
Ayurvedic Remedies To Reduce Headache In Summer: सिरदर्द वैसे, तो आम समस्या है। लेकिन कई बार ये इतना बढ़ जाता है कि आपके काम को प्रभावित करने के साथ दर्द सहन करना भी मुश्किल हो जाता है। सिरदर्द कही पर भी हो सकता है। ऑफिस, घर या ट्रैफिक जाम में भी। कई लोग इसे सिर्फ चाय या कॉफी को पीकर भी दूर करने की कोशिश करते है। लेकिन कई बार ये इन ट्रिक्स से भी ठीक नहीं होता। गर्मी में सिरदर्द होने के चांसेस काफी ज्यादा होते है क्योंकि बहुत बार बाहर से धूप से आने के बाद तुरंत एसी में आ जाने के कारण, धूप में लंबे समय तक रहने आदि कारणों से सिरदर्द की समस्या शुरु हो सकती है। कई लोग इस समस्या को ठीक करने के लिए बार-बार दवाइयां और बाम आदि का सहारा लेते है। वैसे, तो इन चीजों के इस्तेमाल से सिरदर्द को ठीक किया जा सकता है। लेकिन आपको बता दें, इन चीजों का ज्यादा इस्तेमाल शरीर के लिए हानिकारक हो सकता है। ऐसे में सिरदर्द को ठीक करने के लिए कुछ आयुर्वेदिक उपायों की मदद ली जा सकती है। ये उपाय करने से नैचुरल रूप से सिरदर्द को ठीक किया जा सकता है। इस विषय पर अधिक जानकारी के लिए हमने बात की आयुर्वेद विषय के जानकार पवन सिंह से।
त्रिफला चूर्ण
गर्मी में होने वाली सिरदर्द को कम करने के लिए त्रिफला चूर्ण को शहद के साथ लेने से भी सिरदर्द की परेशानी कम होती है। इसका सेवन करने के लिए 1 चम्मच त्रिफला चूर्ण को शहद के साथ रोज रात को मिक्स करके लें। ऐसा करने से पेट साफ रहेगा और गर्मी में होने वाला सिरदर्द भी कम होगा।
जौ का पानी
जौ का पानी पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसके सेवन से शरीर की कई बीमारियां आसानी से दूर होने के साथ शरीर भी स्वस्थ रहता है। इसके सेवन से सिरदर्द आसानी से ठीक होता है और शरीर भी डिटॉक्स होता है। जौ का पानी पीने से शरीर को ठंडक भी मिलती है।
इसे भी पढ़ें- मिलावटी हल्दी की पहचान कैसे करें? जानें नकली हल्दी खाने से सेहत को होने वाले नुकसान
चंदन पाउडर
चंदन पाउडर स्किन की कई समस्याओं को आसानी से दूर करता है। इसका इस्तेमाल करने के लिए 2 चम्मच चंदन पाउडर को लेकर इसमें पानी मिलाएं और गाढा पेस्ट तैयार करें। अब इस पेस्ट को माथे पर 20 मिनट के लिए लगा के रखें। ये पेस्ट स्किन को ठंडक देने के साथ गर्मी में होने वाले सिरदर्द को भी आसानी से ठीक करता है।
काला नमक
काला नमक की मदद से भी गर्मी में होने वाले सिरदर्द को आसानी से कम किया जा सकता है। इसका सेवन करने के लिए 1 गिलास गुनगुना पानी लें। इसमें 1 चुटकी नमक को मिलाकर पी जाएं। ये पानी पाचन तंत्र को दुरुस्त करने के साथ सिरदर्द को भी ठीक करता है।
छोटी इलायची
छोटी इलायची शरीर के लिए बहुत फायदेमंद होती है। इसके सेवन से शरीर स्वस्थ रहने के साथ कई परेशानियों से भी निजात मिलती है। छोटी इलायची से सिरदर्द को ठीक करने के लिए 8 से 10 इलायची को भिगो कर रख दें। अब इस इलायची का पेस्ट बनाएं और माथे पर लगा लें। ऐसा करने से माथे को ठंडक मिलने के साथ सिरदर्द में भी आराम मिलेगा।
गर्मियों में होने वाले सिरदर्द को कम करने के लिए इन उपायों को किया जा सकता है। हालांकि, ध्यान रखें सिरदर्द ठीक न होने पर डॉक्टर के परामर्श के बाद ही दवाई का सेवन करें।
All Image Credit- Freepik