When Can I Start Exercising After a Kidney Transplant : किडनी शरीर के जरूरी अंगों में से एक होती है। यह शरीर को सुचारू रूप से चलाने में मदद करती है। बता दें कि किडनी सेम के आकार के दो अंग होते हैं, जो बॉडी में खून को फिल्टर करते हैं और वेस्ट प्रोडक्ट्स को टॉयलेट के रास्ते बाहर निकालने में मदद करते हैं। ये शरीर के पीछे, रीढ़ की हड्डी के दोनों तरफ स्थित होते हैं। किडनी, शरीर की ओवरऑल हेल्थ को बनाए रखने में मदद करती है। ऐसे में किडनी डैमेज होने की स्थिति व्यक्ति के लिए जानलेवा भी हो सकती है। इस स्थिति का सही समय और सही तरह से इलाज करना बहुत जरूरी होता है। ऐसे में क्रोनिक किडनी डिजीज या किडनी फेलियर का सामना कर रहे लोगों को किडनी ट्रांसप्लांट करवाने की सलाह दी जाती है। यह एक बहुत बड़ी सर्जरी होती है, जिसके बाद व्यक्ति को कई समस्याओं का समाना करना पड़ सकता है। यही वजह है कि किडनी ट्रांसप्लांट के बाद लोगों को कई परहेज बताए जाते हैं। इन्हीं में से एक परहेज फिजिकल मूवमेंट में कमी का भी होता है। कई लोगों के मन में सवाल उठता है कि क्या वह किडनी ट्रांसप्लांट से रिकवर होने के बाद फिजिकल मूवमेंट की शुरुआत कब कर सकते हैं? आइए इस सवाल का जवाब डॉ. मोहित खिरबत, सलाहकार- नेफ्रोलॉजी, सीके बिड़ला अस्पताल, गुरुग्राम (Dr. Mohit Khirbat, Consultant- Nephrology, CK Birla Hospital, Gurugram) से जान लेते हैं।
किडनी ट्रांसप्लांट में क्या होता है?- What is Done in Kidney Transplant
बता दें कि किडनी ट्रांसप्लांट एक सर्जिकल प्रोसेस है, जिसमें एक स्वस्थ किडनी को एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में ट्रांसप्लांट किया जाता है। यह प्रक्रिया उन लोगों के लिए की जाती है, जिनकी किडनी खराब हो गई है या जिनकी किडनी सही तरह से काम नहीं कर रही है। आइए अब किडनी ट्रांसप्लांट के चरणों को जानते हैं:
टॉप स्टोरीज़
- मूल्यांकन: सबसे पहले किडनी ट्रांसप्लांट के लिए रोगी का मूल्यांकन किया जाता है, जिसमें उनके स्वास्थ्य की जांच होती है और यह सुनिश्चित किया जाता है कि वे ट्रांसप्लांट के लिए योग्य हैं या नहीं।
- डोनर की पहचान: इसके बाद एक स्वस्थ किडनी डोनर की पहचान की जाती है, जो आमतौर पर एक परिवार का सदस्य या कोई अनजान व्यक्ति भी हो सकता है। यहां डोनर के स्वास्थ्य की जांच की जाती है और यह सुनिश्चित किया जाता है कि डोनर की किडनी ट्रांसप्लांट के योग्य है या नहीं।
- सर्जरी: इसके बाद किडनी ट्रांसप्लांट सर्जरी की जाती है, जिसमें डोनर की किडनी को निकालकर रोगी के शरीर में ट्रांसप्लांट किया जाता है।
- पुनर्वास (Rehabilitation): बता दें कि रोगी को पुनर्वास (Rehabilitation) की आवश्यकता होती है, जिसमें वे अपने नए जीवन के साथ एडजस्ट होते हैं और अपनी नई किडनी की देखभाल करते हैं।
इस प्रक्रिया के दौरान कुछ खतरे भी होते हैं। जैसे कि किडनी ट्रांसप्लांट के बाद व्यक्ति का शरीर नई किडनी को सही तरह से अपना नहीं पाता है। इसके अलावा, व्यक्ति को ट्रांसप्लांट के बाद इंफेक्शन जैसी कई अन्य समस्याएं भी हो सकती हैं। आइए अब जानते हैं कि किडनी ट्रांसप्लांट के बाद आप फिजिकल मूवमेंट कब शुरू कर सकते हैं?
इसे भी पढ़ें- क्या किडनी ट्रांसप्लांट सक्सेस होने के 1 या 2 साल बाद भी किडनी फैल हो सकती है? जानें डॉक्टर से
किडनी ट्रांसप्लांट के बाद कब शुरू करें फिजिकल मूवमेंट?- When to Start Physical Movement After Kidney Transplant
जी हां, आप किडनी ट्रांसप्लांट के बाद फिजिकल एक्टिविटी या स्पोर्ट्स को फिर से शुरू कर सकते हैं। हालांकि, आपको ये नई शुरुआत उचित चिकित्सा मार्गदर्शन के साथ करनी है। एक बार जब शरीर सर्जरी से ठीक हो जाता है और नई किडनी अच्छी तरह से काम कर रही होती है, तो डॉक्टर अक्सर ओवरऑल हेल्थ को बेहतर बनाने, इम्यूनिटी को बढ़ावा देने और स्वस्थ वेट बनाए रखने के लिए हल्की से मध्यम एक्सरसाइज करने की सलाह देते हैं। रोजाना फिजिकल मूवमेंट करने से ब्लड प्रेशर और स्ट्रेस के स्तर को मैनेज करने में मदद मिल सकती है। यह स्थिति ट्रांसप्लांट रिकवरी के लिए जरूरी होती है।
हालांकि, आपको स्पोर्ट्स या फिजिकल एक्टिविटी को धीरे-धीरे करना चाहिए। इस ट्रांसप्लांट के बाद पहले कुछ हफ्तों या महीनों में, चलना, हल्की स्ट्रेचिंग और सांस लेने की एक्सरसाइज जैसी एक्टिविटी करने की सलाह दी जाती है। आपको फुटबॉल, बॉक्सिंग या बास्केटबॉल जैसे हाई इम्पैक्ट या संपर्क वाले खेलों से बचना चाहिए। इससे नई किडनी को चोट पहुंचने का जोखिम बढ़ सकता है।
इसे भी पढ़ें- किडनी ट्रांसप्लांट फेल होने के क्या कारण हो सकते हैं? डॉक्टर से जानें
कुल मिलाकर, किडनी ट्रांसप्लांट के बाद किसी भी तरह की एक्सरसाइज शुरू करने से पहले, अपने डॉक्टर से सलाह लेना बहुत जरूरी है। डॉक्टर आपको बता सकते हैं कि किस प्रकार की एक्टिविटी आपके लिए सुरक्षित हैं और आपको कितनी तीव्रता से इन्हें करना चाहिए। आमतौर पर, समय और लगातार निगरानी के साथ, कई किडनी ट्रांसप्लांट व्यक्ति को एक्टिव लाइफस्टाइल में वापस ला सकते हैं। यहां तक कि लोग खेलों में भी भाग ले सकते हैं। ऐसे में आपको अपने शरीर की बात सुनने और हाइड्रेटेड रहने पर ध्यान देना चाहिए।