
स्नैक्स को अकसर वजन बढ़ाने के साथ जोड़कर देखा जाता है। लेकिन, इसके बारे में सोच बदलने की जरूरत है। हेल्दी स्नैक्स के जरिये आप अपनी भूख को शांत कर सकते हैं। सभी स्नैक्स आपकी सेहत और वजन कम करने के आपके प्लान को नुकसान नहीं पहुंचाते।
दिन में किसी भी वक्त आपको भूख लग सकती है। ऐसे मौके पर आप स्नैक्स का रुख करते हैं। क्योंकि ये आसानी से उपलब्ध होते हैं, इसलिए आप इनका विकल्प तलाशने की ज्यादा कोशिश नहीं करते। कभी-कभार स्नैक्स का सेवन करना ठीक है, लेकिन रोजाना इसकी आदत बना लेना अच्छी बात नहीं। अपने स्वस्थ खानपान की आदतों को सेहत के लिए नुकसानदेह स्नैक्स से खराब मत कीजिए।
सेहतमंद स्नैक्स चुनने का सबसे अच्छा तरीका है अपनी भूख को पहचानना। सेहतमंद स्नैक्स की बात की जाए, तो फल, सब्जियां, नट्स और दही आदि को इस श्रेणी में रखा जा सकता है। आपको पॉपकॉर्न, अनाज के चिप्स और बिस्किट आदि का सेवन करना चाहिए।
नीचे हम आपको सात स्नैक्स के बारे में बता रहे हैं, जिनका सेवन आपकी भूख को तो शांत करेगा ही साथ ही आपकी सेहत का भी पूरा खयाल रखेगा।
सेब
सेब को सबसे सेहतमंद फल माना जाता है। स्नैक्स के रूप में इसका सेवन काफी अच्छा रहता है। सामान्य आकार के एक सेब में करीब 100 कैलोरी और करीब 20 ग्राम शर्करा होती है। यह सुपरफूड आपके शरीर को ऊर्जा प्रदान करता है और साथ ही लंबे समय तक भूख को दूर रखता है।
पॉपकॉर्न
पॉपकॉर्न एक शानदार स्नैक्स है। इसमें काफी ऊर्जा और फाइबर होता है। एक कटोरी पॉपकॉर्न से आपको पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन और एंटी-ऑक्सीडेंट मिलता है। एक कप फैट फ्री पॉप कॉर्न में करीब 20 कैलोरी होती हैं।
नट्स
सारा दिन काम करते समय आपको अकसर थकान होती है। ऐसे में नट्स आपके काफी काम आ सकते हैं। वे सेहतमंद होते हैं और साथ ही उनमें अनसेुचरेटेड फैट होता है। मिले-जुले नट्स या सिर्फ मूंगफली भी आपकी भूख को शांत कर सकती है। हां, कई नट्स में वसा की मात्रा काफी अधिक होती है, इसलिए इनका सेवन करते समय जरा संयम रखें।
जूस
हरी पत्तेदार सब्जियां ऊर्जा के स्तर को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनका जूस भी सेहत के लिए काफी फायदेमंद होता है। इनमें एंटी ऑक्सीडेंट, फिटोन्यूट्रीएंटस, क्लोरोफिल, मैग्नीशियम और पोटेशियम जैसे तत्व होते हैं, जो आपको ऊर्जावान तो रखते ही हैं साथ ही भूख पर भी काबू रखते हैं। लेकिन, इनके बारे में सबसे अच्छी बात इनका सुपाच्य होना और तुरंत ऊर्जा प्रदान करना होता है।
स्मूदी
ऐसे स्नैक्स के बारे में क्या कहेंगे, जिसमें आपके पसंदीदा फल भी शामिल हों। मिल्कशेक और स्मूदी, बेहतरीन स्नैक्स विकल्प हैं। अपनी स्मूदी को शानदार बनाने के लिए इसमें लो-फैट मिल्क अथवा दही मिलाइये। दो भोजन के बीच में स्मूदी का सेवन आपको भूख के प्रभाव से दूर रखता है।
उबले हुए अंडे
उबले हुए अंडे प्रोटीन के किफायती और परंपरागत स्रोत होते हैं। आप इन्हें काम पर अपने साथ ले जा सकते हैं और भूख लगने पर इनका सेवन किया जा सकता है। इनके बेशुमार पोषक तत्वों के अलावा इन्हें बनाने में भी कोई खास मेहनत नहीं लगती।
फ्रूट सलाद
फलों के सेवन से आपको कई स्वास्थ्य लाभ होते हैं। और एक से ज्यादा फलों का सेवन आपको कई प्रकार के स्वास्थ्य लाभ देता है। ताजा कटे फलों का सलाद बेहतरीन स्नैक है यह आपके शरीर की ऊर्जा का स्तर बढ़ाये रखने में मदद करता है।
आपको ऐसे स्नैक्स से दूर रहना चाहिए, जिसमें कैलोरी की मात्रा तो अधिक हो, लेकिन पोषक तत्वों की कम। सोडा, मीठे पेय पदार्थ, केक अथवा अन्य मीठे पदार्थ, नमकीन आदि में पोषक तत्व कम होते हैं। और इनमें मौजूद वसा व शर्करा से आपकी सेहत को नुकसान होता है। तो ऐसे आहार से दूर रहें और अच्छी सेहत के लिए बेहतर विकल्प चुनें।
Image Courtesy - Getty Images
Read More Articles on Healthy Eating in Hindi
Read Next
रोगमुक्त रखता है फ्लैक्स सीड
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version