How to Prevent from Cholera in Hindi: हैजा जीवाणु के कारण होने वाली बीमारी है, जो दूषित पानी पीने या खाना खाने से फैलती है। उल्टी, डायरिया, कमजोरी और थकान, हैजा के आम लक्षण होते हैं। हैजा एक गंभीर बीमारी है। अगर इसका समय पर इलाज न किया जाए, तो हैजा जानलेवा हो सकता है। यह संक्रमित व्यक्ति के दूषित मल के द्वारा भी फैल सकता है। बेंगलुरु में पानी की किल्लत हो रही है। इसकी वजह से लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हो रहे हैं और हैजा की चपेट में आ रहे हैं। ऐसे में हैजा रोग से अपना बचाव करना बहुत जरूरी होता है। सीडीसी के अनुसार, हैजा रोग से बचने के लिए आप इन 5 टिप्स को फॉल कर सकते हैं-
हैजा रोग से बचने के लिए टिप्स- Basic Cholera Prevention Tips in Hindi
1. साफ पानी पिएं या उपयोग करें
हैजा रोग दूषित पानी पीने की वजह से होता है। इसलिए आपको हमेशा स्वस्थ पानी ही पीना चाहिए। हैजा से बचने के लिए हमेशा बोतलबंद पानी का उपयोग करना चाहिए। इसके अलावा, आपको पानी उबालकर जरूर पीना चाहिए। आप गुनगुने पानी का सेवन कर सकते हैं। इतना ही नहीं, आपको दांतों को ब्रश करने या मुंह-हाथ धोने के लिए भी साफ पानी का ही इस्तेमाल करना चाहिए।
इसे भी पढ़ें- Cholera: हैजा एक से दूसरे व्यक्ति में कैसे फैलता है? डॉक्टर से जानें
2. अपने हाथों को अच्छी तरह धोएं
हैजा रोज से बचने के लिए आपको अपने हाथों को बार-बार साफ पानी से धोते रहना चाहिए। आपको हाथ धोने के लिए साबुन का इस्तेमाल भी करना चाहिए। आपको इन स्थितियों में हाथ जरूर धोना चाहिए-
- खाना बनाने से पहले, बनाने के दौरान या बाद में साबुन से हाथ जरूर धोएं।
- खाना खाने से पहले या बाद में भी हाथों को साफ तरीके से धोना चाहिए।
- बच्चे को खाना खिलाने से पहले और बाद में भी हाथ जरूर धोएं।
- शौचालय का उपयोग करने के बाद हाथों को अच्छी तरह से धोना चाहिए।
- अगर आप बच्चे का निचला या प्राइवेट पार्ट साफ कर रहे हैं, तो उसके बाद हाथों को साबुन से जरूर धोएं।

3. शौचालय का इस्तेमाल करें
ग्रामीण या पिछड़े क्षेत्रों में हैजा के मामले ज्यादा देखने को मिलते हैं। इसका मुख्य कारण शौचालय का उपयोग न करना है। हैजा रोग से बचने के लिए आपको शौचालय का उपयोग करना चाहिए। दरअसल, हैजा रोग संक्रमित व्यक्ति के मल के संपर्क में आने से फैल सकता है। इसलिए आपको साफ-सुथरे शौचालय का इस्तेमाल करना चाहिए। साथ ही, शौचालय से आने के बाद अपने हाथों को अच्छी तरह से साबुन से धोना चाहिए।
इसे भी पढ़ें- दूषित खानपान के कारण हो सकता है हैजा, जानें इसके लक्षण और बचाव के आसान तरीके
4. फलों और सब्जियों को पकाकर खाएं
हैजा से बचने के लिए कच्चे फलों या सब्जियों का सेवन बिल्कुल न करें। क्योंकि कच्चे या अधपके फलों या सब्जियों का सेवन करने से हैजा फैलने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में आपको सब्जियों का सेवन पकाकर ही करना चाहिए। इसके अलावा, फलों का सेवन आपको हमेशा अच्छी तरह धोकर करना चाहिए। आप चाहें तो फलों और सब्जियों के छिलके को उताकर उपयोग में ला सकते हैं।
5. घर या आस-पास की सफाई का ध्यान रखें
आपको अपने हाथों या शरीर की सफाई के साथ ही, घर और उसके आस-पास के क्षेत्रों की सफाई का भी ध्यान रखना चाहिए। इसके लिए आप शौचालयों या घर के फर्श को साफ करने के लिए कीटाणु मारने वाले क्लीनर का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके साथ ही, अपने कपड़ों को भी अच्छी तरह से धोकर रखें। किसी भी बर्तन या किचन की सफाई अच्छी तरह से रखें।
अगर आप इन सभी टिप्स को अपनाएंगे, तो काफी हद तक हैजा रोग से खुद का बचाव कर सकते हैं। अगर आपको हैजा रोग हो भी जाता है, तो इसके लक्षण नजर आने पर तुरंत डॉक्टर से कंसल्ट करना चाहिए।