महिलाओं में कई कारणों से योनी से जुड़े इन्फेक्शन और न्य समस्याएं होती हैं। वजाइना में खुजली, दर्द और बेवजह डिस्चार्ज की समस्या में को मेडिकल टर्म में वेजिनाइटिस (Vaginitis) कहा जाता है। वेजिनाइटिस को एक तरह से हम योनी में होने वाले संक्रमण या सूजन आदि की समस्या कह सकते हैं। यह समस्या अक्सर महिलाओं में देखी जाती है और इसकी प्रमुख वजह बैक्टीरिया, फंगल इन्फेक्शन और वायरस आदि की वजह से होने वाला इन्फेक्शन होता है। वेजिनाइटिस को हिंदी में योनिशोथ भी कहा जाता है। ज्यादातर महिलाओं में यह समस्या क्रीम, स्प्रे और कपड़ों में मौजूद केमिकल के संपर्क की वजह से भी होती है। वेजिनाइटिस की समस्या के कई कारण होते हैं और समय पर इसका निदान न होने पर यह समस्या गंभीर रूप ले सकती है। आइये विस्तार से जानते हैं इस समस्या के बारे में।
वेजिनाइटिस की समस्या के कारण (What Causes Vaginitis?)
(image source - frepik.com)
वजाइना में बिना किसी वजह के खुजली, दर्द और डिस्चार्ज की समस्या को वेजिनाइटिस कहा जाता है। स्टार हॉस्पिटल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ विजय लक्ष्मी के मुताबिक यह समस्या कई कारणों से हो सकती है और हर महिला में इसके कारण अलग-अलग हो सकते हैं। सामान्यतः यह समस्या इन्फेक्शन की वजह से होती है। इन इन्फेक्शन में कैंडिडिआसिस, बैक्टीरियल वेजिनोसिस और ट्राइकोमोनिएसिस आदि शामिल होते हैं। परजीवियों के संक्रमण और साफ-सफाई की कमी की वजह से भी यह समस्या महिलाओं में हो जाती है। इसके अलावा वेजिनाइटिस की समस्या के कुछ प्रमुख कारण इस प्रकार से हैं।
इसे भी पढ़ें : डिलीवरी के बाद टांकों में इंफेक्शन या टांके पकने के क्या कारण हो सकते हैं? जानें इससे बचाव के 6 उपाय
- एस्ट्रोजन हॉर्मोन की कमी की वजह से।
- इन्फेक्शन की वजह से।
- कंडोम, टेम्पोन के इस्तेमाल के कारण।
- कुछ साबुन, क्रीम और स्प्रे आदि के इस्तेमाल की वजह से।
- कुछ एंटीबायोटिक दवाओं के इस्तेमाल से।
- टाइट पैंट या अंडरवियर पहनने की वजह से।
- गीले अंडरवियर पहनने की वजह से।
- महिलाओं में डायबिटीज की समस्या के कारण।

वेजिनाइटिस की समस्या के लक्षण (Vaginitis Symptoms)
महिलाओं में वेजिनाइटिस की समस्या कई तरह की होती है और हर महिला में इसके लक्षण भी अलग-अलग हो सकते हैं। योनि में खुजली, दर्द और डिस्चार्ज जैसे कई लक्षण इस समस्या में देखे जाते हैं। वेजिनाइटिस की समस्या में दिखने वाले कुछ प्रमुख लक्षण इस प्रकार से हैं।
- योनि में गंभीर जलन होना।
- बेवजह योनि से डिस्चार्ज होना।
- वजाइना में सूजन।
- पेशाब करते समय दर्द होना।
- शारीरिक संबंध बनाते समय परेशानी।
- योनि से दुर्गंध आना।
- लगातार दर्द की समस्या।
वेजिनाइटिस की समस्या से बचाव और इलाज (Vaginitis Prevention And Treatment)
वेजिनाइटिस की समस्या के लक्षण दिखने पर डॉक्टर से संपर्क जरूर करना चाहिए। इस समस्या में चिकित्सक आपकी जांच करते हैं और उसके बाद इस समस्या के निदान के लिए इलाज की प्रक्रिया शुरू की जाती है। सामान्य कारणों से होने वाली वेजिनाइटिस की समस्या में चिकित्सक आपको कुछ एंटीबायोटिक दवाओं के सेवन की सलाह दे सकते हैं। इसके अलावा अगर आपमें इस समस्या के गंभीर लक्षण दिखाई देते हैं तो इसके लिए आपको लगातार कुछ दिनों इलाज की जरूरत होती है। आमतौर पर चिकित्सक इस समस्या में तब तक इलाज करते हैं जब तक कि आपके सारे लक्षण दूर हो जाते हैं। अगर आपको यह समस्या कंडोम के इस्तेमाल या टेम्पोन जैसे उत्पादों के इस्तेमाल की वजह से होती है तो चिकित्सक आपको इसका इस्तेमाल न करने की सलाह भी दे सकते हैं। सही समय पर इसके लक्षणों को देखते हुए चिकित्सक की सलाह लेना वेजिनाइटिस की समस्या में फायदेमंद होता है।
इसे भी पढ़ें : इन 11 कारणों से लग सकती है बार-बार पेशाब, डॉक्टर से जानें हमेशा ब्लैडर के भरे रहने का कारण
वेजिनाइटिस की समस्या से बचाव के लिए आपको टाइट और नम कपड़े पहनने से बचना चाहिए। इसके अलावा आप ऐसे कपडे पहने जो हल्के ढीले हों और उनमें किसी भी प्रकार का केमिकल इस्तेमाल न हुआ हो। इसके साथ ही इस समस्या से बचने के लिए लैक्टोबैसिलस युक्त दही और प्रोबायोटिक्स का सेवन कर सकती हैं। योनि को अधिक सुगंधित साबुन, क्रीम या स्प्रे आदि से साफ करने से भी इसका खतरा रहता है। इसलिए आपको ऐसा करने से बचना चाहिए। बैक्टीरियल इन्फेक्शन से बचने के लिए सही तरीके से योनि की सफाई करें और वेजिनाइटिस के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।
(main image source - freepik.com)