
दो लोगों के बीच प्यार का रिश्ता सारे रिश्तों में सबसे ऊपर होता है। लेकिन तब क्या जब आपका दिल एक नहीं बल्कि दो लोगों के लिए एक साथ धड़कने लगे! क्या ये मु्म्किन है?
रिश्ते बेहद नाज़ुक होते हैं, हमारे देश में तो ये और भी नाज़ुक हो जाते हैं। दो लोगों के बीच प्यार का रिश्ता सारे रिश्तों में सबसे ऊपर होता है। लेकिन तब क्या जब आपका दिल एक नहीं बल्कि दो लोगों के लिए एक साथ धड़कने लगे! ...क्या ये मुमकिन है? जी हां ये पूरी तरह मुमकिन है कि एक रिश्ते में होते हुए भी आपको किसी दूरे इंसान से बेइंतहा मोहब्बत हो जाए और आपका दिल उसके लिये भी आहें भरने लगे। तो क्या आप चीटर कहलाएंगे? समाज तो यही कहता है। खैर मामला जितना सच है उतना पेचीदा भी, तो बजाए सही गलत की बहस में पड़ते हुए जानने की कोशिश करते हैं कि जब एक रिश्ते में होते हुए भी हो जाए किसी और से प्यार तो क्या है इसका कोई उपचार।
सेलेब्रिटीज़ की राय
हाल ही में हॉलिवुड की चर्चित अभिनेत्री कीरा नाइटली ने कहा था कि किसी महिला के लिए एक साथ दो लोगों से प्यार करना संभव है। इन दिनों वे गायक जेमी राइटन के साथ डेट कर रही हैं और कहती हैं कि किसी महिला के मन में एक समय में दो पुरूषों के लिए रोमांटिक भाव हो सकते हैं। और यह सब इस बात पर निर्भर करता है कि आप किससे प्यार कर रहे हैं और आपकी जिंदगी किन चीज़ों से होकर गुजर रही है।
अगर ऐसे हालात आपके सामने भी हैं, तो आपके लिए यह फैसला कर पाना वाकई बेहद मुश्किल हो जाता है कि आपको प्यार हुआ है या यह महज एक आकर्षण मात्र है। ऐक्टर व मोडल मिलिंद सोमन का नाम भी बहुत-सी लड़कियों से जुड़ा है। मिलंद का इस बारे में कहना है कि 'आप कई लोगों को देखकर रोमांटिक महसूस करते हैं, लेकिन रिलेशनशिप केवल दो लोगों के बीच ही मुमकिन है। आप एक साथ दो लड़कियों से प्यार कैसे महसूस कर सकते हैं! अगर आप ऐसा करते हैं, तो यह प्यार नहीं, बल्कि चीटिंग होगी।
एक्सपर्ट की राय
तो क्या वाकई एक समय में दो लोगों से प्यार करना मुम्किन नहीं है? इस बारे में साइकायट्रिस्ट सुनील मित्तल थोड़ी अलग राय रखते हैं। उनका कहना है, कि अगर आप अपने दोनों बच्चों को प्यार कर सकते हैं, तो फिर दो लोगों से प्यार क्यों नहीं कर सकते? हालांकि ज्यादा हिसाब-किताब कर देखा जाए, तो यह सही नहीं है। आप एक समय में दो लोगों की ठीक से केयर कर सकते हैं, जैसे अपने फ्रेंड्स को लेकर चिंतित होना। लेकिन एक समय में दो लोगों से प्यार करने के मामले बहुत कम मामले देखे गए हैं।
आप बीती सुनें
वहीं दूसरी ओर इस तरह के दौर से गुज़र चुके लोगों का कहना है कि दो लोगों के लिए स्पेशल फीलिंग्स रखने पर वे खुद ही नहीं समझ पाते हैं कि यह प्यार है या फिर आकर्षण। दरअसल, किसी के लिये आकर्षित होना या उसे प्यार करना, दो अलग-अलग चीजें हैं और इसकी वजह से आपका अच्छा-खासा रिलेशन खत्म हो सकता है। साइकॉलजिस्ट समीर कलानी कहते हैं, 'ऐसी भावनाएं अटैचमेंट दिखाती हैं। वैसे, एक व्यक्ति दो लोगों की तरफ अट्रैक्ट हो सकता है। लेकिन आप हमेशा दो लोगों के साथ नहीं रह सकते और आखिर में आपको अपने दिल की आवाज सुनकर अपने प्यार का फैसला लेना ही पड़ेगा।
वहीं इस तरह की भावनाओं से गुज़र चुकी कल्पना (बदला हुआ नाम) के अनुसार एक समय में दो लड़कों से प्यार की भावनाएं महसूस करने की कुछ वजह होती है। आप किसी से प्यार तो करते हैं, लेकिन उसी दौरान आपसे कोई दूसरा लड़का टकराता है जो आपके प्रेमी से ज्यादा हैंडसम व अट्रैक्टिव है, तो ऐसे में आपका रुझान उसकी ओर भी हो सकता है। वाकई यह पूरी तरह मुमकिन है कि आप एक समय में दो लोगों के बारे में एक जैसी भावनाएं महसूस करें, लेकिन दोनों में से एक के साथ जिंदगी बिताने का फैसला जल्दी न करने पर आप बड़ी परेशानी में भी पड़ सकते हैं।
Read More Articles on Relationships in Hindi.
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।