हैंड सैनिटाइजर के प्रयोग में ज्यादातर लोग कर रहे हैं ये 7 गलतियां, फायदे के बजाय हो सकते हैं कई नुकसान

हैंड सैनिटाइजर आपको कोरोना वायरस के खिलाफ सुरक्षा प्रदान करता है, मगर तभी जब आप इसका सही प्रयोग करते हैं। जानें 7 गलतियां जो अक्सर लोग करते हैं।
  • SHARE
  • FOLLOW
हैंड सैनिटाइजर के प्रयोग में ज्यादातर लोग कर रहे हैं ये 7 गलतियां, फायदे के बजाय हो सकते हैं कई नुकसान

कोरोना वायरस महामारी से बचाव के लिए जिन तरीकों को दुनियाभर में अपनाया जा रहा है, उनमें से एक हैंड सैनिटाइजर का प्रयोग भी है। 60% एल्कोहल वाले हैंड सैनिटाइजर से हाथ साफ करने से कोरोना वायरस खत्म हो सकता है, ऐसा वैज्ञानिकों का दावा है। जब कोरोना वायरस महामारी आई थी तब हैंड सैनिटाइजर्स के दाम बहुत ज्यादा हुआ करते थे, इसलिए ये आम लोगों की पहुंच से दूर थे। लेकिन महामारी के देखते हुए सरकार ने सैनिटाइजर के दामों को कम किया, जिससे इसके प्रयोग में अचानक से तेजी आई। आज अरबों लोग रोजाना हैंड सैनिटाइजर्स का प्रयोग कर रहे हैं। मगर आपको जानकर हैरानी होगी कि इनमें से 90% लोग हैंड सैनिटाइजर्स का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे उन्हें फायदा होना तो दूर, उल्टा नुकसान होने की अधिक आशंका है। हम आपको बता रहे हैं, कौन सी गलतियां कर रहे हैं आप।

mistakes using hand sanitizers

हाथ धोने को बोझ समझते हैं आप

हैंड सैनिटाइजर्स का विकल्प उन लोगों के लिए है, जो ऐसी जगह पर हैं जहां साबुन और पानी की उपलब्धता नहीं है, जैसे- मॉल्स, दुकान, सार्वजनिक स्थान, अस्पताल, पब्लिक ट्रांसपोर्ट आदि। लेकिन प्रयोग में सुविधाजनक होने के कारण लोग हर जगह इसका प्रयोग करने लगे हैं, यहां तक कि घर में भी। ये गलत है। विश्व के सभी बड़े स्वास्थ्य संगठन कहते हैं कि एल्कोहल बेस्ड सैनिटाइजर से हाथ साफ करने पर आपको वैसी सुरक्षा नहीं मिल सकती है, जैसी साबुन और पानी से हाथ धोने पर मिलती है। इसलिए जहां संभव हो, वहां आपको साबुन-पानी से ही हाथ धोने चाहिए।

इसे भी पढ़ें: कहीं आपके हैंड सैनिटाइजर में भी तो मेथनॉल (Methanol) नहीं? FDA की चेतावनी जानलेवा हो सकता है इसका प्रयोग

सैनिटाइजर का गलत तरीके से करते हैं इस्तेमाल

ज्यादातर लोग सैनिटाइजर का प्रयोग करते समय हाथों में सैनिटाइजर लेकर सामने की हथेली में और फिर हथेली के पीछे रगड़ लेते हैं। ये हाथ साफ करने का सही तरीका नहीं है। आपको अपने हाथ के हर हिस्से को सैनिटाइज करना है, ताकि वायरस की संभावना को पूरी तरह खत्म किया जा सके। इसके लिए हथेली और पीछे के हिस्से के अलावा, उंगलियों के बीच की जगह, नाखून के आगे का हिस्सा और अंगूठे के बीच के हिस्से को अच्छी तरह साफ करना जरूरी है।

