या दोबारा भी हो सकती है? अगर आप इस सवाल के जवाब को लेकर असमंजस की स्थिति में हैं, तो आज का यह आर्टिकल आपके लिए है। यहां हम डॉ. अक्षय चुघ, सलाहकार - आंतरिक चिकित्सा, मेट्रो अस्पताल, नोएडा (Dr. Akshay Chugh, Consultant - Internal Medicine, Metro Hospital, Noida) से जानेंगे कि क्या किसी भी व्यक्ति को चिकन पॉक्स की समस्या दोबारा हो सकती है?
चिकनपॉक्स क्या है?- What is Chicken pox
चिकन पॉक्स एक संक्रामक वायरल बीमारी (Infectious Viral Disease) है, जिसे आम भाषा में लोग चेचक भी कहते हैं। यह वैरिसेला-जोस्टर वायरस (VZV) के कारण फैलती है। बता दें कि चिकन पॉक्स फैलाने वाला यह वायरस हर्पीज परिवार का सदस्य है। चिकन पॉक्स होने पर शरीर में खुजली वाले लाल, छाले जैसे दाने निकल आते हैं। यह बीमारी ज्यादातर बच्चों में होती है। हालांकि, यह बीमारी किसी भी उम्र के व्यक्ति को कभी भी अपनी चपेट में ले सकती है।
इसे भी पढ़ें- क्या चिकनपॉक्स (छोटी माता) ठीक होने के बाद स्किन के दाग-धब्बे पूरी तरह हटाए जा सकते हैं? डॉक्टर से जानें
चिकन पॉक्स के लक्षण क्या हैं?- What are the Symptoms of Chicken pox
चिकन पॉक्स का मुख्य और सबसे आम लक्षण खुजली वाले दाने होते हैं। ये चेहरे, छाती और पीठ पर शुरू होते हैं और फिर शरीर के अन्य हिस्सों में फैल जाते हैं। बता दें कि दाने लाल धब्बों से शुरू होकर फ्लूइड से भरे छाले में बदल जाते हैं और अंत में पपड़ी बन जाते हैं। अगर इस बीमारी के अन्य लक्षणों की बात करें, तो चिकन पॉक्स के दौरान व्यक्ति को बुखार, थकान और सिरदर्द की समस्याएं भी हो सकती हैं।
क्या चिकन पॉक्स की समस्या दोबारा हो सकती है?- Can the Problem of Chicken pox Occur Again
डॉ. अक्षय चुघ के मुताबिक, जिन लोगों को एक बार चिकन पॉक्स की समस्या हो जाती है, तो उन लोगों में इस बीमारी के प्रति मजबूत इम्यूनिटी विकसित हो जाती है। ऐसे में दूसरी बार चिकन पॉक्स होने की संभावना बहुत कम हो जाती है। हालांकि, कुछ स्थितियों में एक से ज्यादा बार चिकन पॉक्स होना संभव है। आमतौर पर, चिकन पॉक्स ठीक होने के बाद, वायरस शरीर के नर्व टिशूज में निष्क्रिय रहता है। बॉडी इस वायरस से निपटने के लिए एंटीबॉडी विकसित करती है, जो भविष्य में भी इस संक्रमण से बचाने का काम करती है। यही वजह है कि चिकन पॉक्स का दूसरी बार होना मुश्किल है।
हालांकि, अगर किसी व्यक्ति की इम्यूनिटी कमजोर हो जाती है, तो वायरस से बचाव करने की शरीर की क्षमता कम हो सकती है। ऐसी स्थितियों में, वायरस संभावित रूप से चिकन पॉक्स के रूप में फिर से सक्रिय हो सकता है। आमतौर पर यह वायरस दाद (हर्पीस जोस्टर) नामक एक अलग स्थिति के रूप में फिर से सक्रिय होता है।
इसे भी पढ़ें- बच्चों में आम होते हैं ये 5 तरह के स्किन रैशेज, डॉक्टर से जानें इनके लक्षण और बचाव के उपाय
कुल मिलाकर, ज्यादातर लोगों को अपने जीवनकाल में केवल एक बार चिकन पॉक्स होता है। मगर इस बात से इंकार भी नहीं किया जा सकता है कि इम्यूनिटी कमजोर होने पर किसी भी समय उन्हें यह बीमारी फिर से हो सकता है। ऐसे में चिकनपॉक्स की समस्या होने पर व्यक्ति को डॉक्टर की सलाह पर उचित दवाइयां और वैक्सीन की मदद लेनी चाहिए। इससे भविष्य में दोबारा चिकनपॉक्स होने का खतरा और भी कम हो सकता है।