समय के साथ लोगों की जीवनशैली में बहुत बदलाव आया है। आजकल लोगों के पास समय की कमी है और इसी कारण से लोग अपनी सेहत पर ध्यान नहीं दे पा रहें हैं। अस्वस्थ खानपान और कम शारीरिक मेहनत की वजह से लोग कम उम्र में ही बड़ी और गंभीर बीमारियों के शिकार हो रहे हैं। समय की कमी के बावजूद रोजमर्रा के कई ऐसे काम हैं जिन्हें करने का तरीका अगर हम बदल दें तो स्वास्थ्य संबंधी कई परेशानियां यूं ही हल हो जाएंगी। जैसे घर के आसपास किसी काम के लिए जाने पर आप थोड़ा सा पैदल चल सकते हैं या ऑफिस जाने या फ्लैट तक जाने के लिए लिफ्ट की जगह सीढ़ियों का इस्तेमाल कर सकते हैं। सीढ़ियां चढ़ना भले ही आपको उबाऊ और थकाने वाला लगता हो, लेकिन सीढ़ियां चढ़ने से आपके कई अंगों की एक्सरसाइज हो जाती है। रोजाना सीढ़ियां चढ़ने से आप कई गंभीर रोगों से खुद को बचा सकते हैं। आइये आपको बताते हैं कि सीढ़ियां चढ़ने से हमारे शरीर को क्या-क्या लाभ मिलते हैं।
मोटापा होता है कम
सीढ़ियां चढ़ने का सबसे बड़ा फायदा ये है कि इससे मोटापा घटता है और अगर मोटापा नहीं है तो इसकी संभावना कम हो जाती है। आजकल बहुत सारे लोग मोटापे से परेशान हैं। ऐसे लोग अगर रोजाना आने-जाने के लिए लिफ्ट की जगह सीढ़ियों का प्रयोग करें, तो इससे उनकी चर्बी कम होती है। रोजाना 2-3 मिनट सीढ़ियां चढ़ने से 30 की उम्र के बाद बढ़ने वाले मोटापे की संभावना बहुत हद तक कम हो जाती है।
इसे भी पढ़ें:- नजरअंदाज न करें, आपकी सुस्ती हो सकती है इन 5 बीमारियों का संकेत
असमय मृत्यु की संभावना होती है कम
सीढ़ियां चढ़ने से हमारी उम्र भी बढ़ती है। हारवर्ड एल्युमिनाई स्टडी के शोध के अनुसार अगर आप रोजाना सीढ़ियां चढ़ते हैं तो इससे असमय होने वाली मौत की संभावना 33% तक कम हो जाती है जबकि रोजाना 1.3 मील चलने से ये संभावना केवल 22% ही कम होती है। चलने से कहीं अच्छा है सीढ़ियां चढ़ना क्योंकि सीढ़ियां चढ़ने में हम चलने के मुकाबले तीन गुना ज्यादा एनर्जी का इस्तेमाल करते हैं।
कैलोरीज होती हैं बर्न
आपको जानकर हैरानी होगी कि सीढ़ियां चढ़ने में आपके शरीर से जितनी कैलोरीज बर्न होती हैं उतनी जॉगिंग से भी नहीं होती हैं। सीढ़ियां चढ़ने से लगभग पूरे शरीर का वर्कआउट हो जाता है। एक्स्ट्रा कैलोरीज से आपको दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है इसलिए सीढ़ियां चढ़ना आपके दिल के लिए फायदेमंद है।
इसे भी पढ़ें:- जल्दबाजी में अक्सर छोड़ देते हैं ब्रेकफास्ट, तो इन 5 बीमारियों के लिए तैयार रहिए
मन रहता है खुश और शांत
हैरान हो गए न आप कि सीढ़ियां चढ़ने से कैसे खुशी मिलती है? दरअसल वैज्ञानिक शोधों के अनुसार सीढ़ियां चढ़ने की प्रक्रिया में हमारा शरीर एक विशेष हार्मोन एंडॉरफिन्स रिलीज करता है, जो दिमाग की शांति और हैप्पीनेस यानि खुशियों को बढ़ाता है। इसलिए रोजाना सीढ़ियां चढ़ने से आपकी सेहत के साथ-साथ आपकी खुशियां भी बढ़ती हैं।
दिल के लिए है फायदेमंद
सीढ़ियां चढ़ना हमारे दिल के लिए भी फायदेमंद है। सीढ़ियां चढ़ते हुए हमारा हार्ट रेट बढ़ जाता है और खून की नसों में दौड़ान भी तेज हो जाती है। इस वजह से दिल तेजी से खून पंप करने लगता है। ये दिल के लिए फायदेमंद है। अगर रोजाना आप 7 मिनट सीढ़ियां चढ़ते हैं तो दिल की बीमारियों की संभावना 60% तक कम हो जाती हैं।
ऐसे अन्य स्टोरीज के लिए डाउनलोड करें: ओनलीमायहेल्थ ऐप
Read More Articles On Healthy Living In Hindi