
Mint Tea Benefits In Summer In Hindi: चाय पीना अधिकतर लोगों को पसंद होता है। कई लोगों के दिन की शुरुआत सुबह एक कप चाय के साथ होती है। सर्दियों में तो चाय पीना सही रहता है। लेकिन गर्मी में ज्यादा चाय पीने से पेट में गैस और एसिडिटी की समस्या होने लगती है। अगर आप चाय पीने के शौकीन हैं, तो गर्मियों में दूध वाली चाय के बजाय पुदीने की चाय का सेवन कर सकते हैं। यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद होती है। इसमें विटामिन-ए, विटामिन-सी, प्रोटीन पोटैशियम, कैल्शियम, आयरन और थायमीन जैसे कई पोषक तत्व प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। इसके अलावा, इसमें एंटीऑक्सीडेंट, एंटी-वायरल और एंटी-माइक्रोबियल गुण भी पाए जाते हैं। गर्मियों में पुदीने की चाय पीने से शरीर ठंडा और फ्रेश रहता है। साथ ही, स्वास्थ्य संबंधी कई समस्याओं से छुटकारा भी मिलता है। आइए, डाइटिशियन अबरना मैथ्यूवनन से विस्तार से जानते हैं गर्मियों में पुदीने की चाय पीने के फायदों के बारे में -
गर्मियों में पुदीने की चाय पीने के फायदे - Mint Tea Benefits In Summer In Hindi
शरीर को ठंडक पंहुचाए
पुदीने की तासीर काफी ठंडी होती है, इसलिए यह शरीर को ठंडक प्रदान करता है। गर्मियों में पुदीने की चाय पीने से आप फ्रेश और एनर्जेटिक महसूस करेंगे। इसके नियमित सेवन से थकान और शरीर में दर्द जैसी परेशानियों से छुटकारा मिल सकता है। साथ ही, गर्मी के कारण शरीर में होने वाली जलन को शांत करने में भी यह प्रभावी है।
एसिडिटी से राहत दिलाए
गर्मियों में अक्सर पेट में गैस और एसिडिटी की समस्या हो जाती है। ऐसे में पुदीने की चाय पीने से आपको काफी राहत मिल सकती है। दरअसल, पुदीने में मेंथॉल होता है, जो पेट की गर्मी को कम करने में मदद करता है। रोजाना पुदीने की चाय का सेवन करने से एसिडिटी के लक्षणों को कम करने में मदद मिल सकती है।
इम्यूनिटी बूस्ट करे
पुदीने की चाय पीने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी मजबूत हो सकती है। दरअसल, इसमें एंटी-बैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं, जो संक्रमण से लड़ने में मदद करते हैं। रोजाना इसका सेवन करने से आप कई तरह की गंभीर बीमारियों की चपेट में आने से बच सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: गर्मियों में पेट की जलन से रहते हैं परेशान? आपकी समस्या दूर करेंगी ये 5 तरह की चाय
सिरदर्द से आराम दिलाए
कई लोगों को गर्मी या तेज धूप के कारण सिर में दर्द की समस्या हो जाती है। ऐसे में पुदीने की चाय सिरदर्द से आराम दिलाने में मददगार हो सकती है। यह मांसपेशियों को रिलैक्स करती है और मूड को रिफ्रश करती है। इसे पीने से तनाव भी कम होता है।
बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने में प्रभावी
शरीर में बढ़े हुए कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने के लिए पुदीने की चाय का सेवन काफी फायदेमंद हो सकता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स प्रचुर मात्रा में होते हैं, जो शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करते हैं। इसके नियमित सेवन से दिल की बीमारियों के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है।
पुदीने की चाय कैसे बनाएं - How To Make Mint Tea In Hindi
पुदीने की चाय बनाने के लिए सबसे पहले आप एक कप पानी को गर्म कर लें। इसमें 10-12 पुदीना की पत्तियां डालें। इसे तब तक उबालें, जब तक पानी आधा न हो जाए। फिर छानकर इसका सेवन करें। आप चाहें तो स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें शहद भी मिला सकते हैं।