हलीम के बीज या चमसुर सैकड़ों सालों से भारतीय खानपान का हिस्सा रहा है। खासकर डिलीवरी के बाद महिलाओं को चमसुर का हलवा, चमसुर के लड्डू और दूसरी डिशेज आज भी बनाकर खिलाई जाती हैं, ताकि उनके शरीर में पोषक तत्वों की सभी जरूरत पूरी हो सके। चमसुर के बीज बहुत पौष्टिक होते हैं। ये फाइबर, मिनरल्स, विटामिन्स और एंटीऑक्सीडेंट्स का भंडार होते हैं, इसीलिए सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माने जाते हैं। हालांकि चमसुर की तासीर थोड़ी गर्म होती है, इसलिए इसका बहुत ज्यादा सेवन नहीं करना चाहिए। सर्दियों के मौसम में लोग इसका इस्तेमाल ज्यादा करते हैं, लेकिन फायदों को देखते हुए आप थोड़ी मात्रा में हर सीजन में इसका सेवन कर सकते हैं। आइए आपको बताते हैं क्यों फायदेमंद है चमसुर और कैसे करें इसका सेवन।
शरीर में बढ़ाता है खून
चमसुर के बीज आयरन से भरपूर होते हैं इसलिए ये शरीर में हीमोग्लोबिन का स्तर बढ़ाते हैं। इसका हर रोज सेवन करने से शरीर में खून बढ़ता है और एनीमिया की शिकायत दूर होती है। यही कारण है कि गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी के बाद उन्हें हलीम के बीज या चमसुर खिलाया जाता है। भारतीय महिलाओं में खून की कमी एक बहुत बड़ी और कॉमन समस्या है इसलिए महिलाएं हर रोज चमसुर का सेवन करें, तो ये उनके लिए बहुत फायदेमंद हो सकता है। 1 चम्मच चमसुर के बीजों में 12 मिलीग्राम आयरन होता है।
इसे भी पढ़ें: बालों और त्वचा के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं अलसी के बीज, जानें 5 ऐसे फायदे जिनके बारे में कम जानते हैं लोग
स्तनपान कराने वाली महिलाओं में दूध बढ़ाए
अगर कोई महिला स्तनपान कराती है, तो उसे चमसुर के बीजों का सेवन जरूर करना चाहिए क्योंकि इसके सेवन से शरीर में दूध बढ़ता है। डिलीवरी के बाद महिलाओं को हर रोज 1 चम्मच चमसुर के बीजों का सेवन करते रहना चाहिए। इसके सेवन से आपका दूध भी अधिक पौष्टिक होता है, जिसका फायदा आपके शिशु को भी मिलता है। जिन महिलाओं को दूध कम बनता है, उनके लिए चमसुर का सेवन आसान घरेलू और देसी उपचार है।
कब्ज की समस्या से छुटकारा
चमसुर के बीजों में घुलनशील फाइबर होता है, जो कि कब्ज के रोगियों के लिए बहुत ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। इसके रोजाना सेवन से पेट साफ रहता है और आंत स्वस्थ रहती हैं। इसलिए जिन लोगों को लंबे समय से कब्ज या पेट साफ न होने की समस्या है, उन्हें अपनी डाइट में चमसुर के बीजों को जरूर शामिल करना चाहिए।
मसल्स बनाने वालों के लिए भी है फायदेमंद
चमसुर के बीजों को इसीलिए सुपर फूड माना जाता है क्योंकि इसमें प्रोटीन की मात्रा बहुत ज्यादा होती है। अगर आप रेगुलर चमसुर के बीजों का सेवन करते हैं, तो इससे आपके शरीर में चर्बी कम होती है और मसल्स बढ़ती हैं। जिम जाने वाले लोगों और अपनी सेहत के प्रति जागरूक लोगों को हर दिन सुबह उठकर चमसुर का पानी पीना चाहिए या अपनी डाइट में किसी भी तरह से इसको जरूर शामिल करना चाहिए।
दिल की बीमारियों से बचाए, कोलेस्ट्रॉल घटाए
चमसुर के बीजों में घुलनशील फाइबर होता है। आप इसे पानी में भोगकर रख देंगे तो ये जेल जैसे मुलायम हो जाते हैं। इसलिए इसका सेवन दिल के मरीजों के लिए बहुत फायदेमंद है। घुलनशील फाइबर खाने से शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल कम होता है और गुड कोलेस्ट्रॉल की मात्रा बढ़ती है। इसलिए अगर आपका कोलेस्ट्रॉल बढ़ा हुआ है, तो आप हर रोज एक चम्मच हलीम के बीज या चमसुर का सेवन जरूर करें।
इसे भी पढ़ें: कोलेस्ट्रॉल बढ़ चुका है तो आपके लिए सुपरफूड है भिंडी, जानें कोलेस्ट्रॉल घटाने में कैसे करती है मदद
कैसे करें चमसुर का सेवन और जरूरी सावधानियां
- चमसुर को रात में 1 ग्लास पानी में भिगोकर सुबह बीजों सहित पानी पीना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है।
- आप चाहें तो चमसुर साथ मेवे और सूजी को मिक्स करके लड्डू बना सकते हैं, बस ध्यान दें कि लड्डू में चीनी नहीं बल्कि गुड़ का प्रयोग करें।
- गेंहूं के आटे के साथ मिलाकर चमसुर का हलवा भी बनाया जा सकता है।
- ध्यान रखें कि चमसुर का बहुत अधिक सेवन नुकसानदायक भी हो सकता है इसलिए गर्मियों में इसे सप्ताह में 3-4 दिन 1-1 चम्मच ही खाएं। सर्दियों में आप हर दिन 1 चम्मच तक सेवन कर सकते हैं।
- चमसुर के साथ-साथ अपने खाने में कोई खट्टी चीज भी शामिल करें जिससे आपको विटामिन सी मिले, अन्यथा आपका शरीर इसमें मौजूद आयरन का सही इस्तेमाल नहीं कर पाएगा।
Read More Articles on Healthy Diet in Hindi