लिजर्ड पोज को उत्थान प्रतिष्ठान के नाम से भी जानते हैं। यह एक योग मुद्रा है जो आपके कूल्हों की मांसपेशियों पर खिंचाव लाता है। संस्कृत में, उत्थान का अर्थ किसी चीज को फैलाना होता है, जबकि पृष्ठ का अर्थ है एक किताब का पेज और आसन का अर्थ है मुद्रा। अगर आपको पेट से संबंधित कई समस्याएं हैं तो आप लिजर्ड पोज के प्रयोग से ये समस्या दूर कर सकते हैं। लिजर्ड पोज से आपके लचीलेपन का पता चलता है। बता दें कि लिजर्ड पोज आपके कूल्हों पर दबाव डालता है। ऐसे में इसे करने से पहले सही तरीका और चरणों का पता होना जरूरी है। आज का हमारा लेख इसी विषय पर है। आज हम आपको अपने इस लेख के माध्यम से बताएंगे कि लिजर्ड पोज को करने से सेहत को क्या-क्या फायदे होते हैं साथ ही इसे करने के तरीके के बारे में और लिजर्ड पोज़ को करते वक्त बरतने वाली सावधानी के बारे में भी जानेंगे। बता दें कि इसके लिए हमने आरोग्य योगशाला, नोएडा के योगाचार्य अभिषेक भारती (Yogacharya Abhishek Bharti) से भी बात की है। पढ़ते हैं आगे...
लिजर्ड पोज से मिलने वाले फायदे (Benefits of Lizard Pose)
लिजर्ड पोज को करने से सेहत को कई फायदे हो सकते हैं ये फायदे निम्न प्रकार हैं-
1 - चूंकि लिजर्ड पोज को करने से कूल्हों पर सकारात्मक दबाव पड़ता है, ऐसे में इसकी मासंपेशियां मजबूत बन सकती हैं।
2 - लिजर्ड पोज को करने से ना केवल थकान दूर होती है बल्कि व्यक्ति तनाव से छुटकारा पा सकता है।
3 - पीठ के दर्द से राहत दिलाने में लिजर्ड पोज आपके बेहद काम आ सकता है।
4 - लिजर्ड पोज को करने से शरीर को लचीला बनाया जा सकता है साथ ही ये कूल्हों को भी लचीला बनाने में उपयोगी है।
5 - लिजर्ड पोज को करने से पेट की कई समस्याओं को दूर किया जा सकता है साथ ही ये पेट को तंदुरुस्त भी बनाया जा सकता है।
6 - लिजर्ड पोज को करने से दैनिक जीवन में लगने वाली चोट का जोखिम भी कम हो सकता है।
इसे भी पढ़ें- योगासन करते समय रखें इन 9 बातों का ध्यान, मिलेगा पूरा लाभ
7 - हैमस्ट्रिंग मांसपेशियां को मजबूत और टोन करने के लिए आप लिजर्ड पोज का इस्तेमाल कर सकते हैं।
8 - इस पोज को करने से मानसिक लाभ जैसे फोकस पावर में सुधार, रचनात्मक सोच का जन्म आदि फायदे हो सकते हैं।
9 - लिजर्ड पोज को करने से व्यक्ति खुद में स्थिरता बनाए रख सकता है।
नोट - एक्सपर्ट अकसर एथलीटों को अपनी विभिन्न मांसपेशी समूहों को टोन करने के लिए लिजर्ड पोज मुद्रा करने की सलाह देते हैं। इससे अलग वे प्रजनन स्वास्थ्य को मजबूत बनाने के लिए लिजर्ड पोज को करने की सलाह देते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि इस पोज से निचले पेट की सक्रियता को बढ़ाया जा सकता है।
लिजर्ड पोज करने का तरीका (How to do Lizard Pose)
लिजर्ड पोज को घर पर करने के लिए आप निम्न चरणों का पालन कर सकते हैं-
चरण 1 - इस योग को करने के लिए सबसे पहले जमीन पर योगा मैट बिछाएं और उसके ऊपर पेट के बल लेट जाएं।
चरण 2 - अब गहरी लंबी सांस छोड़ते हुए अपनी बाजुओं को चेस्ट के पास इंटरलॉक करें।
