पानी हमारे शरीर के लिए बहुत जरूरी होता है पर उससे भी ज्यादा जरूरी ये है कि वो पानी साफ और सुरक्षित हो। साफ और बैक्टीरिया रहित पानी के लिए हम बोतलबंद पानी पीना पसंद करते हैं। लेकिन आपको ये जानकारी हैरानी होगी कि बोतलबंद पानी आपके शरीर को बीमार कर सकता है। एक शोध के अनुसार बोतलबंद पानी बीमारियों का घर होता है और इसके कारण कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी हो सकती है। इससे होने वाले नुकसान के बारे में अधिक जानिये इस लेख में।
क्या कहती है शोध
मुंबई स्थित भाभा शोध संस्थान की जांच रिपोर्ट के मुताबिक सामान्य से 27 गुना ज्यादा तक घातक रसायन मिलने से बोतलबंद पानी कैंसर का बड़ा कारण बन सकता है। बोतलबंद पानी को साफ करने में कंपनियां जिन रसायनों का प्रयोग कर रही हैं, वह लोगों की सेहत को खोखला कर रहे हैं। इससे पानी में क्लोराइड सामान्य से 21 गुना ज्यादा मात्रा मिली है। इससे आंत, लीवर और किडनी को नुकसान पहुंचता है। साथ ही सामान्य से 24 गुना ज्यादा क्लोरेट मात्रा की मौजूदगी मिली है। इससे शरीर के सॉफ्ट टिश्यू कड़े होने लगते हैं।
कैंसर समेत अन्य बीमारियां
अनुसंधान के अनुसार इससे कैंसर होने के अलावा आंत, लीवर और किडनी को नुकसान पहुंचता है। वैज्ञानिकों के अनुसार महिलाओं के लिए तो बोतलबंद पानी और भी घातक है। वैज्ञानिकों ने पता लगाया है कि महिलाओं में गर्भाशय से संबंधित कई बीमारियां बोतलबंद पानी से हो सकती हैं। करीब 80 से 90 फीसदी महिलाओं में गर्भाशय के पास गठान वाली बीमारी होती है। इसके अलावा वैज्ञानिकों ने जांच में पाया कि बोतलबंद पानी किडनी पर भी विपरीत असर डालता है।
मिनरल वॉटर और शुद्ध पेय जल के नाम पर बेची जाने वाली बोतलों में कीटनाशक पाए गए हैं। और सब जानते हैं कि कीटनाशक मनुष्य एवं सभी जीव-जंतुओं के लिए ज़हर हैं|