Expert

क्या पेट खराब होने पर खाना छोड़ देना सही है? एक्सपर्ट से जानें

पेट खराब होने पर कुछ लोग खाना छोड़ देते हैं। लेक‍िन खाना न खाने से शरीर में कमजोरी भी होने लगती है। लंबे समय तक भूखा रहना शरीर के ल‍िए अच्‍छा नहीं है।
  • SHARE
  • FOLLOW
क्या पेट खराब होने पर खाना छोड़ देना सही है? एक्सपर्ट से जानें

पेट खराब होना एक आम स्वास्थ्य समस्या है, जिसे आमतौर पर अपच, गैस, दस्त या उल्टी के रूप में अनुभव किया जाता है। यह स्थिति कई कारणों से हो सकती है, जैसे खाने में लापरवाही बरतना, बैक्टीरियल या वायरल इंफेक्‍शन, तनाव, या किसी खाद्य पदार्थ के प्रति संवेदनशीलता आद‍ि। जब पेट खराब होता है, तो व्यक्ति को अक्सर भूख नहीं लगती और कई लोग सोचते हैं कि इस दौरान खाना छोड़ देना सबसे अच्छा उपाय है। हालांकि, ऐसा करना हमेशा सही नहीं होता। खाना न खाने से शरीर में एनर्जी की कमी हो सकती है, जो कि स्वास्थ्य को और बिगाड़ सकता है। इसलिए, यह जरूरी है कि पेट खराब होने की स्थिति में भोजन के प्रकार और मात्रा में बदलाव किया जाए, बजाय इसके कि उसे पूरी तरह से छोड़ दिया जाए। सही खानपान और हाइड्रेशन से पेट की समस्याओं का प्रबंधन बेहतर ढंग से किया जा सकता है, जिससे व्यक्ति जल्दी स्वस्थ हो सकता है। आइए जानते हैं कि पेट खराब होने पर भोजन छोड़ने से स्वास्थ्य पर क्या असर पड़ सकता है और इस दौरान क्या सावधानियां रखनी चाहिए। इस व‍िषय पर बेहतर जानकारी के ल‍िए हमने द‍िल्‍ली के होली फैम‍िली हॉस्‍प‍िटल की डाइट‍िश‍ियन सना ग‍िल से बात की।

पेट खराब होने पर खाना छोड़ना सही है या गलत?- Is it Better to Skip Meals to Treat Upset Stomach

skipping-meals

डाइट‍िश‍ियन सना ग‍िल ने बताया क‍ि पेट खराब होने पर खाना छोड़ना गलत है। पेट खराब होने की समस्या किसी भी उम्र में और कभी भी हो सकती है। पेट खराब होने के कारण व्यक्ति को उल्टी, दस्त, गैस, पेट में मरोड़ या अपच जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में कई लोग सोचते हैं कि क्या इस दौरान खाना छोड़ देना सही है। जब पेट खराब होता है, तो पाचन तंत्र कमजोर हो जाता है और कई बार व्यक्ति को खाने की इच्छा नहीं होती। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि भोजन पूरी तरह से छोड़ दिया जाए। शरीर को स्वस्थ रहने और बीमारी से लड़ने के लिए एनर्जी की जरूरत होती है, जो खाने से मिलती है। अगर हम खाना छोड़ देंगे, तो शरीर में कमजोरी आ सकती है और रोगों से लड़ने की क्षमता घट सकती है। इसल‍िए पेट खराब होने पर पूरी तरह से खाना न छोड़ें बल्‍क‍ि डॉक्‍टर या एक्‍सपर्ट की सला‍ह के मुताब‍िक, हेल्‍दी फूड्स पर फोकस करें।

इसे भी पढ़ें- पेट के लिए फायदेमंद होता है भुना हुआ जीरा, आयुर्वेदाचार्य से जानें इसके फायदे

हाइड्रेशन का ध्यान रखें- Drink Adequate Amount of Water

पेट खराब होने पर शरीर में पानी की कमी भी हो सकती है, खासकर अगर उल्टी या दस्त हो रहे हों। ऐसे में पानी, नारियल पानी या अन्य इलेक्ट्रोलाइट्स से भरपूर पेय पदार्थ पीते रहना चाहिए। इससे शरीर में नमी बनी रहती है और पाचन भी सही रहता है।

पेट खराब होने पर खाने का तरीका बदलें- Chage Eating Habits

पेट खराब होने पर जरूरी नहीं कि भोजन छोड़ना पड़े, बल्कि खाने के तरीके और प्रकार में थोड़ा बदलाव करना चाहिए। ऐसे समय में हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन करना फायदेमंद होता है। इससे पाचन तंत्र पर ज्यादा दबाव नहीं पड़ता और शरीर को जरूरी पोषण भी मिलता रहता है।

पेट खराब होने पर क्‍या खाएं?- Foods to Eat if Stomach is Upset

पेट खराब होने पर इन खाद्य पदार्थों का सेवन करना फायदेमंद हो सकता है-
हल्के भोजन जैसे दलिया या खिचड़ी को पचाना आसान होता है। यह पेट को आराम देने के साथ शरीर को जरूरी कार्बोहाइड्रेट और प्रोटीन भी देता है।
केला पेट के लिए एक बेहतरीन फल है। यह पोटैशियम से भरपूर होता है, जो पेट की समस्याओं में राहत देता है और शरीर में इलेक्ट्रोलाइट संतुलन बनाए रखता है।
दही प्रोबायोटिक होता है, जो आंतों में गुड बैक्टीरिया को बढ़ावा देता है और पाचन को सुधारता है। चावल और दही का म‍िश्रण हल्का और पौष्टिक होता है, जो पेट के लिए फायदेमंद है।
सब्जियों का हल्का सूप पाचन तंत्र को आराम देने के साथ-साथ शरीर में पानी की कमी को भी पूरा करता है।
नारियल पानी इलेक्ट्रोलाइट्स से भरपूर होता है और पेट को ठंडक देता है, जिससे पेट की जलन और गैस की समस्या में राहत मिलती है।

पेट खराब होने पर क्‍या न खाएं?- Foods to Avoid if Stomach is Upset

कुछ ऐसे खाद्य पदार्थ हैं जो पेट खराब होने पर स्थिति को और बिगाड़ सकते हैं-

  • मसालेदार और तली-भुनी चीजें खाने से पेट में जलन और गैस की समस्या बढ़ा सकती हैं इसल‍िए इनसे परहेज करें।
  • डेयरी उत्पाद जैसे दूध, पनीर का सेवन न करें। ये पचने में भारी होते हैं और पेट की स्थिति को खराब कर सकते हैं।
  • कैफीन युक्त पदार्थ का सेवन न करें। जैसे चाय, कॉफी क्‍योंक‍ि ये पेट में जलन और एसिडिटी बढ़ा सकते हैं।
  • प्रोसेस्ड फूड्स से बचें क्‍योंक‍ि इनसे पेट को और ज्‍यादा काम करना पड़ता है, जिससे समस्या और बढ़ सकती है।

पेट खराब होने पर भोजन पूरी तरह से छोड़ना जरूरी नहीं है, बल्कि हल्के और पौष्टिक भोजन को चुनना बेहतर होता है। इस दौरान मसालेदार और तली-भुनी चीजों से परहेज करना चाहिए और हाइड्रेशन का ध्यान रखना चाहिए।

उम्‍मीद करते हैं क‍ि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।

Read Next

आपको भी रात में आता है ज्यादा पसीना? जानें पुरुषों में इस समस्या का कारण

Disclaimer