चरण 3 - सांस लेते हुए अपने पूरे शरीर को पैरों के पंजे और हाथों के ऊपर उठाएं। इस क्रम में सबसे पहले अपना सिर, छाती, कुल्हे और फिर घुटने उठाएं।
चरण 4 - अब अपनी सांस छोड़ें और अपने बाएं पैर को आगे की तरफ लेकर जाएं और 90 डिग्री का कोण बना लें। जैसा की ऊपर फोटो में दिखाया गया है।
चरण 5 - अब अपने सिर को सामने की तरफ रखें और बाजुओं को चेस्ट के पास टिकाएं रखें। इस दौरान ये सुनिश्चित करें कि आपके कूल्हे जमीन की तरफ ना झुके हों।
चरण 6 - अब आप अपने दोनों हाथों की कोहनी को जमीन पर टिकाने की कोशिश करें। जैसे ही आप अपनी कोहनी को जमीन पर लाएंगे वैसे ही आपका शरीर भी थोड़ा सा नीचे की तरफ झुकेगा।
चरण 7 - इस दौरान आपका सिर एक दम सीधा और आंखे सामने की तरफ होनी चाहिए।
चरण 8 - इस स्थिति में कुछ सेंकेंड तक बने रहें और गहरी लंबी सांसे लेते रहें।
इसे भी पढ़ें- बढ़ती उम्र में शरीर काे एक्टिव रखने के लिए राेज करें ये 4 आसान याेगासन
चरण 9 - अब पुरानी स्थिति में आने के लिए सबसे पहले कोहनी को सीधा करें और बाएं पैरे को पीछ लेकर जाएं। अब पहले की तरह पेट के बल लेट जाएं। कुछ समय बाद फिर इस प्रक्रिया को दूसरे पैर से दोहराएं।
लिजर्ड पोज करते वक्त बरतने वाली सावधानी
लिजर्ड योग करते वक्त कुछ सावधानियां बरतनी जरूरी हैं, वरना सेहत को नुकसान हो सकते हैं-
1 - लिजर्ड योग करते वक्त गहरी लंबी सांसे लेते रहें।
2 - जबरदस्ती कूल्हों को आगे की तरफ ना खोलें वरना इससे मांसपेशियां क्षति ग्रस्त हो सकती हैं।
3 - यदि आपका शरीर पहले से ही लचीला है तो इस योग को करते वक्त सही चरणों का पालन करें।
4 - इस योग को करते वक्त खुद की तुलना दूसरों से ना करें। अपने शरीर पर केवल उतना ही दबाव डालें जितना आप सहन कर पा रहे हैं। ज्यादा दबाव डालने की कोशिश ना करें।
5 - ध्यान दें कि हर शरीर की संरचना और लचीलापन अलग होता है। ऐसे में लिजर्ड योग को करने से पहले एक बार एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।
नोट - ऊपर बताए गए बिंदुओं से पता चलता है कि लिजर्ड पोज के इस्तेमाल से पेट से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के अलावा सेहत की कई और समस्याओं को भी आसानी से दूर किया जा सकता है। लेकिन इसे करने के दौरान किसी भी तरह का दबाव महसूस हो या तो एक एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें। चूंकि ये कूल्हों की मांसपेशियो पर दबाव डालता है ऐसे में अगर इस योग को करते वक्त कूल्हों में दर्द महसूस हो तो एक बार एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें। योग के दौरान आप जितना पैर खोल पा रहे हैं केवल उतना ही खोलें ज्यादा पैरों पर जोर डालने से भी दिक्कत हो सकती है। अपने शरीर पर ज्यादा जोर ना डालें वरना ऐसा करने से नसों और मांसपेशियों पर नकारात्मक खिचाव पड़ सकता है। शुरुआत में लिजर्ड योग को करने में किसी भी प्रकार की दिक्कत महसूस हो तो सही गाइडेंस के लिए आप एक्सपर्ट की राय जरूर लें।
इस लेख में फोटोज़ Freepik से ली गई हैं।