जापान में महिलाओं ने हाई हील्स के खिलाफ अभियान, जानिए कैसे बचें इससे

इन दिनों जापान में कामकाजी महिलाओं द्वारा एक ऑनलाइन अभियान कुटू की शुरूआत की गई है। इस अभियान के तहत महिलाएं कार्यक्षेत्र में अनिवार्य हाई हील्स का विरोध कर रही है। उनका कहना है कि लगातार हाई हील्स पहनने के कारण उन्हें कई तरह की शारीरिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कुटू का जापानी भाषा में अर्थ जूता और दर्द है, इसलिए महिलाओं ने इस अभियान को भी कुटू नाम दिया है। हाई हील्स से होने वाले सेहत समस्याएं किसी से छिपी नहीं है। ऐसे में यह बेहद जरूरी है कि हाई हील्स पहनते समय कुछ सावधानियां बरती जाएं।
  • SHARE
  • FOLLOW
जापान में महिलाओं ने हाई हील्स के खिलाफ अभियान, जानिए कैसे बचें इससे


यह सच है कि आज के फैशन के दौर में महिलाओं के लिए हाई हील्स से पूरी तरह दूरी बना पाना संभव नहीं है। लेकिन इससे सेहत पर विपरीत असर पड़ता है। अगर लगातार इसे पहना जाए तो शरीर की आकृति बिगड़ जाती है। इससे नितंब बाहर की ओर निकल जाते हैं और कमर चौड़ी हो जाती है। इतना ही नहीं, इससे पैरों में दर्द, थकान, पैरों के सुन्न होने का खतरा, टांगों की मांसपेशियां फूलना, ऑस्टियोअर्थराइटिस का खतरा, कमर के निचले हिस्से में दर्द, कूल्हे पर अतिरिक्त दबाव के कारण हड्डियों से जुड़ी परेशानियां, फ्लैट फुट की समस्या जैसे कई हेल्थ समस्याएं हो सकती हैं। लेकिन अगर आप इन समस्याओं से बचना चाहती हैं तो हाई हील्स पहनते समय कुछ बातों का विशेष ध्यान रखें। तो चलिए जानते हैं इसके बारे में-

समझदारी से करें चयन

सरोज सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के ज्वाइंट रिप्लेसमेंट व आर्थोस्कोपी डिपार्टमेंट के एचओडी डॉ अनुज मल्होत्रा कहते हैं कि हाई हील्स खुद में एक समस्या है। इसलिए जहां तक संभव हो, इससे बचने की कोशिश करें। अगर आप इसे कुछ देर के लिए भी पहनती हैं तो इससे सेहत को होने वाले नुकसान से पूरी तरह नहीं बचा जा सकता। लेकिन अगर आप हाई हील्स का चयन सोच-समझकर करती है तो इससे खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। सबसे पहले तो आप पतली हील्स की बजाय मोटी हील्स का चयन करें। यह पैरों को अधिक सपोर्ट देती है। कोशिश करें कि आप प्लेटफार्म हील्स लें। इससे पूरे पैर पर शरीर का भार एकसमान रहता है। साथ ही इससे गिरने का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है। कई बार गिरना सेहत को काफी भारी पड़ जाता है, इसलिए गिरने से बचाव करना बेहद जरूरी है।

इसे भी पढ़ें:- हाई हील्स, गलत बॉडी पॉश्चर जैसी ये 5 आदतें आपके घुटनों के लिए हैं खतरनाक

आजकल मार्केट में मिलने वाली हाईहील्स फुटवियर देखने में तो काफी फैंसी होती हैं, लेकिन उनके सोल काफी हार्ड होते हैं। इसे पहनने पर एड़ी में दर्द की समस्या शुरू हो जाती है, इसलिए ऐसे फुटवियर का चयन न करें। हमेशा ऐसे फुटवियर खरीदें, जो बेहद सपोर्टिव व कंफर्टेबल हो और उसके सोल भी बेहद साफट हों। वैसे एड़ी के दर्द को कम करने के लिए आप अपने फुटवियर पर अलग से सिलिकॉन सोल का भी इस्तेमाल कर सकती हैं। साथ ही अगर आप हाई हील्स पहन रही हैं तो यह अवश्य सुनिश्चित करें कि वह आपके एंकल व टॉप को पूरी तरह कवर करे। ऐेसे फुटवियर एंकल को सपोर्ट करते हैं, जिससे एड़ी में दर्द व गिरने की संभावना काफी हद तक कम हो जाती है।

आपका फुटवियर ऐसा होना चाहिए, जो न तो लूज हो और न ही बेहद टाइट। हमेशा फिटिंग वाला ही फुटवियर चुनें। इससे पैर स्लिप नहीं होगा और आप गिरेंगी नहीं।

जरूरी है ब्रेक

डॉ. अनुज कहते हैं कि जिस तरह बेहतर स्वास्थ्य के लिए लंबे तक एक ही जगह बैठने या देर तक एक ही जगह खडे़ रहने के लिए मना किया जाता है, ठीक उसी तरह लंबे समय तक हाई हील्स को पहनना भी कई तरह की समस्याएं पैदा करता है। इसलिए कोशिश करें कि आप कम से कम समय के लिए ही इसे पहनें। वहीं अगर आप ऐसी जगह जा रही हैं, जहां पर देर तक आपको हाई हील्स पहननी है तो बीच-बीच में ब्रेक अवश्य दें। मसलन, अगर आप पार्टी में हाई हील्स पहनकर जा रही हैं तो कार में हील्स उतारकर बैठें। इसी तरह, पार्टी में जब आप चेयर पर बैठी हो तो सीट के नीचे दो-तीन मिनट के लिए हील्स उतार दें।

इसे भी पढ़ें:- किट से प्रेग्नेंसी चेक करते समय रखें ये 5 सावधानियां, मिलेगा सही रिजल्ट

इसका भी रखें ध्यान

अगर आपको हाई हील्स पहनने का शौक है तो सबसे पहले अपने वजन की तरफ ध्यान दें। आपका वजन जितना अधिक होगा, हाई हील्स पहनने के बाद पैरों व एड़ियों में दर्द व गिरने के चांसेज उतने ही अधिक होंगे। वजन कम करने के लिए आप अपने आहार व व्यायाम पर पूरा ध्यान दें।

जिन महिलाओं को लगातार हाई हील्स पहनना पड़ता है, वह कमर दर्द को कम करने के लिए रीढ़ की हड्डी से जुड़ी कुछ एक्सरसाइज नियमित रूप से करें।

ऐसे अन्य स्टोरीज के लिए डाउनलोड करें: ओनलीमायहेल्थ ऐप

Read More Articles On Women's Health In Hindi

Read Next

महिलाओं में इन 2 कारणों से होता है ऑस्टियोपोरोसिस, जानें बचाव का तरीका

Disclaimer