यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (Urinary Tract Infection) एक आम समस्या है। हिंदी में इसे 'पेशाब की नली का संक्रमण' कह सकते हैं। इसे संक्षेप में यूटीआई (UTI) भी कहते हैं। यूटीआई वैसे तो किसी भी उम्र में हो सकता है और किसी को भी हो सकता है, लेकिन इसके मामले अधिकतर महिलाओं में देखे जाते हैं। इसका कारण यह है कि महिलाओं के वजाइना की बनावट ऐसी है, जिसमें बाहरी बैक्टीरिया आसानी से प्रवेश कर सकता है। ये बैक्टीरिया ही मूत्र नली में इंफेक्श का कारण बनते हैं। आपको शायद इस बात की जानकारी हो कि हम सभी की मूत्र नली किडनियों से जुड़ी होती है। इसलिए कई बार बैक्टीरिया मूत्रनली के रास्ते से किडनियों तक पहुंच जाते हैं और किडनी के इंफेक्शन का कारण बन सकते हैं।
सामान्य यूटीआई (UTI) को ज्यादा समय तक नजरअंदाज करने से ये किडनी इंफेक्शन में बदल सकता है। लेकिन दोनों तरह के इंफेक्शन के लक्षणों के बीच कुछ समानताएं हैं, जिसके कारण लोग यह समझ नहीं पाते हैं कि उनका यूटीआई कब किडनी के इंफेक्शन में बदल गया है। आइए इसे समझने की कोशिश करते हैं।
इसे भी पढ़ें : क्यों बढ़ जाती है गर्भावस्था में यूटीआई की आशंका? लक्षण और बचाव बता रही हैं एक्सपर्ट
यूटीआई के क्या लक्षण होते हैं?
यूटीआई यानी पेशाब की नली का इंफेक्शन होने पर निम्न लक्षण दिख सकते हैं।
- पेशाब करते समय दर्द महसूस होना
- पेशाब करते समय जलन महसूस होना
- यूरिन पास करने के दौरान पेशाब रुक-रुक कर आना
- पेशाब का रंग हल्का लाल या सफेद दिखना
- पेशाब से गंदी बदबू आना
जैसा कि आप देख पा रहे हैं कि यूटीआई के लक्षण इतने सामान्य हैं कि कुछ दिनों तक लोग इसे यूं ही नजरअंदाज कर सकते हैं। लेकिन ऐसा करना खतरनाक हो सकता है क्योंकि सही समय से इलाज न मिले तो बैक्टीरिया किडनी तक पहुंचकर किडनी को संक्रमित कर देते हैं। ऐसी स्थिति में निम्न लक्षण दिखते हैं।
टॉप स्टोरीज़
किडनी के इंफेक्शन के क्या लक्षण होते हैं?
किडनी हमारे शरीर का एक महत्वपूर्ण अंग है, जो खून को फिल्टर करता है और खून में घुली अशुद्धियों को पेशाब के रूप में शरीर से बाहर निकालता है। इसलिए किडनी में इंफेक्शन होने पर समस्याएं बढ़ सकती हैं। आमतौर पर किडनी का इंफेक्शन होने पर निम्न लक्षण दिख सकते हैं।
- यूटीआई की ही तरह पेशाब के दौरान जलन और दर्द की समस्या बनी रह सकती है।
- व्यक्ति को जी मिचलाने या उल्टी होने की समस्या भी हो सकती है।
- कई बार इस इंफेक्शन के कारण व्यक्ति को बुखार आने के साथ ठंड लगने के लक्षण भी महसूस होते हैं। (ये लक्षण बच्चों में ज्यादा देखने को मिलता है)
- और ऐसा भी हो सकता है कि व्यक्ति को ये सारे ही लक्षण न दिखें, बल्कि पेशाब के दौरान हल्का दर्द या जलन ही महसूस हो।
यूटीआई के लक्षण दिखने पर क्या करना चाहिए?
जैसा कि ऊपर बताया जा चुका है कि यूटीआई एक सामान्य इंफेक्शन है, जो मूत्रनली में बैक्टीरिया पहुंच जाने के कारण होता है। इसलिए जरूरी है कि व्यक्ति को जब भी यूटीआई के लक्षण महसूस हों, तो वो डॉक्टर के पास जाकर उनकी सलाह लें। यूटीआई को कुछ एंटीबायोटिक दवाओं के जरिए बहुत जल्दी खत्म किया जा सकता है। लेकिन बिना जानकारी एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन करना भी नुकसानदायक हो सकता है। इसलिए डॉक्टर के पास जाना जरूरी है।
इसे भी पढ़ें : जानें यूरीन इंफेक्शन में कैसे फायदेमंद है आंवले का रस
कई बार यूटीआई या किडनी के इंफेक्शन के जो लक्षण होते हैं, वही लक्षण कुछ अन्य गंभीर बीमारियों के भी हो सकते हैं। इसलिए भी आपके लिए डॉक्टर के पास जाकर इलाज कराना जरूरी है, ताकि सही कारण का पता चल सके और सही समय पर इलाज हो सके।
Read More Article On Other Health News In Hindi