गलत हैंड सैनिटाइजर का प्रयोग

अचानक आई भारी मांग के कारण बाजार में बहुत सारे फर्जी और घटिया क्वालिटी के हैंड सैनिटाइजर्स आ गए हैं, जो तय मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं। ऐसे हैंड सैनिटाइजर के प्रयोग से आपको सुरक्षा नहीं मिलती है। आपके हैंड सैनिटाइजर मं कम से कम 60% एल्कोहल होना चाहिए। इससे कम एल्कोहल होने पर सैनिटाइजर आपको पूरी सुरक्षा नहीं दे पाएगा। इसके अलावा अगर किसी सैनिटाइजर में मेथनॉल का प्रयोग किया गया है, ये बहुत अधिक हानिकारक हो सकता है।

प्रयोग के बाद दोबारा संक्रमित जगह छूना

अक्सर ये गलती पब्लिक प्लेस पर लोगों से अंजाने में हो जाती है। सार्वजनिक प्रयोग वाले हैंड सैनिटाइजर्स के पंप या बॉटल को छूने के बाद हाथ पर रगड़ने से वायरस खत्म हो जाता है। मगर इसके बाद लोग अक्सर ये गलती करते हैं कि वो फिर से किसी ऐसी जगह को छू लेते हैं, जहां से संक्रमण का खतरा हो, जैसे- टॉयलेट या ऑफिस का गेट, बस का हैंडल, नोट और सिक्के, मास्क उतारते समय सामने का हिस्सा आदि।

using hand sanitizers

आप ज्यादा मात्रा में हैंड सैनिटाइजर प्रयोग करते हैं

हैंड सैनिटाइजर्स का प्रयोग सुरक्षित जरूर है, लेकिन एक सीमा तक, क्योंकि इनमें एल्कोहल मिला होता है। अगर आप एक बार में बहुत ज्यादा सैनिटाइजर हाथ में लेकर रगड़ते हैं, तो इससे आपके त्वचा की ऊपरी पर्त पर जमा नमी भी उड़ जाती है। इससे हाथों के ड्राई होने और कई तरह की त्वचा समस्याएं होने का खतरा रहता है। इसलिए जब भी सैनिटाइजर लें, तो 50 पैसे के सिक्के के बराबर लें। इसके अलावा सैनिटाइजर के प्रयोग के बाद तुरंत हाथों में मॉइश्चराइजर लगाएं।

इसे भी पढ़ें: हाथों के कीटाणुओं और बैक्टीरिया को मिटाने के लिए खुद ही बनाएं नैचुरल हैंड सैनिटाइजर, जानें आसान तरीका

सैनिटाइजर को सूखने नहीं देते आप

ये एक बड़ी गलती है, जो लोग अक्सर करते हैं। हाथ में सैनिटाइजर लेकर एक बार रगड़ना भर पर्याप्त नहीं है। आपको हैंड सैनिटाइजर को हथेलियों, उंगलियों में तब तक रगड़ना चाहिए, जब तक कि ये पूरी तरह सूख न जाए।

छोटे बच्चों को दे देते हैं हैंड सैनिटाइजर

छोटे बच्चों के हाथ में हैंड सैनिटाइजर की बॉटल देने की गलती भी कई लोग करते हैं। बच्चों की त्वचा बहुत नाजुक होती है, इसलिए जितना संभव हो, उन्हें हाथ धुलाने की कोशिश करें, सैनिटाइजर के प्रयोग की आदत न डलवाएं। तेज खुश्बू वाले हैंड सैनिटाइजर्स का प्रयोग बच्चों के लिए खतरनाक हो सकता है। इसके अलावा आपकी गैर मौजूदगी में बच्चे इसे मुंह में डाल सकते हैं, जिससे गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है। इसलिए सैनिटाइजर की बॉटल को बच्चों की पहुंच से दूर रखें।

Read More Articles on Miscellaneous in Hindi

Read Next

भाप की मदद से खत्म किया जा सकता है कोरोना वायरस? जानें क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स

Disclaimer