शरीर के लिए पौटैशियम बहुत जरूरी है, यदि शरीर में इसकी कमी हो गई तो कई रोग हो सकते हैं। लेकिन यदि इसकी अधिकता हो गई तो भी वह शरीर के लिए नुकसानदेह है, इसलिए शरीर में पोटैशियम की मात्रा सामान्य होनी चाहिए।
शरीर के विभिन्न अंगों, कोशिकाओं और कोशाणुओं को सही तरह से कार्य करने के लिए शरीर में पर्याप्त मात्रा में पोटैशियम जैसे खनिज पदार्थ का होना बहुत आवश्यक है। यह एक तरह का इलेक्ट्रोलाइट भी है, जो सोडियम, क्लोराइड और मैग्नीशियम के साथ मिलकर शरीर में विद्युत शक्ति का संचालन बनाए रखता है। दिल को सही तरह से कार्य करने और पाचन क्रिया को दुरुस्त करने और हड्डियों तथा मांसपेशियों के संकुचन को रोकने के लिए पोटैशियम बहुत जरूरी है।
पोटैशियम की कमी क्या है
शरीर में पोटैशियम की कमी को हाईपोक्लेमिया कहा जाता है और इसकी अधिकता को हाईपरक्लेमिया कहा जाता है। शरीर में पोटैशियम की संतुलित मात्रा बनाये रखने के लिए खून में सोडियम और मैग्नीशियम की मात्रा पर निर्भर रहना पड़ता है। लेकिन आहार में सोडियम की मात्रा अधिक पायी जाती है जिसे संतुलित रखने के लिए पोटैशियम की जरूरत होती है। दस्त होना, उल्टियां होना, अधिक मात्रा में पसीना आना, कुपोषण, दिल की बीमारियां आदि पोटैशियम की कमी के संकेत हैं।
पोटैशियम की कमी के लक्षण
कमजोरी
पोटैशियम की कमी के कारण शरीर में एसिड की मात्रा बढ़ जाती है जिसके कारण शरीर सुस्त होता है साथ ही कमजोर भी हो जाता है। थकान लगना और शरीर का कमजोर होना पोटैशियम की कमी के प्रमुख लक्षण हैं।
तनाव
तनाव का एक कारण शरीर में पोटैशियम की कमी भी है। 2006 में हुए एक अध्ययन के मुताबिक, शरीर में पोटैशियम की कमी से लोगों में तनाव पैदा हो सकता है और यह मानसिक स्वास्थ्य के लिए समस्या बन सकती है।
दिल की बीमारियां
पोटैशियम की कमी से उच्च रक्तचाप दिल का दौरा, दिल की अन्य बीमारियें के होने का खतरा होता है।
अनिद्रा की समस्या
शरीर में पोटैशियम की कमी के कारण नींद न आने की समस्या हो सकती है। अनिद्रा की शिकायत के लिए यह कारण भी जिम्मेदार हो सकता है।
उल्टी और दस्त
पोटैशियम की कमी के कारण उल्टी और दस्त की शिकायत हो सकती है। इसके कारण व्यक्ति का पाचन तंत्र भी ठीक से काम नहीं करता है।
त्वचा में बदलाव
पोटैशियम की कमी का असर त्वचा पर दिखता है और त्वचा रूखी और खुश्क हो सकती है। इसके अलावा अत्यधिक पसीना भी इसके कारण होता है।
पोटैशियम युक्त आहार
शरीर में पोटैशियम की कमी दूर करने के लिए पोटैशियम युक्त आहार का सेवन कीजिए। सब्जियों और फलों में यह भरपूर मात्रा में पाया जाता है, इसके अलावा साबुत अनाज, दुग्ध उत्पाद में भी यह बहुत होता है। मांस, पोल्ट्री के उत्पादन, मछली में भी पोटैशियम की भरपूर मात्रा होती है। केला, संतरा, एप्रिकॉट, अवोकेडो, स्ट्राबेरी, आलू, टमाटर, खीरा, गोभी, फूल गोभी, शिमला मिर्च, बैंगन, अजवायन, पालक, ब्रोकोली, हल्दी, आदि में पौटेशियम पाया जाता है।
पोटैशियम शरीर के लिए बहुत जरूरी है, इसलिए शरीर में इसकी कमी न होने दें। लेकिन इसकी कमी दूर करने के लिए बाजार में उपलब्ध सप्लीमेंट लेने से परहेज करें, यदि सप्लीमेंट लेना जरूरी हो तो चिकित्सक से संपर्क करें।
Read More Articles on Healthy Eating in Hindi