चेहरे पर मुहांसों की समस्या स्किन पर तेल के अतिरिक्त उत्पादन और बैक्टीरिया, हार्मोनल असंतुलन, डेड स्किन के कारण होती है। मुहांसे न सिर्फ चेहरे की खूबसूरती को कम करते हैं बल्कि इनकी वजह से कई अन्य गंभीर समस्याएं भी हो सकती हैं। मुहांसे की समस्या में स्किन से जुड़ी अन्य समस्याओं के साथ गंभीर रूप से दर्द का भी सामना करना पड़ता है। लोगों में मुहांसों के प्रति जानकारी के अभाव से कई बार लोग ऐसे कदम उठा लेते हैं जो मुहांसों को ठीक करने के बजाय समस्या को बढ़ाने का काम करते हैं। जानकारी की कमी से लोगों में मुहांसे या एक्ने बार-बार भी होते हैं। दरअसल लोगों में मुहांसों को लेकर कुछ गलतफहमियां बैठ गयी हैं जिनकी वजह से कई बार लोग इसको लेकर गलत कदम उठा लेते हैं। आइये न्यू लुक ब्यूटी क्लिनिक की ब्यूटी एक्सपर्ट नेहा से जानते हैं मुहांसों से जुड़ी कुछ भ्रामक बातें और उनकी सच्चाई के बारे में।
मुहांसों से जुड़े कुछ मिथक और उनकी सच्चाई (Myths And Facts About Acne)
कई बार लोग गलतफहमी या जानकारी की कमी की वजह से गंभीर समस्याओं का शिकार हो जाते हैं। मुहांसों की समस्या से जुड़ी कुछ गलतफहमियों के कारण लोग इसके प्रति इतने सावधान नहीं होते हैं या इससे छुटकारा पाने के लिए ऐसे कदम उठा लेते हैं जो फायदे की जगह नुकसान का कारण बन सकते हैं। आइये जानते हैं ऐसे ही कुछ मिथक और उनकी सच्चाई के बारे में।
इसे भी पढ़ें : Back Acne: पीठ के मुहांसे दूर करने के लिए अपनाएं ये 6 आयुर्वेदिक उपाय
1. मुहांसों की समस्या सिर्फ टीनऐज में ही होती है
मुहांसों को लेकर लोगों में सबसे प्रमुख भ्रम यह है कि मुहांसे सिर्फ कम उम्र के या टीनऐज वाले लोगों में ही होती है। दरअसल ऐसा बिलकुल भी नहीं है। शुरुआत में 16 से 20 साल की उम्र में यह समस्या होती है लेकिन इसके बाद किसी भी व्यक्ति किसी भी उर में मुहांसे हो सकते हैं। इसके पीछे कई तरह के कारण जिम्मेदार माने जाते हैं।
2. हाइजीन की वजह से होती है मुहांसों की समस्या
मुहांसों को लेकर लोगों की आम धारणा यह है कि यह समस्या हाइजीन की कमी की वजह से होती है। दरअसल स्किन पर मौजूद गंदगी की वजह से यह समस्या हो सकती है लेकिन इसके अलावा हार्मोनल बदलाव, डेड स्किन जैसे अन्य कारणों की वजह से भी मुहांसे होते हैं।
इसे भी पढ़ें : त्वचा की रंगत निखारने के लिए सर्दियों में रोज पिएं गाजर और चुकंदर का जूस, जानें इसके फायदे
3. अधिक तनाव की वजह से मुहांसे की समस्या होती है
तनाव की वजह से मुहांसे होने के बारे में अभी तक कोई सटीक जानकारी मौजूद नहीं है। लेकिन यह जरूर है कि अगर किसी व्यक्ति को मुहांसों की समस्या है तो अधिक स्ट्रेस और मानसिक समस्याएं उसे बढ़ा सकती हैं।
4. चॉकलेट और ऑयली फूड्स खाने से मुहांसे हो सकते हैं
चॉकलेट, पिज्जा, आलू के चिप्स, फ्रेंच फ्राइज, चीजबर्गर आदि खाने से मुहांसे होने का कोई सीधा संबंध नहीं है। लेकिन कई शोध और अध्ययन इस बात की पुष्टि करते हैं कि नॉन आर्गेनिक डेयरी प्रोडक्ट्स का सेवन करने से यह समस्या बढ़ सकती है।
इसे भी पढ़ें : रात को नाभि में नीम का तेल लगाने से दूर होती हैं कई त्वचा समस्याएं, जानें इसके अन्य फायदे
5. पिंपल्स को फोड़ने से ये जल्दी ठीक हो जाते हैं
अक्सर आपने भी लोगों को ये करते हुए या इसके बारे में सलाह देते हुए सुना होगा। लेकिन मुहांसों से जुड़ी यह सबसे बड़ी गलतफहमी है। दरअसल अगर आप मुहांसों को फोड़ते हैं तो उसकी वजह से आपकी स्किन पर सूजन, संक्रमण और स्कार्स हो सकते हैं। इसलिए हमेशा मुहांसों को फोड़ने से बचना चाहिए।
6. मुहांसे अपने आप ठीक हो जाते हैं
आमतौर पर मुहांसे की समस्या जब शरीर में हार्मोनल बदलाव की वजह से होती है तो यह अपने आप ठीक हो सकती है। लेकिन अगर किसी भी व्यक्ति को यह समस्या ज्यादा गंभीर रूप से है तो उसे चिकित्सक की सलाह जरूर लेनी चाहिए।
7. धूप में जाने से मुहांसे ठीक हो जाते हैं
अक्सर लोग यह बात कहते हैं कि मुहांसों को ठीक करने के लिए धूप में जाना फायदेमंद होता है। चूंकि धूप में रहने से थोड़ी देर के लिए मुहांसे दर्द नहीं करते हैं लेकिन सूरज की अल्ट्रावॉयलेट किरणें मुहांसे की समस्या को बढ़ा सकती हैं।
इसे भी पढ़ें : मुंहासों से छुटकारा पाना चाहते हैं तो डाइट में शामिल करें ये 9 चीजें
हमें उम्मीद है कि मुहांसों से जुड़े मिथक और उनकी सच्चाई को लेकर दी गयी यह जानकारी आपको पसंद आई होगी। इस समस्या के बारे में अधिक जानकारी के लिए आप चिकित्सक से संपर्क कर सकते हैं।
(all image source - freepik.com)